Press release by Hon'ble Union Minister Shri Anurag Thakur


by Shri Anurag Thakur -
14-04-2024
Press Release

 

केंद्रीय मंत्री एवं भाजपा के वरिष्ठ नेता श्री अनुराग ठाकुर जी की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति

 

भाजपा का संकल्प पत्र, संकल्पों के पूरा होने की गारंटी*: अनुराग ठाकुर 

 

संकल्प को सिद्ध करना भाजपा के DNA में*: अनुराग ठाकुर

 

14 अप्रैल 2024, नई दिल्ली : केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण और युवा एवं खेल मामलों के मंत्री श्री अनुराग सिंह ठाकुर ने आज भाजपा द्वारा जारी संकल्प पत्र को ऐतिहासिक और भविष्य के भारत की नींव रखने वाला बताते हुए कहा कि भाजपा का संकल्प पत्र, संकल्पों के पूरा होने की गारंटी है।

 

श्री अनुराग ठाकुर ने कहा “जैसा कि सर्वविदित है “रघुकुल रीत सदा चली आई, प्राण जाए पर वचन न जाई” ठीक इसी प्रकार हमारा संकल्प पत्र है। इसके एक-एक संकल्प के पूरे होने की 100% गारंटी है। भारतीय राजनीति में भारतीय जनता पार्टी एकमात्र ऐसी पार्टी है जो स्थापना से लेकर आज तक अपने मूल्यों और संकल्पों पर अडिग रही और जैसे ही हमें पूर्ण बहुमत मिला तब हमने एक-एक कर अपने सभी वादों को लागू भी किया। क्योंकि अपने लिए संकल्पों को पूरा करना भाजपा का डीएनए में है, और इसलिए जनता का भरोसा सिर्फ़ भाजपा के संकल्पों व मोदी जी की गारंटी पर है। हमारा संकल्प पत्र समाज के सभी वर्गों के हितों की रक्षा करते हुए, विकसित भारत निर्माण का सुनहरा दस्तावेज है।

 

श्री अनुराग ठाकुर ने कहा कि पिछले 10 वर्षों में हमने जो कहा था उसे करके दिखाया है और आज संकल्प पत्र के माध्यम से जो भी कहा है उसे भी अवश्य पूरा करेंगे। आज हमारे संकल्प पत्र की पहली प्रति भी एक लाभार्थी को मिली है।"

 

श्री अनुराग ठाकुर ने कहा कि “पिछले 10 वर्षों में मोदी सरकार सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण को अपना ध्येय मानकर कार्य करती रही और वंचित हमेशा इस सरकार की वरीयता में रहे। 2014 में जो भारत विश्व की 11वीं सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था था वह आज विश्व की पांचवीं सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था है और मोदी जी की तीसरी पारी में हमारा भारत विश्व की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनेगा। प्रत्येक भारतीय की आशाएं और आकांक्षाएं मोदी जी की आशाएं और आकांक्षाएं हैं”

 

श्री अनुराग ठाकुर ने आगे बताया कि पिछले 10 वर्षों में भारत साइंस से लेकर सनातन को साथ ले कर चला है। चंद्रयान, मंगलयान या गगनयान की सफलता हो या फिर g20 का सफल आयोजन या ओलंपिक की मेजबानी की तैयारी, यह सभी नए भारत की बुलंद तस्वीर है। पहले जहां हम मोबाइल के सबसे बड़े आयातक थे वहीं आज हम विश्व के दूसरे सबसे बड़े मोबाइल निर्माता हैं।"

 

 

70 वर्ष से ऊपर के प्रत्येक नागरिक को आयुष्मान योजना की जद में लाने के संकल्प के ऊपर प्रतिक्रिया देते हुए श्री अनुराग ठाकुर ने कहा, "आज अगर मोदी जी 2001 से लेकर 2024 तक प्रत्येक चुनाव जीतने में सफल रहे हैं तो इसका कारण यह है कि वह जमीन से जुड़े नेता हैं। मोदी जी को पता है कि 70 वर्ष के ऊपर के नागरिकों की आबादी के बढ़ने के साथ-साथ उन्हें बेहतर स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध कराना जरूरी है इसीलिए उन्होंने 70 वर्ष के ऊपर के प्रत्येक नागरिक को आयुष्मान योजना में सम्मिलित करने का संकल्प किया है। 2014 में जहां देश में 7 एम्स और 384 मेडिकल कॉलेज थे, वहीं आज देश में 22 एम्स और 700 से अधिक मेडिकल कॉलेज हैं। 2014 में देश में एमबीबीएस की मात्र 51 हजार सीटें थीं और पोस्ट ग्रेजुएशन की 31 हजार सीटें थीं। आज देश में एमबीबीएस की  1 लाख 1 हजार और पोस्ट ग्रेजुएशन की 65 हजार से ज्यादा सीटें हैं। इससे पता चलता है कि आज देश में मेडिकल एजुकेशन का काफी विकास हुआ है जिससे आने वाले समय में हमें अच्छे और ज्यादा डॉक्टर और नर्स मिलेंगे।"

 

श्री अनुराग ठाकुर ने आगे विपक्ष के गठबंधन पर कटाक्ष करते हुए पूछा कि यह कैसा गठबंधन है जिसमें टुकड़े-टुकड़े गैंग के लोग शामिल हैं जो देश को टुकड़ों में बांटना चाहते हैं। यह कैसा गठबंधन है जिसका मेनिफेस्टो भी टुकड़ों टुकड़ों में आ रहा है? दिल्ली के मुख्यमंत्री आज जेल में है और उनकी पत्नी विपक्ष की रैली में सामने आकर 6 गारंटीयों की घोषणा करती है बिना किसी से पूछे। तो यह कैसा गठबंधन हुआ? उधर ममता बनर्जी गठबंधन से अलग होकर चुनाव लड़ रही हैं और अपना अलग मेनिफेस्टो जारी करती हैं। उधर लालू यादव और तेजस्वी यादव अपना अलग मेनिफेस्टो ला रहे हैं। उधर अखिलेश यादव अपना अलग मेनिफेस्टो ला रहे हैं। तो यह गठबंधन कैसे हुआ? यह सिर्फ और सिर्फ देश को भ्रमित करने की राजनीति है।"

 

********************

To Write Comment Please Login