भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री अमित शाह द्वारा स्वप्ननगरी, कोझिकोड (केरल) में आयोजित भाजपा की राष्ट्रीय परिषद् में दिए गए उदघाटन भाषण के मुख्य बिंदु


25-09-2016
Press Release

 

भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री अमित शाह द्वारा स्वप्ननगरी, कोझिकोड (केरल) में आयोजित भाजपा की राष्ट्रीय परिषद् में दिए गए उदघाटन भाषण के मुख्य बिंदु

भारतीय जनता पार्टी आज पंडित दीन दयाल उपाध्याय जी की जन्मशती को गरीब-कल्याण वर्ष के रूप में मनाने का संकल्प करती है: अमित शाह
***********
पंडित दीन दयाल शताब्दी वर्ष में हम यह सुनिश्चित करें कि हर गरीब को विकास के रास्ते पर जीवन जीने का समान अधिकार मिले, देश में कोई भूखा न हो, यही दीन दयाल उपाध्याय जी को सच्ची श्रद्धांजलि होगी: अमित शाह
***********
अंत्योदय और एकात्म मानववाद की पंडित दीन दयाल उपाध्याय जी की परिकल्पना आनेवाले कई दशकों तक न केवल भारत बल्कि पूरे विश्व का मार्गदर्शन करती रहेगी: अमित शाह
***********
भारतीय जनता पार्टी की केंद्र सरकार और भाजपा की सभी राज्य सरकारें पंडित जी की अंत्योदय की परिकल्पना को साकार करने और हर गरीब के जीवन को विकास-पथ पर अग्रसर करने के लिए निरंतर प्रयासरत हैं: अमित शाह
***********
जम्मू-कश्मीर भारत का अटूट हिस्सा है और इसे कोई भी भारत से अलग नहीं कर सकता। हम शान्ति के लिए हर किसी से चर्चा कर सकते हैं लेकिन यह चर्चा उनसे होगी जो भारत के संविधान में विश्वास रखते हैं: अमित शाह
***********
भारतीय जनता पार्टी उरी में पाकिस्तान द्वारा प्रायोजित कायराना हमले की कड़ी निंदा करती है, दुःख की इस घड़ी में भारतीय जनता पार्टी और पार्टी का हर कार्यकर्ता पूरी संवेदना के साथ देश के जवानों और वीर शहीदों के परिवारों के साथ खड़ा है: अमित शाह
***********
शुरुआत से ही भारतीय जनता पार्टी और भाजपा सरकारों की आतंकवाद के प्रति ‘जीरो टॉलरेंस’ की नीति रही है: अमित शाह
***********
हम आतंकवाद के हर मोर्चे पर निरंतर निर्णायक लड़ाई लड़ते रहेंगें, इसमें कोई दो राय नहीं होनी चाहिए। उरी परिणाम नहीं पड़ाव है, आतंकवाद के खिलाफ हमारी निर्णायक लड़ाई जारी है और इसमें अंतिम विजय भारत की ही होगी: अमित शाह
***********
हमने राजनीति में पॉलिटिक्स ऑफ़ परफॉरमेंस को बढ़ावा दिया है और हमारी सभी राज्य सरकारें भी पॉलिटिक्स ऑफ़ परफॉरमेंस के आधार पर ही बार-बार चुनकर सत्ता में आती है: अमित शाह
***********
भारतीय जनता पार्टी ने देश को प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्त्व में एक भ्रष्टाचार मुक्त, पूर्णतः पारदर्शी और निर्णायक सरकार देने का काम किया है: अमित शाह
***********
यूपी की स्थिति चिंताजनक है। राज्य में किसी की भी भूमि महफूज नहीं है, भ्रष्टाचार की सभी सीमाएं पार कर गयी है, महिलाओं का उत्पीड़न और उनका अपमान लगातार यूपी में हो रहा है: अमित शाह 
***********
उत्तर प्रदेश और मणिपुर के साथ-साथ गोवा, उत्तराखंड और पंजाब में भी भारतीय जनता पार्टी सरकार बनाने के लिए मैदान में तैयार है: अमित शाह 
***********

भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री अमित शाह ने आज, रविवार को कोझिकोड (केरल) के स्वप्न नगरी में आयोजित पंडित दीन दयाल उपाध्याय जी को समर्पित भाजपा की राष्ट्रीय परिषद् की बैठक को संबोधित किया और पार्टी कार्यकर्ताओं से पंडित दीन दयाल उपाध्याय जी की जन्मशती को ‘गरीब-कल्याण वर्ष’ के रूप में मनाने का आह्वान किया।

भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि कालीकट का यह अधिवेशन भारतीय जनता पार्टी के हर कार्यकर्ता एवं पार्टी की विचारधारा और सिद्धांतों पर चलने वाले हर व्यक्ति के लिए ऐतिहासिक है। उन्होंने कहा कि भगवान परशुराम की यह धरती कालीकट हमारे लिए तीर्थ के समान है क्योंकि पूरे देश के राजनीतिक परिदृश्य की दशा और दिशा को बदल कर रख देने वाली अंत्योदय के सिद्धांत के प्रवर्तक और भारतीय जनता पार्टी की विचारधारा को मूर्त्त रूप देने वाले युगद्रष्टा पंडित दीन दयाल उपाध्याय जी की 1967 में यहीं से जनसंघ के अध्यक्ष के रूप में यात्रा की शुरुआत हुई थी। उन्होंने कहा कि केवल 11 सदस्यों से जनसंघ के रूप में शुरू हुई भारतीय जनता पार्टी आज 11 करोड़ से अधिक सदस्यों के साथ विश्व की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी है। उन्होंने कहा कि विपक्ष से सत्ता के केंद्र तक की यात्रा, जनसंघ से भाजपा की यात्रा और कालीकट से कोझिकोड की यात्रा दधीचि की तरह अपने जीवन का क्षण-क्षण और शरीर का कण-कण पार्टी के लिए पूर्ण रूप से समर्पित कर देने वाले हजारों तपस्वियों और बलिदानियों के त्याग की साक्षी है और उन मनीषियों के त्याग और बलिदान के परिणामस्वरूप ही भारतीय जनता पार्टी आज परम वैभव के शिखर पर विद्यमान है। उन्होंने कहा कि आज भाजपा के लगभग 325 से अधिक सांसद हैं, 1000 से अधिक विधायक हैं, लगभग 13 राज्यों में भाजपा एवं भाजपा के सहयोगियों की सरकारें हैं और केंद्र में प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्त्व में भारतीय जनता पार्टी की गरीब-कल्याण सरकार है।

सादगी, सरलता, विद्वता एवं विनम्रता के प्रतीक युगद्रष्टा पंडित दीन दयाल उपाध्याय जी के जीवन पर प्रकाश डालते हुए श्री शाह ने कहा कि पंडित दीन दयाल जी एक अद्भुत व्यक्तित्त्व थे, वे पार्टी के कार्यकर्ता पहले थे, नेता बाद में थे। उन्होंने कहा कि अंत्योदय और एकात्म मानववाद की उनकी परिकल्पना आनेवाले कई दशकों तक न केवल भारत बल्कि पूरे विश्व का मार्गदर्शन करती रहेगी। उन्होंने कहा कि एकात्म मानववाद का चिंतन और उसकी शाश्वतता मानव और प्रकृति, भौतिकता और मानवता एवं सामाजिक समरसता की एकात्मकता का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की केंद्र सरकार और भाजपा की सभी राज्य सरकारें पंडित जी की अंत्योदय की परिकल्पना को साकार करने के लिए और हर गरीब के जीवन को विकास-पथ पर अग्रसर करने के लिए निरंतर प्रयासरत हैं। उन्होंने कहा कि ‘गरीब-कल्याण’ ही हमारी सभी सरकारों का लक्ष्य है और हम इसी के आधार पर काम कर रहे हैं।

भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी आज पंडित दीन दयाल उपाध्याय जी की जन्मशती को गरीब-कल्याण वर्ष के रूप में मनाने का संकल्प करती है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जन-जन की आकांक्षाओं के जनक बने, उन्होंने यह दिखाया है कि एक गरीब-कल्याण सरकार कैसे बनायी जाती है और वह गरीबों की भलाई के लिए किस तरह कार्य करती है। उन्होंने कहा कि पिछले ढ़ाई वर्षों के शासनकाल में केंद्र की मोदी सरकार पर विरोधी भी भ्रष्टाचार का कोई आरोप नहीं लगा सकते। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी ने देश को प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्त्व में एक भ्रष्टाचार मुक्त, पूर्णतः पारदर्शी और निर्णायक सरकार देने का काम किया है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने संसद भवन में अपने पहले ही भाषण में यह साफ़ कर दिया था कि केंद्र की भाजपा सरकार गरीबों, दलितों, पिछड़ों और वंचितों की सरकार होगी। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार ने पिछले ढ़ाई वर्षों में गरीब-कल्याण के अपने लक्ष्य को पूरा करने के लिए परिश्रम की पराकाष्ठा की है और गरीब-कल्याण की अभिनव योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का काम किया है। उन्होंने कहा कि देश से बेरोजगारी को ख़त्म करने एवं युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए स्टार्ट-अप, स्टैंड-अप, स्किल इंडिया और मुद्रा योजनाओं की शुरुआत की गई है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मुद्रा योजना से अब तक लगभग 3 करोड़ 84 लाख से अधिक युवा लाभान्वित हो चुके हैं। उन्होंने कहा कि विभिन्न बीमा योजनाओं के माध्यम से देश के गरीब से गरीब व्यक्ति को सामाजिक सुरक्षा कवच दिया गया है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री फसल बीमा, सिंचाई योजना, स्वायल हेल्थ कार्ड, नीम कोटेड यूरिया, फसल नुकसान की भरपाई के मापदंडों में बदलाव, क्षतिपूर्ति की राशि में बढ़ोत्तरी, ई-मंडी आदि योजनाओं के माध्यम से देश के किसानों को खुशहाल बनाने का काम मोदी सरकार ने किया है। उन्होंने कहा कि शहर के साथ-साथ गाँवों के विकास पर प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्त्व में केंद्र की भाजपा सरकार ने खासा ध्यान दिया है। उन्होंने कहा कि हर गाँव में पक्की सड़कें, विद्युतीकरण और शुद्ध पीने के पानी की व्यवस्था की गई है। प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना का उदाहरण देते हुए उन्होंने कहा कि ‘पहल’ के माध्यम से जरूरतमंदों की सब्सिडी को भ्रष्टाचार से मुक्त कर लगभग 14900 करोड़ रुपये की राशि की बचत की गई। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री जी के ‘गिव इट अप’ के एक आह्वान से लगभग एक करोड़ से अधिक लोगों ने अपनी गैस सब्सिडी छोड़ी और इन सबसे बचाए गए पैसे को देश के खजाने में जमा करने के बजाय मोदी सरकार ने इससे देश के गरीब परिवारों को फ्री गैस कनेक्शन देने का काम किया। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार ने देश के लगभग पांच करोड़ गरीब परिवारों को मुफ्त गैस कनेक्शन देने का काम किया है।

श्री शाह ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्त्व में केंद्र की भाजपा साकार ने औसतन हर 15 दिन में देश के विकास और गरीबों की कल्याण के लिए एक योजना की शुरुआत की है। उन्होंने कहा कि हमने राजनीति में पॉलिटिक्स ऑफ़ परफॉरमेंस को बढ़ावा दिया है और हमारी सभी राज्य सरकारें भी पॉलिटिक्स ऑफ़ परफॉरमेंस के आधार पर ही बार-बार चुनकर सत्ता में आती है। उन्होंने कहा कि विश्व-पटल पर भारत आज विकास की नई गाथा लिख रहा है, आज भारत विश्व की सबसे तेज गति से विकास करने वाली अर्थव्यवस्था है।

भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि भाजपा की सभी राज्य सरकारें काफी अच्छा काम कर रही है। असम की चर्चा करते हुए उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की असम सरकार ने राज्य से घुसपैठियों को बाहर खदेड़ने का काम किया है। उन्होंने कहा कि जब असम में तीन दिनों तक स्वतंत्रता दिवस मनाया जाता है, जब राज्य का मुख्यमंत्री खुद सीमा की निगरानी करता है तो भाजपा अध्यक्ष के रूप में मेरा सीना गर्व से चौड़ा हो जाता है।

श्री शाह ने कहा कि पार्टी, संगठन और विचारधारा को आगे बढ़ाने के लिए भारतीय जनता पार्टी ने कई विभागों और प्रकल्पों को अपने हाथ में लिया है। उन्होंने कहा कि तिरंगा यात्रा के द्वारा देश के वीर शहीदों की याद में उनके व्यक्तित्त्व और कृतित्त्व को पुनर्जीवित करके देश भर में जो जनजागृति का अभियान चलाया गया, मैं उसके लिए भाजपा के सभी कार्यकर्ताओं का अभिनंदन करता हूँ।

जम्मू-कश्मीर पर भारतीय जनता पार्टी का संकल्प दुहराते हुए भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि जम्मू-कश्मीर भारत का अटूट हिस्सा है और इसे कोई भी भारत से अलग नहीं कर सकता। उन्होंने कहा कि हम शान्ति के लिए हर किसी से चर्चा कर सकते हैं लेकिन यह चर्चा उनसे होगी जो भारत के संविधान में विश्वास रखते हैं। उन्होंने कहा कि शांति वार्ता उन लोगों से कभी नहीं हो सकती जो देश के संविधान को नहीं मानते हैं।

