Salient points of speech of Hon’ble Prime Minister Shri Narendra Modi ji while addressing party karkartas on the third consecutive victory of NDA in General Elections 2024


द्वारा श्री नरेंद्र मोदी -
04-06-2024
Press Release

 

आदरणीय प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी द्वारा लगातार तीसरी बार एनडीए सरकार को मिले स्पष्ट जनादेश के उपलक्ष्य में पार्टी केंद्रीय कार्यालय विस्तार में आयोजित कार्यक्रम में दिए गए उद्बोधन के मुख्य बिंदु

 

आज की ये विजय दुनिया के सबसे बड़े लोकतंत्र की जीत है। ये भारत के संविधान पर अटूट निष्ठा की जीत है। ये विकसित भारत के प्रण की जीत है। ये सबका साथ - सबका विकास के मंत्र की जीत है। ये 140 करोड़ भारतीयों की जीत है।

******************

मैं देशभर के सभी दलों, सभी उम्मीदवारों का भी अभिनंदन करता हूं। सभी की सक्रिय भागीदारी के बिना लोकतंत्र की ये विराट सफलता संभव नहीं थी। भाजपा के, NDA के हर कार्यकर्ता साथी को भी मेरा आभार!

******************

1962 के बाद पहली बार कोई सरकार अपने दो कार्यकाल पूरे करने के बाद तीसरी बार वापस आई है।

******************

10 वर्ष पहले देश ने बदलाव के लिए जनादेश दिया था। तब देश ने हमें निराशा के गहरे सागर से आशा के मोती निकालने का जिम्मा सौंपा था। हम सभी ने पूरी ईमानदारी से प्रयास किया, काम किया। 2019 में इसी प्रयास पर विश्वास व्यक्त करते हुए देश ने दोबारा प्रचंड जनादेश दिया। इसके बाद NDA का दूसरा कार्यकाल विकास और विरासत की गारंटी बन गया।

******************

2024 में इसी गारंटी के साथ, हम जन-जन का आशीर्वाद लेने देश के कोने-कोने में गए। आज तीसरी बार जो आशीर्वाद NDA को मिला है, मैं उसके सामने विनय भाव से नतमस्तक हूं।

******************

आप 10 घंटे काम करेंगे तो मोदी 18 घंटे काम करेगा। आप दो कदम चलेंगे तो मोदी चार कदम चलेगा। हम भारतीय मिलकर चलेंगे, देश को आगे बढ़ाएंगे, तीसरे कार्यकाल में देश बड़े फैसलों का एक नया अध्याय लिखेगा।

******************

Women-led development हमारी सरकार के गवर्नेस मॉडल के केंद्र में रहा है। स्पोर्ट्स से स्पेस और एंटरप्रेन्योरशिप तक, हम हर क्षेत्र में माताओं-बहनों-बेटियों को नए अवसर देने के लिए काम करेंगे।

******************

भाजपा के हर कार्यकर्ता के लिए हमेशा से, दल से बड़ा देश रहा है। सेवाभाव से बड़ी राजनीति कोई नहीं हो सकती। इसलिए हमें सेवाभाव को सर्वोपरि रखने कि परंपरा को निरंतर मज़बूत करना है।

******************

केंद्र की NDA सरकार, सभी राज्य सरकारों के साथ, चाहें वो किसी भी दल की क्यों ना हों, मिलकर काम करेगी। विकसित भारत के लक्ष्य के लिए हम खूब मेहनत करेंगे, जमकर मेहनत करेंगे, हमारे पास रुकने का, थमने का समय नहीं है। ये राष्ट्रनीति के लिए एकजुट होकर आगे बढ़ने का समय है।

******************

 

आदरणीय प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी ने आज मंगलवार को लगातार तीसरी बार एनडीए सरकार को मिले स्पष्ट जनादेश के उपलक्ष्य में पार्टी केंद्रीय कार्यालय विस्तार में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सभी देशवासियों, भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं और जनता जनार्दन को लोकसभा एवं आंध्र प्रदेश विधानसभा में एनडीए तथा ओडिशा विधानसभा चुनाव में भाजपा को प्रचंड बहुमत से विजयी बनाने के लिए आभार व्यक्त किया और देश को विकसित भारत बनाने के अपने लक्ष्य के प्रति अपनी कटिबद्धता व्यक्त करते हुए तीसरे कार्यकाल में देशहित के लिए बड़े निर्णय लेने का आह्वान किया।

 

