Salient points of speech : Hon'ble Prime Minister Shri Narendra Modi ji addressing a public meeting in Rudrapur (Uttarakhand).


by Shri Narendra Modi -
12-02-2022
Press Release

 

 

आदरणीय प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी द्वारा रुद्रपुर, उत्तराखंड में आयोजित विजय संकल्प सभा में दिए गए उद्बोधन के मुख्य बिंदु

 

माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी ने आज शनिवार को रुद्रपुर, उत्तराखंड में आयोजित विजय संकल्प सभा को संबोधित किया और उत्तराखंड में विकास की गंगा को इसी तरह अविरल बहाए रखने के लिए एक बार पुनः डबल इंजन वाली भारतीय जनता पार्टी सरकार बनाने का आह्वान किया।

 

माननीय प्रधानमंत्री जी के उद्बोधन के मुख्य बिंदु:

 

       उधमसिंह नगर में एक तरह से मिनी इंडिया की झलक मिलती है। हिंदुस्तान का ऐसा कोई कोना नहीं होगा, जहां के लोग यहां नहीं रहते हों। आप सब एक भारत, श्रेष्ठ भारत की जीवंत तस्वीर हैं।

 

       आपने उत्तराखंड में एक बार फिर डबल इंजन की सरकार पर मुहर लगा दी है। आज उत्तराखंड में चुनाव प्रचार का आखिरी दिन है। मेरी भी यहां आज आखिरी प्रचार सभा है। यहां की भीड़ देखकर लग रहा है कि आप यहां मुझे भाजपा की धामी सरकार के शपथ ग्रहण का निमंत्रण देने आएं हैं। 14 फरवरी को आपको कमल के निशान पर बटन दबाना है।

 

       उत्तराखंड ने रिकॉर्ड समय में शत-प्रतिशत आबादी का सिंगल डोज़ वैक्सीनेशन करके दिखाया है। मैं इस जागरूकता और निष्ठा के लिए आप सब को बधाई देता हूँ। मैं युवा मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी जी को बधाई देता हूँ। धामी जी ने अपने कार्यों से ऐसे लोगों का मुंह बंद कर दिया है जो कहते थे कि पहाड़ी इलाकों में वैक्सीन पहुँच ही नहीं सकती।

 

       कोरोना के इस काल में डबल इंजन की सरकार ने उत्तराखंड में विकास को भी रफ्तार दी है और गरीबों की चिंता भी की है। इतना बड़ा संकट आया, सौ साल की सबसे बड़ी महामारी आई लेकिन यहां के तराई क्षेत्र से लेकर पहाड़ों पर बसे गाँवों तक हमारी सरकार ने किसी गरीब को भूखे नहीं सोने दिया।

 

       कांग्रेस पार्टी की दशकों से एक ही पॉलिसी रही है। चुनाव में वादे करो, सरकार बनाओ और घोटाले करो, भ्रष्टाचार करो। चुनाव आए तो फिर नए वादे करो। इस बार भी जो वादे इन्होंने किए हैं, वो झूठ का पुलिंदा हैं।

 

       कांग्रेस पार्टी गरीबी हटाने की बात करती है, लेकिन इनकी सच्चाई ये है कि ये गरीबी नहीं, गरीब को ही हटाने में लगे रहते हैं। दशकों तक इन लोगों ने पहाड़ के लोगों को बुनियादी सुविधाओं से वंचित रखा, गरीबों को पलायन के लिए मजबूर किया।

 

       कांग्रेस 40 साल से गरीबी हटाओ की बात कर रही है लेकिन वह गरीबी नहीं हटा पाई। उन्होंने लोगों को पलायन के लिए मजबूर किया, मुफ्त सिलिंडर नहीं दे पाए। शौचालय नहीं बने, नल से जल की सुविधा नहीं दे पाए।

 

       कांग्रेस की सरकार ने उत्तराखंड को सड़कों तक से वंचित रखा था। वो कहते थे पहाड़ी राज्य में आधुनिक हाइवेज कैसे बनेंगे। हम यहाँ हाइवे भी बना रहे हैं, रेलवे से भी जोड़ रहे हैं और एयरपोर्ट भी विकसित कर रहे हैं।

 

       कांग्रेस पार्टी के नेता आपके बीच आकर झूठ का चौका लगा रहे हैं लेकिन इसकी सच्चाई यही है कि ये उत्तराखंड में घोटालों के चौके-छक्के लगाते रहे हैं। ये तो वो लोग हैं जिन्होंने खनन माफियाओं के साथ मिलकर मां गंगा को ही नहर घोषित कर दिया था।

 

