भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री अमित शाह द्वारा समन्वय भवन, भोपाल (मध्य प्रदेश) में ‘नया भारत मंथन, संकल्प से सिद्धि' कार्यक्रम के तहत आयोजित प्रबुद्ध वर्ग सम्मेलन में दिए गए उद्बोधन के मुख्य बिंदु


18-08-2017
Press Release

70 साल तक कांग्रेस ने लोगों की भलाई के बदले सत्ता का उपभोग किया, शायद उन्हें पता ही नहीं था कि सत्ता गरीबों के कल्याण के लिए होती है। यदि कांग्रेस ने 70 सालों में देश के विकास व गरीबों के कल्याण के लिए कार्य किये होते तो हमें आज इन कार्यों को पूरा करने का पुण्य न मिलता **********
पिछले तीन साल में प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र की भारतीय जनता पार्टी सरकार ने देश के विकास एवं गरीबों के कल्याण के लिए कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए हैं। लोगों को अच्छे लगने वाले फैसले की जगह लोगों के लिए अच्छे फैसले लिए गए हैं **********
देश में जब भारतीय जनता पार्टी की सरकार आती है तो देश विकास के पथ पर तेज गति से आगे बढ़ता है और जब कांग्रेस की सरकार आती है तो विकास दर पीछे चला जाता है **********
शिवराज जी के मुख्यमंत्री बनने के बाद मध्य प्रदेश ने हर क्षेत्र में विकास के नए कीर्तिमान स्थापित किये हैं चाहे वह जल-स्तर को ऊपर उठाने की बात हो, सिंचित भूमि के रकबे को बढ़ाना हो या फिर कृषि विकास दर अथवा जीडीपी की बात हो **********
प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र की भाजपा सरकार और शिवराज सिंह जी के नेतृत्व में भाजपा की मध्य प्रदेश सरकार अहर्निश प्रदेश की जनता की भलाई के लिए काम कर रही है, आप सभी देश के पुनर्निर्माण की इस यात्रा में भागीदार बनें और भारत को विकास के पथ पर अग्रसर करें **********
मोदी सरकार ने शेयर इन सेन्ट्रल टैक्स के रूप में मध्य प्रदेश को 14वें वित्त आयोग में 2,99,389 करोड़ रुपये की राशि आवंटित की है जबकि कांग्रेस की सोनिया-मनमोहन सरकार ने 13वें वित्त आयोग में मध्य प्रदेश को केवल 1,01,485 करोड़ रुपये दिए थे **********
मोदी सरकार ने 14वें वित्त आयोग में कांग्रेस सरकार के 13वें वित्त आयोग की तुलना में अनुदान राशि के लिए 11,450 की जगह 22,369 करोड़, स्टेट डिजास्टर रेस्पॉस फंड के लिए 1,628 की जगह 3,635 करोड़ और लोकल बॉडीज ग्रांट के लिए 5,014 करोड़ की जगह 18,733 करोड़ रुपये की राशि आवंटित की है **********
शेयर इन सेन्ट्रल टैक्स, ग्रांट-इन ऐड, स्टेट डिजास्टर रेस्पॉस फंड और लोकल बॉडीज ग्रांट - केवल इन सेक्टरों में ही मोदी सरकार ने कांग्रेस की सोनिया-मनमोहन सरकार के 13वें वित्त आयोग की तुलना में लगभग दो लाख करोड़ रुपये अधिक दिया है **********
कई सरकारें 50 सालों में एक दो ऐतिहासिक काम करती है, मोदी सरकार ने तीन सालों में ऐसे 50 काम किये हैं जो ऐतिहासिक हैं **********
कांग्रेस का अगला अध्यक्ष कौन होगा, यह सब लोगों को पता है लेकिन भारतीय जनता पार्टी का अगला लक्ष्य कौन होगा, यह किसी को मालूम नहीं है, यही बताता है कि कांग्रेस में लोकतंत्र समाप्त हो चुका है और भाजपा में लोकतंत्र जीवित है **********
