भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय मीडिया सह-प्रमुख डॉ संजय मयूख की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति
भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री जगत प्रकाश नड्डा कल, 23 जनवरी 2020 को उत्तर प्रदेश के आगरा में नागरिकता संशोधन कानून के तहत आयोजित विशाल जन-जागरण सभा को संबोधित करेंगे
**************
दिल्ली से आगरा जाने के दौरान श्री नड्डा का डीएनडी नोएडा, जीरो प्वॉइंट यमुना एक्सप्रेस (ग्रेटर नोएडा), जेवर टोल प्लाजा, वृंदावन कट (मथुरा) और फतेहाबाद रोड रमाडा तिराहा (आगरा) पर भव्य स्वागत किया जाएगा
**************
विश्व की सबसे बड़ी लोकतांत्रिक राजनीतिक पार्टी ‘भारतीय जनता पार्टी' के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री जगत प्रकाश नड्डा कल, 23 जनवरी 2020 को एकदिवसीय प्रवास पर उत्तर प्रदेश में रहेंगे। राष्ट्रीय अध्यक्ष का पदभार ग्रहण करने के पश्चात् उत्तर प्रदेश का उनका ये पहला दौरा होगा।
श्री नड्डा कल दोपहर 01:30 बजे आगरा के प्रसिद्ध कोठी मीना बाजार मैदान में नागरिकता संशोधन कानून के संदर्भ में भाजपा द्वारा चलाए जा रहे देशव्यापी जन-जागरण अभियान के तहत आयोजित विशाल जन-सभा को संबोधित करेंगे। मंच पर पहुंचने पर माननीय राष्ट्रीय अध्यक्ष जी का आगरा जिला/महानगर के भाजपा सांसदों एवं विधायकों द्वारा भव्य स्वागत किया जाएगा। कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी और प्रदेश भाजपा अध्यक्ष श्री स्वतंत्रदेव सिंह जी भी उपस्थित रहेंगे।
दिल्ली से आगरा जाने के दौरान कई जगहों पर माननीय राष्ट्रीय अध्यक्ष जी का भव्य स्वागत किया जाएगा। इस क्रम में डीएनडी नोएडा पर प्रातः 10 बजे, जीरो प्वॉइंट यमुना एक्सप्रेस (ग्रेटर नोएडा) पर सुबह 10:30 बजे, जेवर टोल प्लाजा पर पूर्वाह्न 11 बजे, वृंदावन कट (मथुरा) पर पूर्वाह्न 11:30 बजे और फतेहाबाद रोड रमाडा तिराहा (आगरा) पर दोपहर 12 बजे श्री नड्डा जी का भव्य स्वागत किया जाएगा।
(महेंद्र पांडेय)
कार्यालय सचिव
To Write Comment Please Login