आदरणीय प्रधानमंत्री ने कहा कि जनता के इस स्नेह, प्यार और आशीर्वाद के लिए मैं सभी देशवासियों का ऋणी हूं। आज बड़े मंगल के पावन दिन एनडीए की सरकार बननी तय है। देशवासियों ने भाजपा और एनडीए पर पूर्ण विश्वास जताया है एवं आज की ये विजय विश्व के सबसे बड़े लोकतंत्र की जीत है। ये जीत भारत के संविधान पर अटूट निष्ठा, विकसित भारत के प्रण, सबका साथ सबका विकास के मंत्र और 140 करोड़ भारतीयों की जीत है।

 

श्री मोदी ने कहा कि चुनाव आयोग ने लगभग 100 करोड़ मतदाताओं, 11 लाख पोलिग स्टेशनों, 1.5 करोड़ मतदान कर्मियों और 55 लाख वोटिंग मशीनों के साथ विश्व के सबसे बड़े लोकतंत्र के चुनाव को इतनी प्रचंड गर्मी में कुशलता से संपन्न किया है। भारत की चुनावी प्रक्रिया और इस चुनावी प्रक्रिया की प्रमाणिकता पर हर भारतीय को गर्व है। भारत के इन्फ्लुएंसर्स और ओपिनियन मेकर्स को भारत के लोकतंत्र के इस सामर्थ्य को गर्व से पूरे विश्व के सामने प्रस्तुत करना चाहिए। जम्मू कश्मीर के मतदाताओं ने इस चुनाव रिकॉर्ड तोड़ मतदान कर जबर्दस्त उत्साह का प्रदर्शन किया है और विश्व में भारत की चुनावी प्रक्रिया को बदनाम करने वालों को आइना दिखाया है। मैं देश के मतदाताओं और जनता जनार्दन को विजय के इस पावन पर्व पर आदरपूर्वक नमन करता हूं। मैं देशभर के सभी दलों और उम्मीदवारों का भी अभिनंदन करता हूं। सभी की सक्रिय भागीदारी के बिना लोकतंत्र के ये विराट सफलता संभव नहीं थी। मैं भाजपा एवं एनडीए के हर कार्यकर्ता साथी को भी धन्यवाद करता हूं।

 

यशस्वी प्रधानमंत्री ने कहा कि भाजपा विरोधी एकजुट होकर भी उतनी सीटें नहीं जीत पाए जितनी इस लोकसभा चुनाव में अकेली भाजपा ने जीती हैं। 1962 के बाद पहली बार कोई गैर कांग्रेसी सरकार अपने दो कार्यकाल पूरे करने के बाद तीसरी बार सत्ता में वापस आई है। अरुणाचल प्रदेश, आंध्र प्रदेश, उडीसा और सिक्किम विधानसभा चुनावों में एनडीए को भव्य विजय मिली है एवं कांग्रेस का सूपड़ा साफ हो गया है। भाजपा उड़ीसा में सरकार बनाने जा रही है और यह पहली बार होगा जब महाप्रभु जगन्नाथ की धरती पर भाजपा का मुख्यमंत्री होगा। भाजपा ने केरल में भी सीट जीती है। केरल के कार्यकर्ताओं ने बहुत बलिदान दिए हैं। कई पीढ़ियों से वो संघर्ष भी करते रहे और जनसामान्य की सेवा भी करते रहे। उन्होंने पीढ़ियों से जिस क्षण की प्रतीक्षा की थी, वो आज सफलत हो रही है। तेलंगाना में भारतीय जनता पार्टी की संख्या दोगुनी हो गई है। मध्यप्रदेश, गुजरात, छत्तीसगढ़, दिल्ली, उत्तराखंड, हिमाचल जैसे कई राज्यों में भाजपा ने लगभग क्लीन स्वीप किया है। मैं इन सभी राज्यों, अरुणाचल प्रदेश, आंध्र प्रदेश, ओडिशा और सिक्किम विधानसभा के मतदाताओं का भी विशेष आभार व्यक्त करता हूं। आंध्र प्रदेश में श्री चंद्र बाबू नायडू जी के नेतृत्व में और बिहार में श्री नीतीश कुमार जी के नेतृत्व में एनडीए ने शानदार प्रदर्शन किया है। केन्द्र सरकार इन राज्यों के विकास के लिए कोई कसर बाकी नहीं छोड़ेगी।

 

