Press statement by BJP National Spokesperson Shri Gaurav Bhatia


13-07-2022
Press Release

 

 

 

भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता श्री गौरव भाटिया की ओर से जारी प्रेस वक्तव्य

 

भारतीय जनता पार्टी और राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन के राष्ट्रपति उम्मीदवार सम्माननीय श्रीमती द्रौपदी मुर्मू जी के लिए कांग्रेस पार्टी और विपक्ष के कुछ नेताओं द्वारा अभद्र टिप्पणी करना अस्वस्थ राजनीति का परिचायक है। कांग्रेस पार्टी राष्ट्रपति पद की गरिमा को छोटा करने की साजिश रच रही है किन्तु वे ऐसा करने में कभी सफल नहीं होंगे।

 

आदरणीया श्रीमती द्रौपदी मुर्मू जी आदिवासी समाज की महिला हैं। वे अपनी कर्मठता, ईमानदारी और कर्तव्यपरायणता से यहाँ तक पहुंची हैं। भाजपा और एनडीए ने उन्हें राष्ट्रपति पद का उम्मीदवार बनाया है और कई विपक्षी पार्टियों ने भी उन्हें समर्थन देने की घोषणा की है।

 

कांग्रेस पार्टी द्वारा राष्ट्रपति उम्मीदवार के लिए “Evil Philosophy” जैसे शब्दों का प्रयोग कर अभद्र टिप्पणी करना सर्वथा अनुचित है। कांग्रेस की राजनीति को देश की जनता ने बार-बार नकारा है। कांग्रेस द्वारा राष्ट्रपति पद की गरिमा को धूमिल करने की जो निरंतर कोशिश की जा रही है, उससे देश की सम्मान पर चोट पहुंचा है।

 

भारतीय जनता पार्टी का एक ही ध्येय है - राष्ट्र प्रथम। चुनाव आएंगे - जायेंगे लेकिन किसी भी संवैधानिक पद की गरिमा, किसी भी महिला के सम्मान के साथ खिलवाड़ और आदिवासी समाज के लोगों को छोटा आंकने जैसी गुस्ताखी कांग्रेस पार्टी को कदापि नहीं करनी चाहिए।

 

भाजपा का सिद्धांत है अंत्योदय जबकि कांग्रेस पार्टी अंत्योदय पर ही पूर्ण विराम लगा देती है। कांग्रेस का मानना है कि देश का बड़ा पद सिर्फ और और सिर्फ गांधी परिवार के लिए है। इस बात की पीड़ा कांग्रेस पार्टी को है कि कोई भी अपनी मेहनत और कर्मठता से कैसे बड़े पद पर आ गया? कांग्रेस पार्टी को अत्यंत गरीब परिवार से निकल कर अपनी मेधा, कर्मठता, अथक परिश्रम और जनता के आशीर्वाद से देश के प्रधानमंत्री पद पर प्रतिष्ठित हुए आदरणीय प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी से नफरत है, उसे एक दलित गरीब परिवार से निकल कर निष्कलंक जीवन जीते हुए अपनी मेधा के आधार पर देश के राष्ट्रपति पद पर प्रतिष्ठित श्री रामनाथ कोविंद जी से नफरत है और वह अब आदरणीय श्रीमती द्रौपदी मुर्मू जी के के लिए भी अनर्गल शब्दों का प्रयोग कर रही है। यही कांग्रेस की मानसिकता है।

 

********************* 

 

To Write Comment Please Login