Press release by BJP OBC Morcha


12-09-2022
Press Release

(प्रेस विज्ञप्ति: 12 सितंबर 2022)

भाजपा ओबीसी मोर्चा की तीन दिवसीय राष्ट्रीय कार्यसमिति जोधपुर में संपन्न।

चुनावी राज्यों के लिए ओबीसी मोर्चा ने बनाई विशेष रणनीति।

राजस्थान से गहलोत सरकार को उखाड़ फेंकने का आह्वान।

 

गृहमंत्री अमित शाह जी ने बताया-

"ओबीसी समाज को दिल के करीब बताया और भाजपा की राजनीति का हिस्सा"

 

भाजपा ओबीसी मोर्चा की राष्ट्रीय कार्यसमिति के समापन समारोह में मुख्य अतिथि के तौर पर मौजूद भारत सरकार के गृह मंत्री श्री अमित शाह जी ने बड़ा संदेश देते हुए कहा,  "ओबीसी समाज उनके दिल के करीब है और भाजपा की राजनीति का अहम हिस्सा भी है। इस बात की उन्हें गर्वानुभूति है कि जब वे राष्ट्रीय अध्यक्ष थे तभी ओबीसी मोर्चा का भाजपा में राष्ट्रीय स्तर पर आधिकारिक रूप से गठन हुआ था। पीएम मोदी ने ओबीसी समाज के मान- सम्मान को सुनिश्चित करने का काम किया है। ओबीसी कमीशन को संवैधानिक दर्जा देना, नीट में आरक्षण की व्यवस्था या फिर सैनिक स्कूल, नवोदय, केंद्रीय विद्यालय के नामांकन में 27 फ़ीसदी आरक्षण सुनिश्चित करना इसी केंद्र सरकार में संभव हुआ है। ओबीसी समाज की आर्थिक उन्नति के लिए पिछले दिनों वेंचर कैपिटल फंड की स्थापना एक बड़ा कदम है। कांग्रेस ने आजादी के बाद से ही ओबीसी समाज को ठगने का काम किया है लेकिन भाजपा बिना किसी भेदभाव के और पूरी ईमानदारी के साथ समाज के सभी वर्गों को सम्मान देने के प्रति संकल्पित है।"

 जोधपुर में ओबीसी मोर्चा की राष्ट्रीय कार्यसमिति 8 से 10 सितंबर चली लेकिन भाजपा के राष्ट्रीय और प्रदेश स्तरीय नेता इस कार्यक्रम की तैयारी में पिछले 15 दिनों से जोधपुर में मुस्तैद थे। भाजपा ओबीसी मोर्चा के सभी राष्ट्रीय नेता 6-7 सितंबर को ही जोधपुर पहुंच चुके थे और कार्यक्रम की समाप्ति के बाद 12 सितंबर तक उनकी अपने-अपने प्रदेशों में रवानगी संपन्न हुई। सबसे खास बात कि 8 सितंबर को जोधपुर के करीब 47 मंडलों में भाजपा ओबीसी मोर्चा के राष्ट्रीय नेताओं ने एक दिवसीय प्रवास किया और संगठन का माइक्रो स्तर पर जायजा लिया।

इससे पूर्व भाजपा ओबीसी मोर्चा के इस कार्यसमिति के उद्घाटन समारोह में केंद्रीय वन पर्यावरण एवं जलवायु परिवर्तन और श्रम एवं रोजगार मंत्री श्री भूपेंद्र यादव ने मुख्य अतिथि के तौर पर शिरकत की। श्री भूपेंद्र यादव ने अपने संबोधन में ओबीसी मोर्चा बूथ स्तर तक ले जाने पर जोर दिया और कहा, "कोई भी परिवारवादी, क्षेत्रवादी, जातिवादी और धार्मिक तुष्टिकरण करने वाली सांप्रदायिक कभी भी ओबीसी समाज के साथ कतई न्याय नहीं कर सकती है। भाजपा ने जनसंघ काल से देश में राजनीतिक बदलाव की धारा और समाज के पिछड़े वर्गों के कल्याण और विकास को वैचारिक तौर पर समर्थन किया है। आज की तारीख में सबसे ज्यादा ओबीसी सांसद भारतीय जनता पार्टी के है। ओबीसी समाज का भाजपा के प्रति विश्वास लगातार बढ़ा है। नरेंद्र मोदी जी ने ओबीसी समाज के हित में जो काम किए हैं वह कांग्रेस ने देश की आजादी के बाद अपने पूरे शासनकाल में नहीं कर पाई बल्कि ओबीसी समाज के हित में भाजपा द्वारा लाए गए हर बिल का कांग्रेस ने सदन के बाहर और भीतर विरोध भी किया है।"

