Salient points of virtual press conference of BJP National Spokesperson Shri Gaurav Bhatia


29-05-2021
Press Release

 

 

भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता श्री गौरव भाटिया की प्रेस वार्ता के मुख्य बिंदु

 

भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता श्री गौरव भाटिया ने आज एक प्रेस वार्ता को वर्चुअली संबोधित किया और कांग्रेस पार्टी के नेता और मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ जी द्वारा भारत को बदनाम करने के वक्तव्य और राहुल गाँधी की गलत बयानबाजी पर कांग्रेस पार्टी को आड़े हाथों लेते हुए उस पर जम कर हमला बोला।

 

श्री भाटिया ने कहा कि एक ओर माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के नेतृत्व में केंद्र की भारतीय जनता पार्टी सरकार कोविड महामारी को परास्त करने के लिए दिन-रात काम कर रही है, वहीं दूसरी ओर कांग्रेस, आम आदमी पार्टी और सपा सहित कुछ विपक्षी पार्टियां कोविड के खिलाफ देश की निर्णायक लड़ाई को कमजोर करने में लगी हुई है।

 

कमलनाथ का बयान निंदनीय

 

भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि कल कांग्रेस परिवार के करीबी और मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री रह चुके कमलनाथ जी की ओर से एक निंदनीय और दुखद बयान आया कि भारत महान नहीं, बदनाम है। जब ये बयान सुना तो यकीन नहीं आया कि क्या उच्च संवैधानिक पद पर बैठ चुका कोई भारतीय नागरिक इतना घटिया और हल्का बयान दे सकता है? कमलनाथ जी, ‘हमारा भारत देश महान था, महान है और हमेशा महान रहेगा’।

 

श्री भाटिया ने कहा कि कांग्रेस का चरित्र रहा है दोहरा रवैया अपनाने का। कांग्रेस सत्ता सुख भोगने के लिए किसी भी स्तर तक उतर सकती है। कांग्रेस पार्टी और कांग्रेस के नेता पहले अपनी चीनी सोच और इटैलियन चश्मे को उतारें, तब भारत को देखें। ऐसा प्रतीत होता है कि कमलनाथ जी जो कहते हैं, वह कांग्रेस की विचारधारा और कांग्रेस अध्यक्षा सोनिया गांधी और राहुल गांधी की सहमति से करते हैं। भारत को बदनाम करना कमलनाथ जी और कांग्रेस की प्राथमिकता बन गई है।

 

भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता ने कहा कि कमलनाथ जी का बयान निंदनीय तो है ही, साथ ही, इससे देश-विदेश में रह रहे हर भारतवासी की भावना भी आहत हुई है।

 

  • आखिर कमलनाथ जी के इस घिनौने वक्तव्य पर कांग्रेस अब तक शांत क्यों है?
  • क्यों कांग्रेस की ओर से अब तक कोई बयान नहीं आया?
  • क्यों कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने अब तक इस पर अपनी चुप्पी नहीं तोड़ी?
  • क्या कांग्रेस पार्टी और कांग्रेस पार्टी की अध्यक्षा ऐसे बयानों का समर्थन करती हैं?
  • क्या सोनिया गांधी जी मानती हैं कि भारत महान नहीं, बदनाम है?

 

भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि कमलनाथ जी द्वारा भारत को बदनाम करने वाला बयान दिए जाने पर हर भारतवासी आहत हुआ है। अमेरिका तक कई लोगों के फोन आ रहे हैं कि कमलनाथ के इस बयान से उन्हें काफी दर्द हुआ है। कल अपने बयान में कमलनाथ जी ने यह भी कहा कि भारतीय मूल के जो निवासी अमेरिका में टैक्सी चला रहे हैं, उनसे भी लोग दूरी बना रहे हैं - यह बयान बिलकुल गलत है और कमलनाथ तथा कांग्रेस पार्टी की देश के नागरिकों के प्रति ओछी सोच को प्रदर्शित करती है।

 

कमलनाथ जी का आचरण देश के खिलाफ

 

श्री भाटिया ने कहा की कमलनाथ जी का आचरण पहले भी देश के खिलाफ ही रहा है। कुछ ही दिन पहले उनका एक वीडियो वायरल हुआ था जिसमें वे कांग्रेस पार्टी के कार्यकर्ताओं से कहते हुए दिखाई दे रहे हैं कि - आग लगा दो, यही समय है। उकसाओ लोगों को। क्या उच्च संवैधानिक पद पर रह चुके व्यक्ति का ऐसा बोलना सही है?

