Salient points of press conference of BJP National Spokesperson & MP, Dr Sudhanshu Trivedi.


by Dr. Sudhanshu Trivedi -
03-08-2023
Press Release

 

भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता और सांसद डॉ. सुधांशु त्रिवेदी की प्रेसवार्ता के मुख्यबिन्दु

 

भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता और सांसद डॉ. सुधांशु त्रिवेदी ने आज केंद्रीय कार्यालय में आयोजित प्रेसवार्ता को संबोधित किया. उन्होंने राजस्थान की गहलोत सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि नित्य दिन भ्रष्टाचार, अपराध, महिलाओं-बच्चियों के साथ दुष्कर्म जैसी शर्मनाक घटनाओं के लिए बार-बार उभरकर सामने आते राजस्थान सरकार के कारनामों में अब एक नया “काला” अध्याय जुड़ गया है। ये काला अध्याय लाल डायरी से जुड़ी है। इस लाल डायरी को लेकर पिछले दिनों पूर्व कैबिनेट मंत्री के साथ राजस्थान विधानसभा में शारीरिक दुर्व्यवहार तक हुआ। अब इस लाल डायरी के काले पन्ने भी एक एक कर सामने आने लगे हैं. लाल डायरी के कुछ अंश जो सामने आए है, उससे कांग्रेस पार्टी के अंदर पैसों की लेन-देन की बातें सामने आ रही हैं।

 

इस लाल डायरी में राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक  गहलोत के “लाल” के भी कारनामे सामने आ रहे हैं। यह महज कोई आरोप नहीं, बल्कि यह विषय राजस्थान के एक मंत्री ने विधानसभा के पटल पर उठाया है, जिसे बर्खास्त कर दिया गया है। संवैधानिक दृष्टि से सरकार के किसी मंत्री द्वारा सदन के पटल पर दिया गया वक्तव्य सबसे प्रामाणिक माना जाता है। इससे अधिक प्रामाणिकता राजस्थान सरकार के भ्रष्टाचार की और कोई नहीं हो सकती है।

 

उन्होंने कांग्रेस पार्टी को याद दिलाते हुए कहा कि भारतीय जनता पार्टी ने हमेशा पूरी प्रामाणिकता और तथ्यों के आधार पर ही कांग्रेस पार्टी के भ्रष्टाचार को उजागर किया है। मसलन, टूजी स्पेक्ट्रम आवंटन घोटाले के मामले में सीएजी की रिपोर्ट थी और कोर्ट का अब्जर्वेशन भी। इसी प्रकार, तत्कालीन प्रधानमंत्री राजीव गांधी के कैबिनेट मंत्री विश्वनाथ प्रताप सिंह जी ने ही अपनी सरकार पर बोफोर्स घोटाले का आरोप लगाया था।  

 

आज बोफोर्स प्रकरण से मिलता जुलता आरोप अशोक गहलोत सरकार के मंत्री राजेंद्र गुढ़ा जी ने अपनी ही सरकार पर लगाये, परिणामस्वरूप उन्हें चंद घंटों में ही बर्खास्त कर दिया गया. लाल डायरी के माध्यम से यह बात सामने आ रही है कि फोन करके पूछा जा रहा है कि “मेरा पैसा दे दो, अभी तक नहीं दिया गया है।“ फिर मुख्यमंत्री अशोक  गहलोत की निजी सचिव से बात हो रही है। फिर उसने कहा कि “हम दे देंगें, परंतु अभी तक नहीं दिया गया।“ लाल डायरी के ये शब्द बता रहे हैं कि कांग्रेस दरअसल जिन गरांटियों की बात करती है, उनमें ये सब भी गारंटी है कि मेरे लिए काम कर देना, बदले में पैस दे देंगे। ये सब गारंटी सीधे मुख्यमंत्री कार्यालय से जुड़ी हुई है।

 

डॉ त्रिवेदी ने कहा कि लाल डायरी द्वारा भ्रष्टाचार उजागर होने के बाद कांग्रेस पार्टी के नेताओं को शर्म से ‘लाल’ हो जाना चाहिए। अफसोस की बात यह है कि निर्लज्जता के साथ कांग्रेस पार्टी और राजस्थान की गहलोत सरकार इन बातों को नजर अंदाज कर रही है, परंतु इस लाल डायरी की लाली, चारो तरफ वैसे ही नजर आएगी, जिसमें मुख्यमंत्री के ‘लाल’ भी सम्मिलित हैं। आज राजस्थान में कांग्रेस की स्थिति भ्रष्टाचार के संदर्भ में, वैसी ही हो गयी है जिसके लिए यह उक्ति बिल्कुल चरितार्थ होती नजर आ रही है कि “लाली मेरे लाल की, जित देखूं तित लाल। लाली देखन मैं गयी, मैं भी हो गयी लाल।“

 

नित्य दिन राजस्थान में महिलाओं एवं बच्चियों के साथ हो रहे दुष्कर्म का जिक्र करते हुए डॉ त्रिवेदी ने कहा कि राजस्थान में एक के बाद एक महिलाओं-बच्चियों-दलितों के साथ आपराधिक घटनाएं सामने आ रही हैं। राजस्थान के अलवर में एक महिला ने कांग्रेस विधायक के भतीजे पर दुष्कर्म का आरोप लगाया है। महिला ने आरोप लगाया कि कांग्रेस विधायक के भतीजे ने उसकी तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर पोस्ट करने की धमकी देकर उसके साथ बार-बार दुष्कर्म किया। अलवर जिले में ही 17 साल की एक नबालिग के साथ चार युवकों ने सामुहिक दुष्कर्म किया। 19-20 साल के आरोपियों ने एक अन्य बालिका के साथ सामूहिक दुष्कर्म किया। बीते कल भीलवाड़ा में एक बच्ची के साथ दुष्कर्म करके उसे जला दिया गया।

 

भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता ने मुख्यमंत्री अशोक  गहलोत पर वोट बैंक की राजनीति करने का आरोप लगाते हुए कि राजस्थान में इस तरह के अपराध करने वाले आरोपियों के उपर प्रभावी कार्रवाई नहीं हो रही है। प्रभावी कार्रवाई नहीं करने के पीछे कहीं न कहीं उसका सम्बन्ध वोट से होना प्रतीत होता है। उन्होंने कहा कि राजस्थान में प्रतिदिन औसतन 15-20 दुष्कर्म की घटनाएं होती आ रही हैं। इससे अधिक क्या कहा जाए कि कांग्रेस पार्टी के शासन में कांग्रेस की ही एक विधायक दिव्या मदेरणा कहती हैं कि वे राजस्थान में सुरक्षित महसूस नहीं करतीं।

 

डॉ त्रिवेदी ने कहा कि जब अशोक  गहलोत सरकार के मंत्री अपने ही सरकार में भ्रष्टाचार होने की बात करता है, कांग्रेस के विधायक दिव्या मदरेणा खुद को राजस्थान में सुरक्षित महसूस नहीं करती हैं और इस तरीके से नित्य दिन दुष्कर्म की घटनाएं हो रही है, तब मुख्यमंत्री अशोक  गहलोत इन मामलों को लेकर  चाहे जितना बचने की कोशिश करें, राजस्थान की जनता सबकुछ देख व समझ रही है और अब जनता की पीड़ा चरम पर पहुंच गयी है। राजस्थान की जनता कांग्रेस पार्टी को कभी माफ नहीं करेगी।

 

***************

 

To Write Comment Please Login