भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री अमित शाह द्वारा बसंतपुर, धौली (ओडिशा) में बूथ कार्यकर्ता सम्मेलन में दिए गए उद्बोधन के मुख्य बिंदु


06-07-2017
Press Release

भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री अमित शाह द्वारा बसंतपुर, धौली (ओडिशा) में बूथ कार्यकर्ता सम्मेलन में दिए गए उद्बोधन के मुख्य बिंदु

राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री अमित शाह ने कल्पना स्क्वायर से बसंतपुर तक एक भव्य रोड शो किया, इस दौरान सड़क के दोनों ओर खड़ी जनता की अपार भीड़ ने फूल बरसाकर उनका भव्य स्वागत किया
**********
भारतीय जनता पार्टी ओडिशा में केवल सत्ता परिवर्तन ही नहीं, बल्कि राज्य को देश का सर्वोत्तम प्रदेश बनाने के लिए कटिबद्ध है। भाजपा 2019 में विधानसभा चुनाव में 120 सीटें जीतकर ओडिशा में दो तिहाई बहुमत के साथ सरकार बनायेगी
**********
तीन साल में विभिन्न योजनाओं में ओडिशा को प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार ने लगभग चार लाख करोड़ रुपये की राशि उपलब्ध कराई है लेकिन राज्य सरकार की नाकामी की वजह से ओडिशा आज भी पिछड़ा हुआ है
**********
ओडिशा में 2019 में होने वाले ओडिशा विधानसभा चुनाव में जनता राज्य से बीजू जनता दल की सरकार को उखाड़ कर फेंक देने वाली है और यहाँ दो तिहाई बहुमत से भारतीय जनता पार्टी की सरकार बननेवाली है। ओडिशा का विकास तब तक नहीं हो सकता जब तक यहाँ पर भारतीय जनता पार्टी की सरकार नहीं बन जाती
**********
मैं तीन दिन से ओडिशा के गाँव-गाँव, गली-गली में घूम रहा हूँ, मैंने ओडिशा की जनता के अंतर्मन को देखा है, भाजपा के प्रति उनके प्यार को पहचाना है और उनकी अपेक्षाओं को भी जाना है। मैं पूरे विश्वास के साथ कह सकता हूँ कि ओडिशा की जनता प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के साथ है
**********
पंडित दीनदयाल उपाध्याय जी की जन्मशती वर्ष में देश भर में पार्टी के चार लाख से ज्यादा कार्यकर्ता विस्तारक के रूप में गाँव-गाँव, गली-गली, बूथ-बूथ संगठन की मजबूती और विचारधारा के प्रचार-प्रसार के लिए निरंतर काम कर रहे हैं।
**********
मैं भी बसंतपुर गाँव में एक विस्तारक के रूप में आया हूँ, मैंने भी यहाँ गाँव के गरीब से गरीब के घरों में जाकर भारतीय जनता पार्टी के लिए जनसंपर्क करने का काम किया है
**********

भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री अमित शाह ने आज ओडिशा के अपने तीन दिवसीय बूथ प्रवास कार्यक्रम के तीसरे और अंतिम दिन एकमारा विधानसभा के बसंतपुर, धौली में घर-घर जाकर जनसंपर्क किया और लोगों को भाजपा से जुड़ने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने घरों में स्टिकर चिपकाए और प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र की भारतीय जनता पार्टी सरकार की तीन वर्ष की उपलब्धियों को जनता के साथ साझा किया। जनसंपर्क करने के बाद श्री शाह ने बसंतपुर गाँव में बूथ कार्यकर्ताओं को संबोधित किया और कार्यकर्ताओं से 2019 में दो तिहाई बहुमत से ओडिशा में भारतीय जनता पार्टी की सरकार बनाने का आह्वान किया। श्री शाह ने बसंतपुर गाँव के श्री हरिहर साहू के घर पर थोड़ा समय बिताया और ओडिशा का पारंपरिक नाश्ता “मूढ़ी” भी खाया। श्री शाह के इस बूथ विस्तारक प्रवास में उनके साथ केन्द्रीय पेट्रोलियम मंत्री श्री धर्मेन्द्र प्रधान, भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री एं प्रदेश प्रभारी श्री अरुण सिंह और प्रदेश भाजपा अध्यक्ष श्री बसंत पांडा भी मौजूद थे। बसंतपुर पहुँचने पर श्री शाह का स्वागत हज़ारों की संख्या में ग्रामवासियों ने फूल, मालाओं और नारों से किया। इस अवसर पर बसंतपुर गाँव ने हर घर को कमल की रंगोली से सजाकर भारतीय जनता पार्टी के प्रति अपने प्यार और समर्थन को प्रदर्शित किया।