भारतीय जनता पार्टी में नेता अपनी निष्ठा, देश के लिए काम करने की लगन, परिश्रम, मेधा और परफॉरमेंस के आधार पर बनते हैं, यही कारण है कि यहाँ एक बूथ कार्यकर्ता भी पार्टी का अध्यक्ष बन सकता है और एक गरीब का बेटा व पार्टी का एक छोटा सा कार्यकर्ता भी देश का प्रधानमंत्री **********
1950 से 2017 की जन संघ से भारतीय जनता पार्टी की यात्रा अंत्योदय, एकात्म मानववाद और सांस्कृतिक राष्ट्रवाद की यात्रा रही है और यही हमारे मूल सिद्धांत हैं **********
भाजपा सरकारें सफल क्यों होती है, यह इसलिए सफल होती हैं क्योंकि भाजपा पंडित दीनदयाल उपाध्याय जी के अंत्योदय के सिद्धांत पर आगे चलती है, अंत्योदय से हमारा मतलब है - विकास की दौड़ में पीछे छूट गए समाज के अंतिम व्यक्ति को विकास की दौड़ में खड़े सबसे पहले व्यक्ति के बराबर लाना **********
भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री अमित शाह ने आज ‘नया भारत मंथन, संकल्प से सिद्धि’ कार्यक्रम के तहत समन्वय भवन, भोपाल में आयोजित प्रबुद्ध वर्ग सम्मेलन को संबोधित और भारतीय जनता पार्टी की विचारधारा, सिद्धांतों एवं कार्यपद्धति पर विस्तार से चर्चा की। विदित हो कि श्री शाह देश के सभी राज्यों में कुल 110 दिनों के अपने विस्तृत प्रवास कार्यक्रम के तहत तीन दिवसीय दौरे पर अभी मध्य प्रदेश में हैं। इससे पहले आज भोपाल पहुँचने पर राष्ट्रीय अध्यक्ष जी का भाजपा कार्यकर्ताओं एवं प्रदेश की जनता द्वारा भव्य स्वागत किया। उनके सम्मान में वीआईपी सर्किट हाउस से राष्ट्रीय अध्यक्ष जी के सम्मान में भव्य स्वागत रैली निकाली गई। इस के उपरांत श्री शाह ने पंडित दीनदयाल उपाध्याय एवं राजा भोज की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। तत्पश्चात् वे प्रदेश भाजपा कार्यालय पहुंचे जहां उन्होंने केन्द्रीय पदाधिकारियों, प्रदेश कोर ग्रुप के सदस्यों, प्रदेश पदाधिकारियों, प्रदेश प्रवक्ताओं, सांसदों, विधायकों, जिलाध्यक्षों, संभागीय संगठन मंत्रियों, प्रदेश मोर्चा अध्यक्षों, प्रकोष्ठ, विभाग एवं प्रकल्पों के प्रदेश संयोजकों एवं जिला प्रभारियों के साथ संयुक्त बैठक की। इसके पश्चात् उन्होंने प्रदेश भाजपा कार्यालय में ही प्रदेश पदाधिकारियों, जिला प्रभारियों, जिलाध्यक्षों, संभागीय संगठन मंत्रियों एवं कोर ग्रुप के सदस्यों के साथ बैठक की। उन्होंने भाजपा सांसदों, विधायकों एवं कोर ग्रुप के सदस्यों के साथ अलग से बैठक की और विभिन्न मुद्दों पर विचार-विमर्श किया। प्रबुद्ध वर्ग सम्मेलन को संबोधित करने से पूर्व श्री शाह ने वरिष्ठ पत्रकार उदय माहुरकर की पुस्तक ‘मार्चिंग विद ए बिलियन' का विमोचन किया।
भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि एक बहुदलीय लोकतांत्रिक संसदीय प्रणाली में किसी भी पार्टी का मूल्यांकन तीन मापदंडों के आधार पर किया जाना चाहिए - पार्टी का आंतरिक लोकतंत्र, पार्टी का सिद्धांत और सत्ता में आने पर सरकार की कार्यपद्धति। उन्होंने कहा कि अब समय आ गया है कि देश की जनता इन आधारभूत मापदंडों पर राजनीतिक पार्टियों का मूल्यांकन करे। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी सभी पार्टियों से अलग है क्योंकि आज देश में मौजूद लगभग 1650 छोटी-बड़ी पार्टियों में से केवल भारतीय जनता पार्टी ही एकमात्र ऐसी पार्टी है जिसके अंदर आतंरिक लोकतंत्र बचा हुआ है। उन्होंने जोर देते हुए कहा कि यदि पार्टी के अंदर ही लोकतंत्र नहीं है तो वह देश का भला नहीं कर सकती, देश के लोकतंत्र की रक्षा नहीं कर सकती। उन्होंने कहा कि देश की अधिकतर पार्टियों में सबको पता है कि उसका अगला अध्यक्ष कौन होगा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस का अगला अध्यक्ष कौन होगा, यह सब लोगों को पता है लेकिन भारतीय जनता पार्टी का अगला लक्ष्य कौन होगा, यह किसी को मालूम नहीं है, यही बताता है कि कांग्रेस में लोकतंत्र समाप्त हो चुका है और भाजपा में लोकतंत्र जीवित है। भाजपा में अध्यक्ष किसी परिवार में जन्म लेने के आधार पर नहीं, बल्कि अपने कृतित्व के आधार पर बनते हैं। भारतीय जनता पार्टी में नेता अपनी निष्ठा, देश के लिए काम करने की लगन, परिश्रम, मेधा और परफॉरमेंस के आधार पर बनते हैं, यही कारण है कि यहाँ एक बूथ कार्यकर्ता भी पार्टी का अध्यक्ष बन सकता है और एक गरीब का बेटा व पार्टी का एक छोटा सा कार्यकर्ता भी देश का प्रधानमंत्री।
श्री शाह ने कहा कि किसी भी दल का तुलनात्मक अध्ययन करने के लिए दूसरा सबसे महत्वपूर्ण मापदंड है - पार्टी का सिद्धांत। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी के सिद्धांत को समझने के लिए जन संघ की उत्पत्ति किन परिस्थितयों पर गौर करना पड़ेगा। उन्होंने कहा कि जन संघ की स्थापना उस वक्त हुई थी जब सत्ता प्राप्त का दूर-दूर तक कोई सवाल नहीं था। उन्होंने कहा कि भारतीय जन संघ की स्थापना ही सत्ता प्राप्त करने के लिए नहीं बल्कि सिद्धांतों के आधार पर देश को एक वैकल्पिक नीति देने के लिए हुई थी। भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि नेहरू जी के नेतृत्व में जब देश की विकास नीति, कृषि नीति, विदेश नीति, अर्थ नीति, रक्षा नीति और शिक्षा नीति का निर्माण हो रहा था तब डॉ श्यामा प्रसाद मुखर्जी सहित कई राष्ट्र मनीषियों को लगा कि नेहरू सरकार देश के लिए जो नीतियाँ बना रही है, उन नीतियों के रास्ते पर यदि यह देश चलता रहा तो पीछे मुड़ने का भी रास्ता नहीं मिलेगा, तब उन लोगों ने एक ऐसी वैकल्पिक नीति को राष्ट्र के सामने रखने का साहस किया जिसमें देश की मिट्टी की सुगंध हो, उससे पाश्चात्य विचारों की बू न आती हो और जो नीतियाँ देश को विकास के पथ पर गतिशील करने में सहायक हो। उन्होंने कहा कि 1950 से 2017 की जन संघ से भारतीय जनता पार्टी की यात्रा अंत्योदय, एकात्म मानववाद और सांस्कृतिक राष्ट्रवाद की यात्रा रही है और यही हमारे मूल सिद्धांत हैं।
भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि कांग्रेस और भारतीय जनता पार्टी के सिद्धांत में मूल अंतर यह था कि कांग्रेस देश की पुरातन विरासत और संस्कृति को ख़त्म कर देश का नवनिर्माण करना चाहती थी जबकि जन संघ देश की पुरातन विरासत और संस्कृति के आधार पर देश का पुनर्निर्माण करना चाहती थी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की कोई विचारधारा ही नहीं थी क्योंकि कांग्रेस की स्थापना देश की आजादी प्राप्त करने के लिए की गई थी, कांग्रेस आजादी प्राप्त करने का केवल एक माध्यम भर थी। उन्होंने कहा कि यदि कांग्रेस और जन संघ (अब भारतीय जनता पार्टी) द्वारा आजादी के बाद से लेकर अब तक हाथ में लिए गए आंदोलनों को देखा जाय तो यह स्पष्ट हो जाता कि हमारी पार्टी का सिद्धांत क्या है। उन्होंने कहा कि आजादी के बाद से लेकर अब तक हमने जितने आंदोलन किये हैं, वे सभी देश की समस्याओं के समाधान के लिए किये गए हैं चाहे वह हैदराबाद मुक्ति आंदोलन हो, गोवा मुक्ति आंदोलन हो, कश्मीर को देश का अभिन्न अंग बनाने का आंदोलन हो, राम जन्मभूमि आंदोलन हो, कच्छ सत्याग्रह हो, चेतना यात्रा हो या फिर भ्रष्टाचार के खिलाफ देश भर में जन-जागरण अभियान। उन्होंने कहा कि जो पार्टियां सिद्धांत के आधार पर नहीं चलती हैं, वे देश का भला नहीं कर सकती। उन्होंने कहा कि 10 सदस्यों के साथ शुरू हुई पार्टी आज 11 करोड़ से अधिक सदस्यों के साथ विश्व की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी है, 1387 विधायक हैं, 330 से अधिक सांसद हैं और पूर्ण बहुत बहुमत के साथ प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र भारतीय जनता पार्टी की सरकार है। उन्होंने कहा कि हमारा कोई कार्यक्रम किसी व्यक्ति विशेष के महिमामंडन के लिए नहीं बल्कि देश की समस्याओं के निदान के लिए आयोजित की गई और हमारे मनीषी नेताओं ने अपने जीवन का क्षण-क्षण और शरीर का कण-कण देश और पार्टी की सेवा के लिए समर्पित कर दिया।
श्री शाह ने कहा कि देश की जनता ने कांग्रेस की भी सरकारें देखीं है, क्षेत्रीय दलों की सरकारें भी देखीं है, कुछ राज्यों में वामपंथी दलों की सरकारें भी देखी हैं और भारतीय जनता पार्टी सरकार के कार्यों को भी देखा है और इन सभी सरकारों के विकास आंकड़े अध्ययन के लिए उपलब्ध हैं। उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा कि जब केंद्र में श्री अटल बिहार वाजपेयी जी के नेतृत्व में भाजपा-नीत राजग सरकार बनी तो देश विकास दर 4.4% थी, श्री वाजपेयी जी देश की विकास दर को 8.4% तक ले गए लेकिन मनमोहन सिंह की नेतृत्व वाली कांग्रेस की यूपीए सरकार 10 सालों में फिर से इसे 4% पर ले आई। उन्होंने कहा कि तीन साल से केंद्र में प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारतीय जनता पार्टी की सरकार है, हम तीन वर्षों में फिर से इसे 7.2% तक लाने में सफल हुए हैं। उन्होंने कहा कि इसका मतलब साफ़ है कि देश में जब भारतीय जनता पार्टी की सरकार आती है तो देश विकास के पथ पर तेज गति से आगे बढ़ता है और जब कांग्रेस की सरकार आती है तो विकास दर पीछे चला जाता है। