भारतीय जनता पार्टी द्वारा जारी प्रेस वक्तव्य


20-10-2016
Press Release

भारतीय जनता पार्टी द्वारा जारी प्रेस वक्तव्य

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष, श्री अमित शाह की उपस्थिति में उत्तर प्रदेश कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष, वर्तमान में लखनऊ कैंट की विधायक एवं वरिष्ठ राजनेता श्रीमती रीता बहुगुणा जोशी ने आज भाजपा केंद्रीय कार्यालय में भारतीय जनता पार्टी की सदस्यता ग्रहण की।

भारतीय जनता पार्टी द्वारा जारी प्रेस वक्तव्य

श्रीमती रीता बहुगुणा जोशी इलाहाबाद विश्वविद्यालय में इतिहास की प्रोफ़ेसर रह चुकी हैं। वह 1995-2000 तक इलाहाबाद की मेयर भी रह चुकी हैं। श्रीमती जोशी 2003 से सितंबर 2007 तक ऑल इंडिया महिला कांग्रेस की अध्यक्ष और 2007 से 2012 तक उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी की अध्यक्ष रह चुकी हैं। वह राष्ट्रीय महिला परिषद की पूर्व उपाध्यक्ष भी रह चुकी हैं। दक्षिण एशिया में सबसे प्रतिष्ठित महिलाओं का यूनाइटेड नेशंस अवार्ड भी उन्हें मिल चुका है। उन्होंने 2012 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में लखनऊ कैंट विधानसभा क्षेत्र से जीत हासिल की थी।

भारतीय जनता पार्टी द्वारा जारी प्रेस वक्तव्य

इस अवसर पर भाजपा के केंद्रीय कार्यालय में आयोजित एक प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए श्रीमती जोशी ने कहा कि उन्होंने भारतीय जनता पार्टी में शामिल होने का फैसला राष्ट्रहित और प्रदेश हित में काफी सोच समझकर लिया है। उन्होंने कहा कि कई दशकों से भारत आतंकवाद से संघर्ष कर रहा है, ऐसे में मोदी सरकार ने बहुत सराहनीय काम किया और पूरे राष्ट्र की तरह मैं भी बहुत खुश हुई। उन्होंने कहा कि 28 साल की राजनीति में से 24 साल मैं कांग्रेस में रही लेकिन पिछले दिनों की कुछ घटनाओं से मैं आहत थी। कांग्रेस पर बड़ा हमला करते हुए उन्होंने कहा कि कुछ दलों के पीछे चलकर कांग्रेस पार्टी ने भी सेना की वीरता और पराक्रम को सैल्यूट देने के बजाय उनके शौर्य का प्रमाण मांगा, खून की दलाली की बात कही गई। उन्होंने कहा कि इससे मैं बहुत दुखी हुई, हमने इससे दूसरों को यह मौका दिया कहने का कि भारत की राष्ट्रीय पार्टी ही साथ नहीं है। उन्होंने कहा कि उन्होंने अपनी निराशा ट्वीट कर जाहिर भी की थी कि राष्ट्रीय हित में मतभेद रखना ठीक नहीं।

उत्तर प्रदेश की वर्तमान स्थिति पर बोलते हुए श्रीमती जोशी ने कहा कि प्रदेश स्तर पर सपा और बसपा ने लूट मचाई है, हर तरफ गरीबी है, स्वास्थ्य सेवाएं बेहाल हैं, माफिया और खनन माफिया सक्रिय हैं, कानून व्यवस्था बहुत खराब है, जातिवाद का जहर उत्तर प्रदेश में घोल दिया गया है। उन्होंने कहा कि 2014 के लोक सभा चुनावों में भारतीय जनता पार्टी ने जातिवाद को तोड़ा, लेकिन कांग्रेस पार्टी सक्रिय नहीं हुई। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी का पूरा ठेका एक व्यक्ति विशेष पोल मैनेजर को दे दिया गया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस में अब पोल मैनेजर ही तय करता है कि कौन नेता कहां जाएगा और क्या बोलेगा। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं की बात ही नहीं सुनी जा रही है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी के नेतृत्त्व को प्रदेश की जनता और देश की जनता, दोनों पहले ही नकार चुकी है, अब कांग्रेस पार्टी में राहुल का नेतृत्व किसी को मंजूर नहीं है।

भारतीय जनता पार्टी द्वारा जारी प्रेस वक्तव्य

भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री अमित शाह को धन्यवाद देते हुए उन्होंने कहा कि मैं पहली बार कुछ दिन पहले ही इनसे मिली तो मैंने पाया कि ये सच में देश की तरक्की करना चाहते हैं, ये बहुत खुले दिल के हैं। उन्होंने कहा कि देश के लोगों का विश्वास प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी में बना हुआ है और उनसे उन्हें काफी उम्मीदें हैं। उन्होंने कहा कि वह प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के 'सबका साथ, सबका विकास' में यकीन रखती हैं और पार्टी मुझे जो भी काम सौंपेगी, मैं उसे ईमानदारी से पूरा करुंगी।

(महेंद्र पांडेय)
कार्यालय सचिव

 

To Write Comment Please Login