उरी पर पाकिस्तान प्रायोजित हमले की चर्चा करते हुए श्री शाह ने कहा कि इस कायराना आतंकवादी हमले में हमारे 18 जांबाज वीरगति को प्राप्त हुए। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी उरी हमले की कड़ी निंदा करती है। उन्होंने कहा कि दुःख की इस घड़ी में भारतीय जनता पार्टी और पार्टी का हर कार्यकर्ता पूरी संवेदना के साथ देश के जवानों और वीर शहीदों के परिवारों के साथ खड़ा है। उन्होंने कहा कि शुरुआत से ही भारतीय जनता पार्टी और भाजपा की सरकारों की आतंकवाद के प्रति ‘जीरो टॉलरेंस’ की नीति रही है। उन्होंने कहा कि हम आतंकवाद के हर मोर्चे पर निरंतर निर्णायक लड़ाई लड़ते रहेंगें-इसमें कोई दो राय नहीं होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि लगभग एक वर्ष के भीतर हमने देश के सम्मान को ठेस पहुंचाने वाले 17 आतंकवादी षड्यंत्रों को विफल किया है। उन्होंने इस बात पर जोर देते हुए कहा कि उरी परिणाम नहीं पड़ाव है, आतंकवाद के खिलाफ हमारी निर्णायक लड़ाई जारी है और इसमें अंतिम विजय भारत की ही होगी। बाद में भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री अमित शाह ने उरी हमले को लेकर अलग से एक वक्तव्य जारी किया।

उत्तर-पूर्व के राज्यों की चर्चा करते हुए भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी नार्थ-ईस्ट के राज्यों के विकास के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि नेडा के माध्यम से इन राज्यों के विकास के लिए भाजपा ने एक परिषद् का गठन किया है। उन्होंने कहा कि आनेवाले विधान सभा चुनावों में मणिपुर में भी हमारी सरकार निश्चित रूप से बनेगी।

उत्तर प्रदेश की बदहाल क़ानून व्यवस्था का जिक्र करते हुए श्री शाह ने कहा कि यूपी की स्थिति चिंताजनक है। उन्होंने कहा कि राज्य में किसी की भी भूमि महफूज नहीं है। उन्होंने कहा कि यूपी में भ्रष्टाचार की सभी सीमाएं पार कर गयी है। उन्होंने कहा कि महिलाओं का उत्पीड़न और उनका अपमान लगातार यूपी में हो रहा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्त्व में केंद्र की गरीबों के प्रति समर्पित भाजपा सरकार का श्रेय निस्संदेह उत्तर प्रदेश को जाता है।

पांच राज्यों में आने वाले विधान सभा चुनावों की चर्चा करते हुए भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि उत्तर प्रदेश और मणिपुर के साथ-साथ गोवा, उत्तराखंड और पंजाब में भी भारतीय जनता पार्टी सरकार बनाने के लिए मैदान में तैयार है।

2017 को भाजपा के लिए महत्त्वपूर्ण बताते हुए श्री शाह ने कहा कि यह वर्ष पंडित दीन दयाल उपाध्याय, बाला साहब देवरस और नानाजी देशमुख का जन्मशती वर्ष है, साथ ही, गुरु गोविन्द सिंह जी की जयन्ती भी इस वर्ष मनाई जायेगी। उन्होंने कहा कि आज 25 सितम्बर को हम यह तय करें कि भारतीय जनता पार्टी के सभी कार्यकर्ता गरीबों की भलाई, देश के विकास और देश की सुरक्षा के लिए एक-न-एक संकल्प जरूर लेगा। उन्होंने कहा कि यदि हर एक कार्यकर्ता एक संकल्प लेता है तो 11 करोड़ संकल्पों का समूह निश्चित रूप से भारत माता को विश्व-गुरु के रूप में प्रतिष्ठित करने सफल होगा, ऐसा मेरा विश्वास है। उन्होंने कहा कि इस वर्ष हम यह सुनिश्चित करें कि हर गरीब को विकास के रास्ते पर जीवन जीने का समान अधिकार मिले, देश में कोई भूखा न हो तो पंडित दीन दयाल उपाध्याय जी को इससे बड़ी श्रद्धांजलि कुछ और नहीं हो सकती। उन्होंने कहा कि देश का एजेंडा सेट करने का सामर्थ्य यदि किसी एक पार्टी में है, तो वह भारतीय जनता पार्टी में है और इसका दायित्त्व भाजपा के करोड़ों कार्यकर्ताओं पर है।

(महेंद्र पांडेय)
कार्यालय सचिव

To Write Comment Please Login