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की सरकार के समय देश विकास के पथ पर आगे इसलिए बढ़ता है क्योंकि पार्टी सिद्धांत के आधार पर काम करती है। उन्होंने कहा कि मध्य प्रदेश ने देश में विकास की नई कहानी लिखी है, शिवराज जी के मुख्यमंत्री बनने के बाद मध्य प्रदेश ने हर क्षेत्र में विकास के नए कीर्तिमान स्थापित किये हैं चाहे वह जल-स्तर को ऊपर उठाने की बात हो, सिंचित भूमि के रकबे को बढ़ाना हो या फिर कृषि विकास दर अथवा जीडीपी की बात हो। उन्होंने बुद्धिजीवियों से यह सवाल करते हुए कहा कि आखिर भाजपा सरकारें क्यों सफल होती है, ये सरकारें इसलिए सफल होती हैं क्योंकि भाजपा पंडित दीनदयाल उपाध्याय जी के अंत्योदय के सिद्धांत पर आगे चलती है, अंत्योदय से हमारा मतलब है - विकास की दौड़ में पीछे छूट गए समाज के अंतिम व्यक्ति को विकास की दौड़ में खड़े सबसे पहले व्यक्ति के बराबर लाना।
भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि याद कीजिये 2014 से पहले के समय को जब देश में कांग्रेस की सोनिया-मनमोहन की सरकार थी, इस सरकार ने 10 वर्ष में लगभग 12 लाख करोड़ रुपये के घोटाले हुए, अर्थव्यवस्था की हालत बदतर थी, युवाओं में आक्रोश था, देश की सीमाएं सुरक्षित नहीं थी, हर तरफ अराजकता का माहौल था, केंद्र सरकार का हर मंत्री अपने आप को प्रधानमंत्री समझता था और प्रधानमंत्री को कोई प्रधानमंत्री ही नहीं समझता था। उन्होंने कहा कि आज देश में तीन साल से प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारतीय जनता पार्टी की सरकार है, इन तीन सालों में भारत दुनिया की सबसे तेज गति से विकास करने वाली अर्थव्यवस्था बनी है और तीन सालों में हमारे विरोधी भी हम पर भ्रष्टाचार का कोई आरोप नहीं लगा पाए हैं। उन्होंने कहा कि श्री नरेन्द्र मोदी जी ने प्रधानमंत्री पद की शपथ लेते हुए ही यह स्पष्ट कर दिया था कि भाजपा की यह सरकार देश के गाँव, गरीब, दलित, पिछड़े और आदिवासियों के कल्याण के लिए समर्पित होगी और सरकार तीन सालों से इसी उद्देश्य के साथ काम कर रही है। उन्होंने कहा कि पिछले तीन साल में मोदी सरकार ने देश के विकास और गरीबों के कल्याण के लिए कई कई निर्णय किये हैं और ये सभी फैसले लोगों को अच्छे लगने के लिए नहीं बल्कि लोगों के अच्छे के लिए लिए गए हैं।
श्री शाह ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के नेतृत्व में केंद्र की भारतीय जनता पार्टी सरकार ने देश के विकास व गरीब-कल्याण के लिए लगभग 106 योजनाओं की शुरुआत की है और इनमें से एक भी योजना ऐसी नहीं है जो किसी एक जो किसी एक वर्ग विशेष के लिए बनी हो, ये सभी योजनायें सर्वस्पर्शी एवं सर्वसमावेशी हैं। उन्होंने कहा कि मध्य प्रदेश की शिवराज सरकार इन सभी योजनाओं को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने में सफल रही है। 