Salient points of speech : Hon'ble Prime Minister Shri Narendra Modi ji while addressing public rallies in Sagar and Betul (Madhya Pradesh)


by Shri Narendra Modi -
24-04-2024
Press Release

 

आदरणीय प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी द्वारा मध्य प्रदेश के सागर और बैतूल में आयोजित विशाल जनसभाओं में दिए गए उद्बोधन के मुख्य बिंदु

 

मध्य प्रदेश की धरती पर जनसमर्थन के इस सागर में कांग्रेस और इंडी गठबंधन की नैया डूबने वाली है। आशीर्वाद देने आए परिवारजनों का वंदन-अभिनंदन! जनता-जनार्दन का एक-एक वोट विकसित मध्य प्रदेश और विकसित भारत का मार्ग प्रशस्त करेगा।

******************

आज कांग्रेस की एक ऐसी सच्चाई देश के सामने आई है, जिसे जानकर हर कोई सन्न है। हमारा संविधान मना करता है कि किसी को भी धर्म के आधार पर आरक्षण नहीं दिया जाएगा।

******************

खुद बाबा साहेब आंबेडर भी धर्म के आधार पर आरक्षण के खिलाफ थे लेकिन कांग्रेस ने बरसों पहले ही धर्म के आधार पर आरक्षण का खतरनाक संकल्प ले लिया था। वो साल दर साल अपने इस संकल्प को पूरा करने में जुटी हुई है।

******************

OBC वर्ग की सबसे बड़ी दुश्मन है कांग्रेस, जिसने OBC से उनका हक छीन लिया है। कांग्रेस ने सामाजिक न्याय की हत्या की है, संविधान की भावना को ठोकर पहुंचाई है, बाबा साहेब का घोर अपमान किया है।

******************

काँग्रेस पार्टी को देश के संविधान से नफरत है। इनको भारत की पहचान से नफ़रत है। इसीलिए, ये हर उस प्रोजेक्ट पर काम कर रहे हैं, जिससे देश कमजोर हो, देश की साख कमजोर हो। ये लोग समाज को आपस में लड़वाने के लिए नए-नए पैंतरे लेकर आते हैं।

******************

आपके एक वोट ने पिछले 10 वर्षों में देश को तेज विकास की गारंटी दी है। भारत को दुनिया की पाँचवी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बना दिया। विदेशों में भारत का डंका बजा दिया।

******************

आपके एक वोट ने सीमा पार से हमें आँख दिखाने वाले दुश्मन के होश ठिकाने लगा दिया। अयोध्या में 500 साल के इंतज़ार के बाद रामलला को भव्य मंदिर में विराजमान कराया है।

******************

इंडी गठबंधन वाले इस बात की चर्चा कर रहे हैं कि प्रधानमंत्री कौन बनेगा? कहा जा रहा है कि ये लोग अब 'One year, One PM' formula यानि एक साल-एक पीएम के बारे में सोच रहे हैं।

******************

 

आदरणीय प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी ने आज बुधवार को मध्य प्रदेश के सागर और बैतूल में दो विशाल जनसभाओं को संबोधित किया और प्रदेश की जनता से अपील की कि इस बार मध्य प्रदेश की हर सीट पर भारी बहुमत से इस बार कमल खिलना चाहिए। इन महारैलियों में मध्यप्रदेश मुख्यमंत्री श्री मोहन यादव, उपमुख्यमंत्री श्री राजेन्द्र शुक्ल, वरिष्ठ नेता श्री नरोत्तम मिश्रा, विदिशा लोकसभा प्रत्याशी श्री शिवराज सिंह चौहान, बेतुल-हरदा प्रत्याशी श्री दुर्गादास उईके और सागर लोकसभा प्रत्याशी श्रीमती लता वानखेड़े अन्य नेतागण मंच पर उपस्थित रहे।

 