इसके पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री अमित शाह ने कल्पना स्क्वायर से बसंतपुर तक एक भव्य रोड शो किया, इस दौरान सड़क के दोनों ओर खड़ी जनता की अपार भीड़ ने फूल बरसाकर उनका भव्य स्वागत किया। तत्पश्चात् उन्होंने होटल पाल हाइट्स मंत्रा, भुबनेश्वर में जिला परिषद्, ब्लॉक प्रमुखों एवं उप-प्रमुखों के पंचायत सम्मेलन को संबोधित किया। इसके बाद श्री शाह ने ओडिशा में पंडित दीनदयाल उपाध्याय जन्मशती कार्य विस्तारक योजना के तहत चल रहे कार्यक्रमों की समीक्षा बैठक भी की। उन्होंने होटल पाल हाइट्स मंत्रा, भुबनेश्वर में ही प्रदेश भाजपा पदाधिकारियों, जिला प्रभारियों, जिला अध्यक्षों और राज्य कार्यकारिणी के सदस्यों के साथ भी एक बैठक की और विभिन्न मुद्दों पर विचार-विमर्श किया। विदित हो कि श्री शाह अपने 110 दिनों के देशव्यापी विस्तृत एवं विस्तारक प्रवास के दौरान अभी ओडिशा में हैं जो कि सारे प्रदेशों के दौरे की कड़ी का 14वां प्रदेश है।

मेरा बूथ सबसे मजबूत कार्यक्रम के तहत बसंतपुर गाँव के बूथ संख्या 191 में बूथ कार्यकर्ताओं को अपने संक्षिप्त उद्बोधन में श्री शाह ने ओडिशा की स्वातंत्र्य लड़ाई के इतिहास में महत्वपूर्ण स्थान रखने वाली दया नदी को याद करके बसंतपुर के लोगों के हृदय को स्पर्श किया। सभा को संबोधित करते हुए श्री शाह ने कहा कि मैं यहाँ भारतीय जनता पार्टी के एक सामान्य कार्यकर्ता के रूप में संगठन के लिए काम करने आया हूँ। उन्होंने कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय जी के जन्मशती वर्ष में देश भर में पार्टी के चार लाख से ज्यादा कार्यकर्ता विस्तारक के रूप में गाँव-गाँव, गली-गली, बूथ-बूथ संगठन की मजबूती और विचारधारा के प्रचार-प्रसार के लिए निरंतर काम कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि मैं भी बसंतपुर गाँव में एक विस्तारक के रूप में आया हूँ, मैंने भी यहाँ गाँव के गरीब से गरीब घरों में जाकर भारतीय जनता पार्टी के लिए जनसंपर्क करने का काम किया है।

भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि ओडिशा की वर्तमान स्थिति को देखकर यह प्रतीत होता है कि ओडिशा विकास के दौर में काफी पिछड़ गया है, इसका एकमात्र कारण यहाँ बीजू जनता दल की सरकार है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार में ओडिशा की अनदेखी की जा रही थी जबकि केंद्र में मोदी सरकार आने के बाद ओडिशा के विकास के लिए पर्याप्त अनुदान की व्यवस्था की गई है लेकिन ओडिशा का विकास तब तक नहीं हो सकता जब तक यहाँ पर भारतीय जनता पार्टी की सरकार नहीं बन जाती। उन्होंने कहा कि तीन साल में विभिन्न योजनाओं में ओडिशा को प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र की भारतीय जनता पार्टी की सरकार ने लगभग चार लाख करोड़ रुपये की राशि उपलब्ध कराई गई है लेकिन राज्य सरकार के लचर प्रबंधन की वजह से ओडिशा आज भी पिछड़ा हुआ है।

उन्होंने कहा कि मैं तीन दिन से ओडिशा के गाँव-गाँव, गली-गली में घूम रहा हूँ, लगभग 400 किलोमीटर की यात्रा की है, मैंने ओडिशा की जनता के अंतर्मन को देखा है, भारतीय जनता पार्टी के प्रति ओडिशा की जनता के प्यार को पहचाना है और उनकी अपेक्षाओं को भी जाना है। उन्होंने कहा कि मैं पूरे विश्वास के साथ कह सकता हूँ कि ओडिशा की जनता प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के साथ है। उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं का आह्वान करते हुए कहा कि कार्यकर्ता परिश्रम की पराकाष्ठा करें और ओडिशा में भारतीय जनता पार्टी की सरकार बनाने के लिए काम करें। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी ओडिशा में केवल सत्ता परिवर्तन ही नहीं, बल्कि राज्य को देश का सर्वोत्तम प्रदेश बनाने के लिए कटिबद्ध है। उन्होंने कहा कि भाजपा 2019 में विधानसभा चुनाव में 120 सीटें जीतकर ओडिशा में दो तिहाई बहुमत के साथ सरकार बनायेगी।

श्री शाह ने कहा कि मैं इसी अंचल से ओडिशा भारतीय जनता पार्टी का सक्रिय सदस्य बना हूँ और मुझे मालूम है कि ओडिशा में 2019 में होने वाले ओडिशा विधानसभा चुनाव में जनता राज्य से बीजू जनता दल की सरकार को उखाड़ कर फेंक देने वाली है और यहाँ दो तिहाई बहुमत से भारतीय जनता पार्टी की सरकार बननेवाली है।

बसंतपुर गाँव की जनता को संबोधित करते हुए कहा कि मैं आप सभी को ओडिशा के विकास हेतु भारतीय जनता पार्टी के साथ जुड़ने के लिए करबद्ध निवेदन करने आया हूँ। उन्होंने अभूतपूर्व स्वागत के लिए गाँव की जनता का हृदय से कोटि-कोटि आभार व्यक्त किया।

(महेंद्र पांडेय)
कार्यालय सचिव

 

To Write Comment Please Login