104 उपग्रहों को एक साथ अंतरिक्ष में प्रक्षेपित कर भारत अंतरिक्ष के अंदर दुनिया की एक प्रमुख ताकत के रूप में उभरा है, उज्ज्वला योजना के माध्यम से देश के लगभग पौने तीन करोड़ गरीब महिलाओं के घर में गैस सिलिंडर पहुंचाया गया है, साढ़े चार करोड़ से अधिक शौचालय का निर्माण कर महिलाओं को सम्मान के साथ जीने का अधिकार दिया गया है और लगभग 29 करोड़ लोगों के बैंक अकाउंट खोल कर उन्हें देश के अर्थतंत्र की मुख्यधारा में जोड़ा गया है। उन्होंने कहा कि मुद्रा बैंक योजना के माध्यम से देश के करोड़ों गरीब युवाओं को स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराये गए हैं। कांग्रेस पर हमला करते हुए उन्होंने कहा कि 70 साल तक कांग्रेस ने किया किया, प्रदेश की जनता को कांग्रेस से इसका हिसाब मांगना चाहिए, यदि इन सभी योजनाओं पर कांग्रेस ने इन 70 सालों में काम किया होता तो हमें इन कामों को पूरा करने का पुण्य नहीं मिलता। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने सत्ता का उपभोग किया, शायद उन्हें यह भी पता नहीं था कि सत्ता गाँव, गरीब, किसान, दलित, पिछड़े, आदिवासी, युवा एवं महिलाओं के कल्याण के लिए होती है।
राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि जीएसटी के रूप में ‘एक राष्ट्र, एक कर’ का स्वप्न साकार हुआ है। उन्होंने कहा कि नोटबंदी, बेनामी संपत्ति क़ानून, शेल कंपनियों के खिलाफ अभियान और मॉरीशस-साइप्रस-सिंगापुर रूट को बंद करके काले-धन पर कठोर कार्रवाई की गई है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने योग को पूरी दुनिया में स्वीकृति दिला कर देश की संस्कृति को प्रतिष्ठित करने का काम किया है। उन्होंने कहा कि सर्जिकल स्ट्राइक के जरिये आतंकवाद पर करारा प्रहार किया, इससे दुनिया का देश को देखने का नजरिया बदल गया। उन्होंने कहा कि आजादी के 70 साल बाद भी बिजली से वंचित लगभग 19 हजार गाँवों में से साढ़े 13 हजार से अधिक गाँवों में बिजली पहुंचा दी गई है, बचे हुए गाँवों में भी मई, 2018 तक पहुंचा दी जायेगी. उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री फसल बीमा, स्वायल हेल्थ कार्ड, नीम कोटेड यूरिया, सिंचाई योजना, ई-मंडी जैसी योजनाओं के माध्यम से किसानों की आय को 2022 तक दुगुना करने के लक्ष्य को प्राप्त करने की दिशा में तेज गति से काम हो रहा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने पूरी दुनिया में योग को प्रतिष्ठित कर भारतीय संस्कृति और धरोहर को अंतर्राष्ट्रीय स्वीकृत दिलाई। उन्होंने कहा कि डिजिटल ट्रांजेक्शन के लिए भीम एप सबसे पॉपुलर प्लेटफ़ॉर्म है। उन्होंने कहा कि जब श्री नरेन्द्र मोदी के रूप में गरीब का बेटा देश का प्रधानमंत्री बनता है तब इस तरह की गरीब-कल्याण की सोच विकसित होती है और प्रधानमंत्री जी ने देश की सोच के स्केल को ऊपर उठाने का काम किया है।