       ये लोग माँ गंगा के नाम पर भी लूट मचाने में लग गए थे। यही हम में और उनमें फर्क है। हम माँ गंगा की स्वच्छता के लिए काम करते हैं, ये माँ गंगा के नाम पर हाथ साफ करने के लिए काम करते हैं।

 

       भारत एक है, यह देश एक है लेकिन कांग्रेस का कहना है कि भारत कोई राष्ट्र नहीं है। कांग्रेस भारत को एक राष्ट्र मानने को भी तैयार नहीं है। जिन लोगों को देश की विरासत कभी समझ नहीं आई, जिन लोगों ने कभी मां भारती की रक्षा के लिए मरने-मिटने वालों का सम्मान नहीं किया, वो आज संस्कृति की बात कर रहे हैं।

 

       बहुत पुरानी कहावत है- मुंह में राम, बगल में छुरी। इनके मुंह में, दिल में राम तो कभी नहीं रहे, लेकिन ये उत्तराखंड को नुकसान पहुंचाने में कोई कसर बाकी नहीं छोड़ेंगे और आपने अभी सुना होगा, ये कांग्रेसी अब भारत को राष्ट्र मानने को तैयार नहीं हैं।

 

       जो लोग भारत को राष्ट्र ही मानते हों, राष्ट्र की भावना का अपमान करते हों, राष्ट्र के लिए शहीद होने वाले वीरों का अपमान करते हों, वो उत्तराखंड को तबाह करने के इरादे से यहां आए हैं। उत्तराखंड की सेवा तो आप तभी कर पाएंगे जब आपमें इस धरती के लिए आस्था हो। ये आस्था भारतीय जनता पार्टी को है।

 

       एक बार जिस राज्य के लोगों ने कांग्रेस को बाहर निकाला वहां दोबारा घुसने नहीं दिया। बंगाल के लोगों ने पांच दशक पहले कांग्रेस को खदेड़ा था। उसके बाद कांग्रेस को वापस नहीं आने दिया। तमिलनाडु में 6 दशक से वहां के लोगों ने कांग्रेस को सरकार में वापसी नहीं करने दी है।

 

       उत्तराखंड के पास एक अवसर है कि वो भी कांग्रेस को यहां से बेदखल करें। उत्तराखंड के पास आज जब भाजपा जैसा भरोसेमंद साथी है, तो मुझे पूरा विश्वास है कि वो कांग्रेस को हमेशा-हमेशा के लिए उत्तराखंड से विदा करेंगे। हम यहां हाईवे और एयरपोर्ट बना रहे हैं। पर्वत माला के तहत राष्ट्रीय रोपवे विकास कार्यक्रम के माध्यम से दूरदराज के क्षेत्रों में रोपवे कनेक्टिविटी प्रदान की जाएगी। नए मेडिकल कॉलेज और डिग्री कॉलेज खुलेंगे।

 

       ऊधमसिंह नगर में कई बंगाली परिवार रहते हैं। मैं पुष्कर सिंह धामी जी को बधाई देना चाहता हूं कि उन्होंने पुनर्वासित बंगाली के जाति प्रमाण पत्र से 'पूर्वी पाकिस्तान' का उल्लेख हटाने का फैसला किया।

 

       जिन लोगों ने देश की संस्कृति को कभी नहीं पहचाना आज उन्हें विरासत याद रही है। उन्हें अचानक उत्तराखंड की संस्कृति याद रही है। ऐसे लोग भारत को भी राष्ट्र मानने को तैयार नहीं है। जो भारत को देश नहीं मानते वे लोग उत्तराखंड को तबाह करने के लिए आए हैं। हम देवत्व के साथ कोई खिलवाड़ नहीं होने देंगे। इस बार आपको अपने वोट से तुष्टिकरण के मंसूबे को चूर कर देना है। आपको कांग्रेस के हर झूठ, षड़यंत्र का जवाब देना है।

 

       कोरोना काल में छोटे उद्यमियों को ढाई लाख करोड़ की मदद की गई। रिपोर्ट से सामने आया है कि एमएसएमई को समय पर मदद मिलने के कारण लाखों लोगों के रोजगार सुरक्षित हो गए। हमने एमएससई की परिभाषा बदली है। उसका लाभ छोटे उद्यमियों को हुआ है।

 

       हम विकास के लिए कोई कसर बाकी नहीं छोड़ रहे हैं। नई सड़कों का रिकॉर्ड बनाया है। ऑल वेदर रोड का काम पूरा हो रहा है। कुमाऊं के लिए मानस खंड का सकंल्प लिया है। टनकपुर-बागेश्वर की लाइन लाइन के जरिये उन इलाकों में ट्रेन पहुंचाई जा रही है। जहां आज तक नहीं पहुंची।

 

महेंद्र कुमार

(कार्यालय सचिव

To Write Comment Please Login