श्री मोदी ने कहा कि 10 वर्ष पहले देश ने बदलाव के लिए जनादेश दिया था, तब देश निराशा की गर्त में डूब चुका था। प्रतिदिन अखबारों की हेडलाइन घोटालों से भरी रहती थीं, देश की युवा पीढ़ी अपने भविष्य को लेकर आशंकित थी, ऐसे समय देश ने हमें निराशा के गहरे सागर से आशा का मोती निकालने का जिम्मा सौंपा था। हम सभी ने पूरी ईमानदारी से कार्य किया। 2019 में इसी प्रयास और कार्य पर विश्वास व्यक्त करते हुए देश ने दोबारा एनडीए को प्रचंड जनादेश दिया। एनडीए का दूसरा कार्यकाल विकास और विरासत की गारंटी बन गया। 2024 में इसी गारंटी के साथ हम जन-जन का आशीर्वाद लेने देश के कोने-कोने में गए। आज तीसरी बार जो आशीर्वाद एनडीए को मिला है, मैं इसके लिए जनता के सामने विनय भाव से नतमस्तक हूं।

 

यशस्वी प्रधानमंत्री ने कहा कि आज का यह पल मेरे लिए भी भावुक करने वाला पल है। मेरी मां के जाने के बाद ये मेरा पहला चुनाव था लेकिन देश की कोटि कोटि माताओं बहनों ने मुझे मां की कमी नहीं खलने दी। देश की इतिहास में महिलाओं के मतदान के सभी रिकॉर्ड टूट गए हैं और इस प्यार को मैं शब्दों में बयां नहीं कर सकता। पिछले 10 वर्षों में देश ने बहुत बड़े फैसले लिए हैं। राष्ट्र प्रथम की भावना हमें असामान्य लक्ष्य हासिल करने का हौसला देती है और हमारे अंदर कुछ कर गुजरने की इच्छा शक्ति उत्पन्न करती है। हमने विश्व की सबसे बड़ी जनकल्याणकारी योजनाएं चलाईं। आजादी के 70 वर्ष बाद 12 करोड़ लोगों को नल से जल, 4 करोड़ गरीबों को पक्के घर, 80 करोड़ जरूरतमंदों को निशुल्क राशन की सुविधा और करोड़ों गरीबों को आयुष्मान भारत का लाभ मिला। जम्मू कश्मीर से धारा 370 हटी और जीएसटी जैसा सुधार हुआ। कोरोना के संकट के समय भी भाजपा ने देशहित और जनहित का फैसला लिया एवं हर दवाब से अलग हटकर कदम उठाए जिसके परिणामस्वरूप आज भारत विश्व की सबसे तेजी से विकसित होती अर्थव्यवस्था बन गई है। राष्ट्र प्रथमकी यही भावना भारत को आत्मनिर्भर बनाएगी। देशवासियों की मेहनत और गर्मी में बहाया गया पसीना मोदी को निरंतर काम करने की प्रेरणा देता है। अगर जनता 10 घंटे काम करेगी तो मोदी 18 घंटे काम करेगा और जनता 2 कदम चलेगी तो मोदी 4 कदम चलेगा। हम भारतीय मिलकर देश को आगे बढ़ाएंगे एवं तीसरे कार्यकाल में देश बड़े फैसलों का एक नया अध्याय लिखेगा।

 

श्री मोदी ने कहा कि एनडीए सरकार की प्रतिबद्धता हमेशा से समाज के हर क्षेत्र और हर वर्ग के विकास की रही है। बीते 10 वर्षों में सरकार ने 25 करोड़ लोगों को गरीबी से बाहर निकाला है और उसमें भी सबसे अधिक संख्या पिछड़े, दलितों और आदिवासियों की है। हम तब तक नहीं रुकेंगे जब तक गरीबी देश के अतीत का हिस्सा न हो जाए। महिला केंद्रित विकास, एनडीए सरकार के गवर्नेंस मॉडल के केन्द्र में रहा है। स्पोर्ट्स से स्पेस और उद्यमिता तक हर क्षेत्र में हम माताओं, बहनों और बेटियों को नए अवसर देने के लिए कार्य करेंगे। बीते 10 वर्षों में मेडिकल कॉलेजों की संख्या दोगुनी हुई, एम्स की संख्या तीन गुनी हुई, स्व-रोजगार और स्टार्टअप में एतिहासिक बढ़ोतरी हुई है। भारत, दुनिया का दूसरा सबसे बड़ा मोबाइल उत्पादक बना है। अब इलेक्ट्रॉनिक्स, सेमी कंडक्टर और ऐसे अन्य नए सेक्टरों में और तेजी से कार्य किया जाएगा।    

 