आदरणीय प्रधानमंत्री जी ने कहा कि आज सागर और बैतूल की धरती पर जनसागर उमड़ पड़ा है। पूरे मध्य प्रदेश ने फिर एक बार मोदी सरकार का मन बना दिया है। मुझे मध्य प्रदेश की जनता का आशीर्वाद चाहिए, यही मेरी सबसे बड़ी पूंजी है। जनता भगवान का रूप है और जब जनता आशीर्वाद देती है तो आशीर्वाद स्वयं भगवान का आशीर्वाद होता है। इन दिनों आशीर्वाद देने का एकमात्र तरीका कमल के निशान पर बटन दबाना है। देश के विकास के लिए एक स्थिर सरकार की कितनी आवश्यकता होती है, यह मध्य प्रदेश के लोग भली-भांति जानते हैं। सही नीति और सही विजन के साथ ही विकास संभव है। इसलिए, देश में विकास तब हुआ, जब कांग्रेस सत्ता से बाहर गई, और भाजपा ने सरकार बनाई। कांग्रेस शासन में मध्य प्रदेश बीमारू राज्य के रूप में जाना जाता था, मगर भाजपा सरकार में वहीं मध्य प्रदेश विकास की ऊंचाईयों को छू रहा है। मध्य प्रदेश में केन-बेतवा लिंक परियोजना का ऐतिहासिक कार्य शुरू हो गया है और सिंचाई के लिए बंडा-बृह सिंचाई परियोजना के काम को भी भाजपा सरकार ने गति प्रदान की है। मध्य प्रदेश में हाईवे का जाल बिछाया गया है, नर्मदा प्रगति पथ, विंध्य प्रगति पथ, मालवा-निमार प्रगति पथ, मध्य भारत प्रगति पथ, बुंदेलखंड प्रगति पथ और अटल प्रगति पथ जैसे एक्स्प्रेस-वे, मध्य प्रदेश की पहचान बने हैं। केंद्र की भाजपा सरकार ने मध्य प्रदेश को 350 से ज्यादा रेल परियोजनाओं की सौगात भी दी है। सागर में अस्पताल और मेडिकल कॉलेज का निर्माण भी किया गया है। 50 हजार करोड़ की लागत से बीन रिफाइनरी में, पेट्रो-केमिकल कॉम्प्लेक्स का कार्य भी शुरू किया गया है। भाजपा सरकार ने मध्य प्रदेश में इंफ्रास्ट्रक्चर, शिक्षा, स्वास्थ्य और सुरक्षा की दिशाओं में कार्य किया है। उद्योग को बढ़ावा देने की दिशा में राज्य के मुख्यमंत्री श्री मोहन यादव निरंतर कार्य कर रहे हैं।

 

श्री मोदी ने कहा कि देश की जनता के वोट ने विदेश में भारत का डंका बजा दिया, देश के दुश्मनों के होश को ठिकाने लगा दिया और 500 वर्षों बाद राम लला को भव्य राम मंदिर में विराजमान करवाया। पिछले 10 वर्षों में किए गए कार्य मात्र ट्रेलर हैं, अभी तो मुझे देश को बहुत आगे लेकर जाना है। आदिवासी क्रांतिकारी सरदार गंजन सिंह कोरकू और सरदार विष्णु सिंह गौण के योगदान को नहीं भुलाया जा सकता है। भाजपा सरकार ने भगवान बिरसा मुंडा की जयंती को राष्ट्रीय जनजाति गौरव दिवस घोषित किया और लाखों आदिवासियों को वन अधिकार का पटका दिया। पिछले 10 वर्षों में किए गए कल्याण कार्यों ने आदिवासी महिलाओं के जीवन को सुगम बनाने का काम किया है। मोदी सरकार ने बैतूल समेत समूचे मध्य प्रदेश के किसानों के लिए बहुत से कल्याणकारी कार्यों को पूर्ण किया हैं। दूसरी ओर तेलंगाना के कांग्रेस मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी एक विशेष समुदाय को आरक्षण देने की बात कह रहे हैं।

 

यशस्वी प्रधानमंत्री जी ने कहा कि गरीब माँ के बेटे मोदी ने देश की माताओं-बहनों के लिए बहुत से कार्य किए हैं। कोरोना काल में मोदी सरकार ने महिलाओं की रसोइयों में राशन की कमी नहीं होने दी। आज भी देश के घरों में गरीब कल्याण अन्न योजना का अनाज पकाया जा रहा है। यह मोदी की गारंटी है कि अगले 5 वर्ष तक देश के 80 करोड़ परिवारों को खाद्यान्न मिलता रहेगा। मोदी सरकार देश की माताओं-बहनों के लिए पानी, बिजली और शौचालय जैसी मूलभूत सुविधाओं को घर-घर पहुंचा रही है। मोदी ने स्वयं सहायता समूह की 3 करोड़ महिलाओं को लखपति दीदी बनाने का संकल्प लिया है।

 

श्री मोदी ने कहा कि आज कांग्रेस की ऐसी सच्चाई सामने आई है, जिसे सुनकर हर देशवासी सन्न हो गया है। देश के संविधान में स्पष्ट तौर पर कहा गया है कि धर्म के आधार पर कोई आरक्षण नहीं दिया जाएगा। स्वयं बाबा साहेब अंबेडकर भी धर्म के नाम पर आरक्षण के विरुद्ध थे लेकिन कांग्रेस ने वर्षों पहले धार्मिक आरक्षण का खतरनाक संकल्प लिया और इस संकल्प को पूरा करने के लिए कांग्रेस वर्ष दर वर्ष भांति भांति के हथकंडे अपना रही है। कांग्रेस देशवासियों के आंखों में धूल झोंककर अपना खेल कर रही है। कांग्रेस ने 2004 में आंध्र प्रदेश में धर्म आधारित आरक्षण देकर संविधान की मूल भावना का उल्लंघन किया। इसके बाद 2009 और 2014 के लोकसभा चुनाव में कांग्रेस ने दोनों बार धर्म के आधार पर आरक्षण का वादा किया था। कांग्रेस एससी, एसटी और ओबीसी का 15 प्रतिशत कोटा काटकर धर्म के आधार पर बांटना चाहती है। कर्नाटक में कांग्रेस की पिछली सरकार ने धर्म आधारित आरक्षण दिया था लेकिन भाजपा ने सरकार बनने के बाद बाबा साहब के प्रति समर्पण भाव से भारत के संविधान की पवित्रता का सम्मान करते हुए उस धर्म आधारित आरक्षण को खत्म कर दिया। एक बार फिर कांग्रेस ने कर्नाटक में गैर कानूनी तरीके से ओबीसी समाज के आंख में धूल झोंक कर एक वर्ग विशेष की सभी जातियों को ओबीसी कोटा में शामिल कर दिया। कांग्रेस यही फॉर्मूला पूरे देश में लागू करना चाहती है। चुनाव तो आएंगे जाएंगे लेकिन ये खतरनाक खेल देश की जनता की आने वाली पीढ़ियों को तबाह कर देगा। कांग्रेस ओबीसी समुदाय की सबसे बड़ी दुश्मन है। कांग्रेस ने सामाजिक न्याय की हत्या की है। कांग्रेस ने संविधान की भावना को ठोकर पहुंचाकर बाबा साहब का घोर अपमान किया है।