श्री शाह ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में हमने देश को एक भ्रष्टाचार-मुक्त, पारदर्शी और निर्णायक सरकार देने का काम किया है। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार के तीन सालों में हमारे विरोधी भी हम पर भ्रष्टाचार का कोई आरोप नहीं लगा पाए। उन्होंने कहा कि कई सरकारें 50 सालों में एक दो ऐतिहासिक काम करती है, मोदी सरकार ने तीन सालों में ऐसे 50 काम किये हैं जो ऐतिहासिक हैं। उन्होंने कहा कि आंतरिक लोकतंत्र, पार्टी के सिद्धांत और सत्ता में आने पर सरकार की कार्यपद्धति - इन तीनों मापदंडों पर भारतीय जनता पार्टी जन-अपेक्षाओं पर खरी उतरी है। उन्होंने सभा में उपस्थित महानुभावों से अपील करते हुए कहा कि आप जब कोई भी वस्तु लेने बाजार जाते हैं तो काफी जांच-पड़ताल के बाद ही लेते हैं, इसी तरह किसी पार्टी के हाथों इतने विशाल देश की बागडोर सौंपने से पहले उस पार्टी की कार्यपद्धति एवं विकास के आंकड़ों की समीक्षा जरूर करें।
भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि मध्य प्रदेश के विकास के लिए पिछले तीन साल में प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र की भारतीय जनता पार्टी सरकार ने कई कार्य किये हैं। उन्होंने कहा कि 14वें वित्त आयोग में मोदी सरकार ने मध्य प्रदेश को 2015-20 के लिए शेयर इन सेन्ट्रल टैक्स के रूप में 2,99,389 करोड़ रुपये की राशि आवंटित किये हैं जबकि 13वें वित्त आयोग में कांग्रेस की यूपीए सरकार ने मध्य प्रदेश को केवल 1,01,485 करोड़ दिए थे, यूपीए सरकार की तुलना में यह तीन गुना है। उन्होंने कहा कि अनुदान राशि के रूप में 14वें वित्त आयोग ने मध्य प्रदेश को 22,369 करोड़ रुपये की राशि आवंटित की है जो यूपीए सरकार के दौरान 13वें वित्त आयोग की तुलना में लगभग दुगुना है, यूपीए ने महज 11,450 करोड़ रुपये इस मद में दिए थे। उन्होंने कहा कि स्टेट डिजास्टर रेस्पॉस फंड में भी 1,628 करोड़ रुपये की जगह मोदी सरकार ने 14वें वित्त आयोग में मध्य प्रदेश को 3,635 करोड़ रुपये की राशि निर्धारित की है। उन्होंने कहा कि 14वें वित्त आयोग में मोदी सरकार ने मध्य प्रदेश को 2015-20 के लिए लोकल बॉडीज ग्रांट के रूप में 18,733 करोड़ रुपये की राशि आवंटित किये हैं जबकि 13वें वित्त आयोग में कांग्रेस की यूपीए सरकार ने मध्य प्रदेश को केवल 5,014 करोड़ दिए थे, यह यूपीए की तुलना में लगभग साढ़े तीन गुना अधिक है। उन्होंने कहा कि यदि इन सभी को मिला दिया जाय तो इन क्षेत्रों में कांग्रेस की सोनिया-मनमोहन सरकार ने 13वें वित्त आयोग में जहां मध्य प्रदेश को केवल 1,34,190 करोड़ रुपये दिए थे, वहीं नरेन्द्र मोदी सरकार ने 14वें वित्त आयोग में इसके लिए 344126 करोड़ रुपया आवंटित किया है जो कांग्रेस सरकार की तुलना में लगभग दो लाख करोड़ रुपये ज्यादा है। उन्होंने कहा कि इसके अतिरिक्त केन्द्रीय योजनाओं में मध्य प्रदेश को मोदी सरकार ने लगभग 31,859 करोड़ रुपया अधिक दिया है।
राष्ट्रीय अध्यक्ष ने सम्मेलन में उपस्थित प्रबुद्ध जनों से अपील करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र की भाजपा सरकार और शिवराज सिंह जी के नेतृत्व में भाजपा की मध्य प्रदेश सरकार अहर्निश प्रदेश की जनता की भलाई के लिए काम कर रही है, आप सभी देश के पुनर्निर्माण की इस यात्रा में भागीदार बनें और भारत को विकास के पथ पर अग्रसर करें।
(महेंद्र पांडेय)
कार्यालय सचिव

To Write Comment Please Login