Press Release : Media byte by BJP National Spokesperson Dr. Sudhanshu Trivedi


17-04-2024
Press Release

 

भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता डॉ. सुधांशु त्रिवेदी की मीडिया बाइट

 

आज पूरा विश्व अद्भुत और अविस्मरणीय रामनवमी का पर्व मना रहा है। अयोध्या में श्री रामलला के विराजमान होने के बाद यह पहली राम नवमी है, जिसमें भगवान रामलला की मूर्ति के विग्रह पर सूर्य तिलक हो रहा है।

 

इस अलौकिक और वैज्ञानिक अनुभूति के अवसर पर इंडी गठबंधन के नेता अपनी दयनीय मानसिकता का प्रदर्शन करते हुए हिन्दू धर्म व संस्कृति को अपमानित करने से बाज नही आए।

 

पहला उदाहरण है, टीएमसी अध्यक्ष और पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी द्वारा 'रामनवमी' के अवसर पर दंगों की संभावना वाली टिप्पणियां, इस पर्व को अशान्ति से जोड़ने और सनातनी संस्कृति के प्रति उनकी मानसिकता को दर्शाता है।

 

दूसरा उदाहरण है, उत्तर व दक्षिण भारत में भेद करने पर तुले कांग्रेस पार्टी के युवराज आज उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव से मिले। देश के दो ऐसे नेता जो क्रमश: अपने माता- पिता और पार्टी के लिए problem child बन चुके हैं। फिर से आश्चर्यजनक टिप्पणी करते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश में गाजियाबाद से गाजीपुर तक इंडी गठबंधन जीतेगा और एनडीए का सफाया हो जाएगा।

 

मैं उनसे पूंछना चाहता हूं कि उन्हें उत्तर प्रदेश की सीमा गाजियाबाद से गाजीपुर तक ही क्यों नजर आई? गौतमबुद्ध नगर से कुशीनगर तक क्यों नजर नहीं आई? सहारनपुर से बलिया तक क्यों नजर नहीं आई? स्पष्ट है कि गाजियाबाद और गाजीपुर कहते समय उनके मन में कोई दूसरा भाव रहता होगा, जो एक विशेष शब्द और विचार में यूपी को बांटने के उनके नजरिया को दर्शाता है।

 

दोनों में से कोई उत्तर प्रदेश से लड़ने की हिम्मत नहीं कर पा रहे हैं, केवल बयानबाजी कर रहे हैं। क्योंकि उत्तरप्रदेश और देश की प्रबुद्ध जनता इस बात को भली-भांति समझती है। राहुल गांधी ने 2019 का चुनाव हारने के बाद उत्तर प्रदेश छोड़ दिया था और सोनिया गांधी ने आगामी लोकसभा के चुनाव का बिगुल बजने से पूर्व ही राज्यसभा का रास्ता चुन लिया। अखिलेश यादव भी चुनाव नहीं लड़ पा रहे हैं। वर्तमान परिस्थिति को देखते हुए यह कहावत लागू होती है-

 

गिरते हैं शहसवार ही मैदान--जंग में, वो क्या गिरे जो घुटनों के बल चले।

 

जो खड़े होने की हिम्मत नहीं कर पा रहे हैं, वह सबको आश्वासन दे रहे हैं। उत्तर प्रदेश की जनता आश्वस्त है क्योंकि राहुल बबुआ और बुआ जी सबका संकट एक है, आएगा तो मोदी ही क्योंकि नीयत नेक है।

 

समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता प्रो० राम गोपाल यादव जी का एक बयान आया है, जिसमें वह रामलला के संदर्भ में स्वयं को भक्त बताते हुए भी पाखंड की बात कर रहे हैं। आज श्री राम लला के विग्रह पर जो सूर्य तिलक हुआ है, उसमें भारतीय अंतरिक्ष विज्ञान संस्थान, बेंगलुरू और केंद्रीय भवन अनुसंधान संस्‍थान, रुड़की ने सोलर सिस्टम की गतिविधियों का बारीकी से परीक्षण करके यह महान कार्य किया है। आज यदि कोई विपक्षी पार्टी इस महान वैज्ञानिक अवसर को पाखंड कहता है तो यह उस पार्टी की सनातन धर्म के प्रति कुत्सित विचारधारा को दर्शाता है।

 

भारत में उड़ीसा का कोणार्क मंदिर, आंध्र प्रदेश का वेद नारायण मंदिर, महाराष्ट्र में कोल्हापुर का महालक्ष्मी मंदिर भी इसी तरह की वैज्ञानिक निर्माण के अन्य उदाहरण हैं और भारत के प्राचीन गौरव का प्रतीक हैं।

 

विपक्षी गठबंधन ने अपनी संयुक्त प्रेसवार्ता में चुनावी बॉन्ड के मुद्दे पर भी सवाल उठाए, भारत के इतिहास में पहली बार ऐसा देखने को मिल रहा है कि विपक्षी पार्टियों ने देश का सैकड़ों करोड़ लिया है, फिर भी उसे घोटाला कह रहे हैं।

 

कांग्रेस पार्टी ने लगभग 1461 करोड़, तृणमूल कांग्रेस ने 1600 करोड़, डीएमके ने लगभग 850 करोड़ रुपये के चुनावी बॉन्ड लिए हैं। विडंबना यह है कि यह लोग चुनावी बॉन्ड ले भी रहे हैं और आलोचना भी कर रहे हैं।

 

इससे यह पूर्णत: स्पष्ट हो जाता है कि विपक्षी दल माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी पर मिथ्या आरोप लगाना चाहते हैं। परंतु देश की प्रबुद्ध जनता माननीय मोदी जी के नेतृत्व में आश्वस्त है और विपक्ष के छल व प्रपंच को समझती है।

 

आज भारत माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के कुशल मार्गदर्शन में जिस गति से निर्णायक स्थिति की ओर जा रहा है, देश की जनता साथ मिलकर 400 पार के संकल्प को पार करेगी।

 

सम्पूर्ण भारत के लोगों को रामनवमी की शुभकामनाएं देते हुए मैं देश की जनता से कहना चाहता हूं कि भारत में यह परिवर्तन बहुत लंबे समय के बाद आया है और देश सुप्त चेतना से जाग्रत हुआ है, जिसे रोकने के लिए अनेक शक्तियां काम कर रही है। लेकिन इस चेतना और जागे हुए हिंदुस्तान को रोक पाना इंडी गठबंधन के बस की बात नहीं है।

 

*************************

To Write Comment Please Login