आदरणीय प्रधानमंत्री ने कहा कि एनडीए सरकार ने देश के रक्षा उत्पादों और निर्यात को बढ़ाने का प्रयास किया है। हम तब तक नहीं रुकेंगे जब तक देश रक्षा क्षेत्र में आत्मनिर्भर नहीं बन जाता। हम अपने युवाओं को शिक्षा, रोजगार और स्वरोजगार हर क्षेत्र में शसक्त करेंगे। किसानों के लिए बीज से बाजार तक आधुनिक बनाने का कार्य प्राथमिकता पर होगा। दलहन से लेकर खाद्य तेल तक किसानों को हर क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनाने के लिए हम कार्य करते रहेंगे। आने वाला समय हरित युग का है। हमारी सरकार की नीतियां, प्रगति, प्रकृति और संस्कृति के समागम की हैं। हम ग्रीन औद्योगीकरण पर निवेश बढ़ाएंगे। ग्रीन एनर्जी से लेकर ग्रीन मोबिलिटी तक हम भारत को सबसे आगे लेकर जाएंगे। भारत को दुनिया की तीसरी बड़ी अर्थव्यवस्था बनाने के लिए एनडीए सरकार पूरी शक्ति से कार्य करेगी।

 

श्री मोदी ने कहा कि आज का भारत वैश्विक समाधान का हिस्सा भी बन रहा है। हमने कोरोना के दौरान देखा है कि कैसे भारत की वैक्सीन क्षमता ने दुनिया को संकट से बचाने में मदद की। हमारे चंद्रयान ने चंद्रमा के दक्षिणी ध्रुव पर लैंडिंग करके स्पेस अन्वेषण के नए रास्ते खोले हैं।  जलवायु परिवर्तन से लेकर खाद्य सुरक्षा तक विश्व के हर विषय के लिए काम करना, भारत अपनी जिम्मेदारी समझता है। भारत को वैश्विक सप्लाई चेन को स्थिरता और विविधता प्रदान करना भी अपना दायित्व समझता है। इसलिए भारत का विश्वबंधु के रूप में सबको गले लगा रहा है। मजबूत भारत, मजबूत विश्व का मजबूत स्तम्भ सिद्ध होगा। 21वीं सदी के भारत को आगे बढ़ने के लिए भारत को भ्रष्टाचार पर लगातार तेज प्रहार करना होगा। डिजिटल इंडिया और तकनीक ने भ्रष्टाचार के अनेक रास्ते बंद किए हैं लेकिन भ्रष्टाचार के विरुद्ध लड़ाई दिनोंदिन कठिन हो रही है। राजनीतिक स्वार्थ के लिए जब भ्रष्टाचार का महिमामंडन शुरू हो जाए और निर्लज्जता की सारी हदें पार हो जाएं तो भ्रष्टाचार को बहुत ताकत मिल जाती है इसलिए एनडीए सरकार का जोर हर प्रकार के भ्रष्टाचार को जड़ से उखाड़ फेंकने पर होगा।

 

आदरणीय प्रधानमंत्री जी ने कहा कि भाजपा के हर कार्यकर्ता के लिए दल से बड़ा देश रहा है। भाजपा का कार्यकर्ता जन आकांक्षाओं, जन भावनाओं और जन अपेक्षाओं का प्रतिनिधित्व करता है। छत्रपति शिवाजी महाराज का जीवन ध्येय पथ पर अड़िग रहने की प्रेरणा है। अपने ध्येय पथ पर आगे बढ़ते हुए हम देशहित को सर्वोपरि रखेंगे तभी अपने लक्ष्य को हासिल कर पाएंगे। हमारा संविधान हमारा मार्गदर्शक है और इसी वर्ष संविधान के 75 वर्ष पूरे होने जा रहे हैं। केन्द्र की एनडीए सरकार सभी राज्यों के साथ मिलकर काम करेगी और विकसित भारत के लक्ष्य के लिए जमकर मेहनत करेगी। विकसित भारत और भारत के उत्तम भविष्य के लिए हमें निरंतर बड़े निर्णय लेने हैं।

 

श्री मोदी ने कहा कि केन्द्र से लेकर पन्ना स्तर तक की भाजपा संगठन की टीम ने राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री जगत प्रकाश नड्डा जी के नेतृत्व में अनेक चुनौतियों के बीच हिम्मत और समर्पण भाव से राष्ट्र प्रथम के सिद्धांत को जीते हुए इस चुनावी जंग में एनडीए को विजय दिलाई है और ये सभी कोटि कोटि अभिनंदन के पात्र हैं। आज देशवासियों ने मुझ पर, भारतीय जनता पार्टी पर और एनडीए पर बहुत बड़ी कृपा की है। मैं 140 करोड़ देशवासियों का पुनः आभार व्यक्त करता हूं। मैं अपने एनडीए के सभी साथियों का भी हृदय से अभिनंदन करता हूं। मैं इस देश के महान लोकतंत्र और महान संविधान को श्रद्धापूर्वक नमन करता हूं। 

 

*************************

To Write Comment Please लॉगिन