Condolence message by BJP National President, Shri Amit Shah on the demise of Shri Ananth Kumar on 12 Nov 2018


12-11-2018
Press Release

 

 

भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री अमित शाह द्वारा जारी शोक-संदेश

 

भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता, केंद्रीय रसायन एवं उर्वरक और संसदीय कार्य मंत्री श्री अनंत कुमार जी के आकस्मिक निधन का समाचार सुनकर मैं स्तब्ध और अत्यंत दुखी हूँ। वे एक समर्पित जनसेवक, प्रतिबद्ध कार्यकर्ता, कुशल प्रशासक एवं उत्कृष्ट राजनेता थे।

 

बहुआयामी प्रतिभा के धनी श्री अनंत कुमार लगातार छः बार बंगलोर दक्षिण से लोक सभा सांसद रहे। वे वर्तमान में मोदी सरकार में केंद्रीय रसायन एवं उर्वरक और संसदीय कार्य मंत्री थे। इससे पहले उन्होंने अटल सरकार में भी कई महत्वपूर्ण मंत्रालयों का जिम्मा संभाला था। उन्होंने भारतीय जनता पार्टी युवा मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष के रूप में भी काम किया। वे कर्नाटक भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष भी रहे। वे 2004 में भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव नियुक्त हुए। इस दौरान उन्होंने मध्य प्रदेश, बिहार, छत्तीसगढ़ सहित कई अन्य राज्यों में प्रभारी के तौर पर भी कुशलतापूर्वक कार्य किया। आपातकाल के दौरान देश मे लोकतंत्र की रक्षा के लिए उन्होंने कड़ा संघर्ष किया जिसके लिए उन्हें जेल भी जाना पड़ा था। बाल्यकाल से ही वे स्वयंसेवक रहे और अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद से जुड़े रहे। पार्टी, संगठन, विचारधारा और देश के लिए उनके योगदान को कभी भी भुलाया नहीं जा सकता।

 

सौम्य व्यक्तित्त्व, कुशल सांगठनिक क्षमता, ओजस्वी वक्ता और जनता से जुड़ी समस्याओं को उठाने वाले एक जुझारू नेता के रूप में श्री अनंत कुमार सदैव याद किये जायेंगें। श्री अनंत जी का निधन न केवल भारतीय जनता पार्टी, अपितु देश की राजनीति के लिए भी एक अपूरणीय क्षति है। इससे देश के राजनैतिक एवं सामाजिक जीवन में ऐसी रिक्तता आई है जिसकी भरपाई मुश्किल है। उनके निधन से देश ने जनता के लिए काम करने वाले एक प्रतिबद्ध कार्यकर्ता और कुशल संगठनकर्ता को खो दिया है।

 

दुःख की इस घड़ी में मैं स्वयं एवं पार्टी कार्यकर्ताओं की ओर से उनके परिवार के प्रति अपनी गहरी संवेदना प्रकट करता हूँ। साथ ही भगवान से दिवंगत आत्मा की शांति और शोक संतप्त परिवार को धैर्य और साहस प्रदान करने की प्रार्थना करते हुए अपनी विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित करता हूँ। ॐ शांति।

 

**************

 

 

 

 

To Write Comment Please Login