 

आदरणीय प्रधानमंत्री जी ने कहा कि कांग्रेस के राज्यों में चल रहे एससी एसटी और ओबीसी के आरक्षण को काट कर मुस्लिमों को देने के खेल को बंद करने के लिए मोदी को 400 पार चाहिए। मोदी को दलितों, आदिवासियों और ओबीसी के आरक्षण की रक्षा करनी है। मोदी जनता को रक्षण देकर ही रहेगा। कांग्रेस जनता की संपत्ति भी छीनना चाहती है। कांग्रेस देश में संपत्ति का सर्वे करवाकर अधिक संपत्ति और महिलाओं के गहने छीन कर अपने वोटबैंक को बांटने की बात कहती है। जनता को ये बिल्कुल मंजूर नहीं है। आज कांग्रेस का छिपा हुआ एजेंडा बाहर गया है। कांग्रेस ने आज विरासत पर टैक्स लगाने की घोषणा की है। भारत में हर घर में बुजुर्ग अपने पोता-पोतियों के लिए संपत्ति को बचाए रखते हैं लेकिन कांग्रेस इस विरासत पर भी कर लगाना चाहती है। कांग्रेस भारत के सामाजिक मूल्यों इतना कट चुकी है कि कांग्रेस को पारिवारिक मूल्यों का भी अंदाजा नहीं रहा है। भारतीय जरूरत के हिसाब से पैसे खर्च करते हैं, और बचत करने का प्रयास करते हैं लेकिन कांग्रेस पीढ़ी दर पीढ़ी चलने वाली संपत्ति को भी लूटना चाहती है। कांग्रेस का मंत्र है, कांग्रेस की लूट जिंदगी के साथ और जिंदगी के बाद भी। कांग्रेस को देश की पहचान और संविधान से नफरत है इसीलिए ये हर तरीके से देश की साख को कमजोर करना चाहते हैं। ये नेता समाजों को आपस में लड़वाने के लिए नए नए पैंतरे अपनाते हैं। कांग्रेस अब कह रही है कि यह कांग्रेस के शहजादे के सलाहकार का निजी बयान है जबकि 2011 में भी कांग्रेस ने देश में विरासत कर लागू करने की वकालत की थी। विरासत पर टैक्स लगाने की कांग्रेस की इच्छा बहुत पुरानी है। इंडी गठबंधन अब तक अपने नेतृत्व को तय नहीं कर पाया है, लेकिन भाजपा के पास मोदी का नेतृत्व, 10 वर्ष के कार्यों का हिसाब और अगले 25 वर्षों के विकास का रोडमैप है। इंडी गठबंधन के दल हर वर्ष, नया प्रधानमंत्री की योजना बना रहे हैं। यह मुंगेरीलाल के हसीन सपने नहीं, बल्कि देश को तबाह करने का खेल है।

 

श्री मोदी ने कहा कि भगवान राम को काल्पनिक बताने वाली कांग्रेस प्रभु राम की प्राण प्रतिष्ठा के निमत्रंण को ठुकरा दिया। जनता ने अब इस कांग्रेस को ठुकराने का निर्णय ले लिया है। कांग्रेस का विरोध केवल अयोध्या और राम मंदिर तक ही नहीं बल्कि इन नेताओं को मंदिर जाने वाले शरणार्थियों से भी दिक्कत है। पिछले वर्ष जब मैंने मध्य प्रदेश में संत रविदास मंदिर का उद्घाटन किया था तो कांग्रेस नेताओं ने कहा उस मंदिर पर भी प्रश्न खड़े किए थे। कांग्रेस को एक महान दलित संत का मंदिर भी बर्दाश्त नहीं होता।

 

यशस्वी प्रधानमंत्री जी ने उपस्थित जनसैलाब से आगामी 7 मई को स्थानीय प्रत्याशी को विजयी बनाकर राष्ट्रनिर्माण में अपनी भूमिका निभाने, देश में फिर एक बार मोदी सरकार बनाने और विकसित भारत के निर्माण में अपना योगदान देने की अपील की।

 

*************************

 

To Write Comment Please Login