भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री अमित शाह ने विभिन्न राज्यों के विधान सभा उप-चुनावों में मिली शानदार सफलता पर एनडीए के सभी सहयोगी दलों और पार्टी कार्यकर्ताओं का किया अभिनंदन


16-02-2016
Press Release

भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री अमित शाह ने विभिन्न राज्यों के विधान सभा उप-चुनावों में मिली शानदार सफलता पर एनडीए के सभी सहयोगी दलों और पार्टी कार्यकर्ताओं का किया अभिनंदन

भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री अमित शाह ने बिहार, उत्तर प्रदेश, कर्नाटक, पंजाब, महाराष्ट्र और मध्य प्रदेश के विधान सभा उप-चुनावों में एनडीए को मिली शानदार सफलता पर एनडीए के सभी सहयोगी दलों, पार्टी कार्यकर्ताओं, संगठन पदाधिकारियों, सम्बंधित प्रदेश के मुख्यमंत्रियों और प्रदेश की जनता को बधाई देते हुए कहा कि यह जीत भाजपा की 'सबका साथ, सबका विकास' की नीति और सुशासन की जीत है।

भाजपा अध्यक्ष ने कहा है कि यह जीत जनता द्वारा विपक्ष के तमाम बेबुनियाद दुष्प्रचारों, आलोचनाओं और संसद को अवरुद्ध कर सरकार के विकास कार्यों को बाधित करने की नकारात्मक राजनीति के खिलाफ दिया गया जनादेश है और जनता ने इस जीत के माध्यम से इन लोगों को सच्चाई का आईना दिखाने का काम किया है।

ज्ञात हो कि आठ राज्यों में 12 विधान सभा सीटों के लिए हुए उप-चुनावों में भारतीय जनता पार्टी और उसके सहयोगी दलों को सात सीटों पर विजय श्री हासिल हुई है। इसके अलावा भाजपा ने उत्तर प्रदेश के गाज़ियाबाद नगर निगम में मेयर पद के चुनाव में भी भारी अंतर से जीत हासिल की है। इन उप-चुनावों में एनडीए ने सात में से तीन सीटें देवदुर्गा (कर्नाटक), खादूर साहिब (पंजाब) और मैहर (मध्य प्रदेश), कांग्रेस से और एक सीट मुज़फ्फरनगर (उत्तर प्रदेश), समाजवादी पार्टी से छीनी है।

श्री शाह ने कहा कि जनता में कांग्रेस और उसकी सहयोगी पार्टियों की देश के विकास और आर्थिक प्रगति में अवरोध उत्पन्न करने की नकारात्मक प्रवृत्ति के खिलाफ जबर्दश्त जनाक्रोश है और जनता आनेवाले समय में ऐसे लोगों को इसी तरह से माकूल जवाब देती रहेगी।

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री अमित शाह ने कहा कि जनता की अदालत ने कांग्रेस और उसकी सहयोगी पार्टियों द्वारा भारतीय जनता पार्टी के खिलाफ फैलाये जा रहे अनर्गल तथा तथ्यविहीन आरोपों को सिरे से खारिज कर दिया है और सुशासन एवं विकास में अपनी निष्ठा जाहिर करते हुए भाजपा पर अपनी मुहर लगा दी है। उन्होंने कहा कि देश में गरीब, विकास विरोधी और नकारात्मक राजनीति करनेवाले लोगों को गंभीर आत्मचिंतन करने की जरूरत है।

(इंजी. अरुण कुमार जैन)
कार्यालय सचिव

To Write Comment Please Login