भाजपा ओबीसी मोर्चा की कार्यसमिति का संचालन मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉक्टर के लक्ष्मण की अध्यक्षता में हुई। डॉ० के० लक्ष्मण जी ने सभी पदाधिकारियों को संबोधित करते हुए ओबीसी मोर्चे की चुनावी समय मे राजनीतिक भूमिका को समझाया, आने वाले विधानसभा चुनाव में राजस्थान से कांग्रेस की सरकार को उखाड़ फेंकने के लिए ओबीसी समाज से विशेष आह्वान किया। ओबीसी मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ० के० लक्ष्मण ने राजस्थान की वर्तमान राजनीतिक स्थिति पर एक आधिकारिक वक्तव्य भी जारी किया जिसे सर्वसम्मति से पारित किया गया। लक्ष्मण के इस वक्तव्य में राजस्थान की कांग्रेस सरकार के दौरान दयनीय होती कानून व्यवस्था की स्थिति, दलित और पिछड़े समाज पर बढ़ता अत्याचार, महिलाओं से ज्यादती की बढ़ती घटनाएं, सांप्रदायिक उन्माद में बढ़ोतरी और धार्मिक तुष्टीकरण की नीति पर प्रकाश डाला गया। ओबीसी मोर्चा की ओर से राजस्थान की कांग्रेस सरकार को उखाड़ फेंकने का एक बड़ा आह्वान भी किया गया।

ओबीसी मोर्चा की राष्ट्रीय कार्यसमिति को भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री राज्यसभा सांसद और राजस्थान भाजपा के साथ-साथ ओबीसी मोर्चा के संगठन प्रभारी अरुण सिंह जी ने संबोधित किया। श्री अरुण सिंह जी ने भाजपा के सामाजिक न्याय दृष्टिकोण को स्पष्ट करते हुए कहा कि देश में परिवारवादी, वंशवादी, क्षेत्रवादी और जातिवादी पार्टियों ने सामाजिक वर्गों को मुख्यधारा में लाने का प्रयास कभी नहीं किया। लेकिन भाजपा समाज के सभी वर्गों मुख्यधारा में लाने के लिए सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास की नीति के तहत इमानदारी से संकल्पित है।

कार्यसमिति के विभिन्न सत्रों को राजस्थान भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष डॉक्टर सतीश पूनिया केंद्रीय कृषि मंत्री कैलाश चौधरी केंद्रीय जल शक्ति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत उत्तर प्रदेश सरकार के मंत्री दानिश अली अंसारी और श्री नरेंद्र कश्यप ने भी संबोधित किया। इस कार्यक्रम में भाजपा की राष्ट्रीय मंत्री श्रीमती अलका गुर्जर, राजस्थान भाजपा के संगठन महामंत्री श्री चंद्रशेखर जी, श्री अर्जुन मेघवाल जी, राजस्थान भाजपा के प्रमुख पदाधिकारीगण और राजस्थान भाजपा ओबीसी मोर्चा के अध्यक्ष ओमप्रकाश भडाणा और प्रदेश पदाधिकारीगण भी कार्यक्रमों में शिरकत करने के साथ व्यवस्था के संचालन में व्यस्त रहें।

ओबीसी मोर्चा की राष्ट्रीय कार्यसमिति के दौरान एक राजनीतिक प्रस्ताव भी पेश हुआ जिसे मोर्चा के राष्ट्रीय मंत्री और विधायक निर्मल कुमावत ने प्रस्तुत किया जिसमें देश के सर्वांगीण विकास के लेखा-जोखा के साथ नरेंद्र मोदी सरकार की उपलब्धियां भी शामिल थी। स्वास्थ्य, शिक्षा, विदेश नीति, रक्षा क्षेत्र में आत्मनिर्भरता, आंतरिक सुरक्षा, आर्थिक नीति, गरीब कल्याण योजना, सामाजिक न्याय के क्षेत्र में और खासकर ओबीसी समाज के हित में नरेंद्र मोदी सरकार की उपलब्धियों की विशेष चर्चा भी इस प्रस्ताव में शामिल थी। इस प्रस्ताव के समर्थन में मोर्चा की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष और मध्य प्रदेश से विधायक श्रीमती कृष्णा गौड़, पूर्व केंद्रीय गृह राज्य मंत्री और मोर्चा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष श्री हंसराज अहिर और जम्मू कश्मीर से मोर्चा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष यशपाल वर्मा ने वक्तव्य दिया जिसे बाद में सर्वसम्मति से पारित किया गया।

जोधपुर की कार्यसमिति ओबीसी मोर्चा के लिए बहुत महत्वपूर्ण है क्योंकि चुनावी राज्यों में ओबीसी मोर्चा इस बार बड़े तौर पर एक महत्वपूर्ण भूमिका निभाने जा रही है। इस राष्ट्रीय कार्यसमिति में देशभर के तकरीबन डेढ़ सौ राष्ट्रीय प्रतिनिधियों ने भाग लिया। इन प्रतिनिधियों में ओबीसी मोर्चा के राष्ट्रीय पदाधिकारी, राष्ट्रीय कार्यसमिति सदस्य, विशेष आमंत्रित सदस्य और मोर्चा के सभी प्रदेशों के अध्यक्ष ने भाग लिया।

 

To Write Comment Please Login