 

कांग्रेस को करना चाहिए आत्मचिंतन

 

श्री भाटिया ने कहा कि लोकतंत्र में विपक्ष की एक बहुत बड़ी जिम्मेदारी होती है। लोकतंत्र में हर एक को तथ्यों के आधार पर आलोचना करने का अधिकार है लेकिन देश को बदनाम करने और झूठ फैलाने का अधिकार किसी के पास नहीं हो सकता। कांग्रेस को इस पर आत्मचिंतन करना चाहिए।

 

कांग्रेस और कुछ विपक्षी पार्टियों द्वारा वैक्सीन पर सवाल

 

राष्ट्रीय प्रवक्ता ने कहा कि एक ओर भारत सरकार देश के हर नागरिक के लिए वैक्सीन सुनिश्चित कर रही है, वहीं दूसरी ओर कांग्रेस पार्टी और सपा सहित कई विपक्षी नेताओं ने जनता में यह भ्रम फैलाया कि वैक्सीन सुनिश्चित नहीं है। मैं राहुल गाँधी, शशि थरूर और अखिलेश यादव सहित सभी ऐसे विपक्षी नेताओं से अपील करता हूँ क्या उन्होंने वैक्सीनेशन को लेकर कभी नागरिकों से कोई अपील की? अखिलेश यादव ने तो मेड इन इंडिया वैक्सीन को बीजेपी का टीका तक कह दिया था।

 

B.1.617.2 पर भारत को बदनाम करने की साजिश - कांग्रेस और पाकिस्तान की सोच एक है

 

श्री भाटिया ने कहा कि कुछ दिनों पहले एक नया स्ट्रेन B.1.617.2 कई देशों में पाया गया। कुछ लोगों ने इसे इंडियन स्ट्रेन के रूप में भारत को बदनाम करने की कोशिश की लेकिन भारत के विरोध पर विश्व स्वास्थ्य संगठन WHO ने इसके वैज्ञानिक नाम B.1.617.2 से ही बुलाने के निर्देश दिए। पर, भारत में कांग्रेस सहित ऐसे दल हैं जो टूलकिट के आधार पर इस स्ट्रेन को कभी इंडियन वेरिएंट या इंडियन स्ट्रेन कह कर बुलाते हैं तो कभी मोविड कह कर। राहुल गाँधी से लेकर शशि थरूर तक ने ऐसा कह कर हिंदुस्तान को बदनाम करने की कोशिश की। कांग्रेस का यह प्रयास पाकिस्तान भी पहुँच गया और वहां के एक अखबार ने इस नए कोविड स्ट्रेन को इंडियन वेरिएंट कहा। आखिर मुझे समझ नहीं आता कि जो भाषा कांग्रेस की है, वही पाकिस्तान की भी भाषा कैसे बन जाती है? यह पहली बार नहीं है। सर्जिकल स्ट्राइक, एयर स्ट्राइक और धारा 370 के उन्मूलन के बाद भी कांग्रेस और पाकिस्तान, दोनों के बयान बिलकुल एक जैसे थे। आखिर ऐसा क्यों?

 

राहुल गाँधी द्वारा प्रधानमंत्री पद की गरिमा को ठेस पहुंचाना संकीर्ण मानसिकता

 

राहुल गाँधी पर करारा प्रहार करते हुए भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि कल राहुल गांधी ने अपनी प्रेस वार्ता में देश के प्रधानमंत्री के लिए ‘नौटंकी' शब्द का प्रयोग किया। ये क्या तरीका है? आप तथ्यों के आधार पर विरोध कीजिये लेकिन देश के प्रधानमंत्री पद की गरिमा का ख़याल तो रखिये! बाटला हाउस में आतंकियों की मौत पर कांग्रेस अध्यक्षा सोनिया गांधी के आंसू बहे, वो तो कांग्रेस के दिल के उद्गार थे, ये सबको पता है। देश को बचाने के लिए डॉक्टर्स के परिश्रम और उनकी बलिदान पर देश के प्रधानमंत्री का स्वाभाविक तौर पर भावुक हो जाने को लेकर कांग्रेस के नेता राहुल गाँधी द्वारा ‘नौटंकी' कहना वैचारिक दिवालियेपन की पराकाष्ठा है और निकृष्ट मानसिकता है। 

 

कांग्रेस सकारात्मक विपक्ष की भूमिका निभाए

 

श्री भाटिया ने कहा कि यह देश का सौभाग्य है कि श्री नरेन्द्र मोदी जैसे व्यक्तित्व हमारे प्रधानमंत्री हैं जो सबके कल्याण और सबके विश्वास में दिन-रात अविरल रूप से लगे रहते हैं। यह भी सुखद है कि केंद्र में ऐसी भारतीय जनता पार्टी-नीत एनडीए सरकार है जो बिना किसी भेदभाव के जनता की सेवा में लगी रहती है। कांग्रेस को नकारात्मक राजनीति छोड़ देना चाहिए और सकारात्मक विपक्ष की भूमिका निभानी चाहिए

महेंद्र पांडेय

(कार्यालय सचिव)

To Write Comment Please Login