केन्द्रीय मंत्री एवं भाजपा नेत्री श्रीमती स्मृति इरानी की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति


10-10-2017
Press Release

केन्द्रीय मंत्री एवं भाजपा नेत्री श्रीमती स्मृति इरानी की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति

राहुल गांधी विकास विरोधी है और वह एक विकसित और सशक्त भारत के विचार का मखौल उड़ा रहे हैं: स्मृति इरानी
**********
कांग्रेस पार्टी हमेशा विकास के ऊपर वोट बैंक की राजनीति को तरजीह देती आई है: स्मृति इरानी
**********
विकास का स्वागत किया जाना चाहिए या इसका अपमान?: स्मृति इरानी< /strong>
**********
कांग्रेस शासन भ्रष्टाचार का सल्तनत था जिसके निराशाजनक रिकॉर्ड ने देश को 70 साल तक नुकसान पहुंचाया है: स्मृति इरानी
**********

भाजपा नेत्री एवं केंद्रीय मंत्री श्रीमती स्मृति ईरानी ने आज कहा कि राहुल गांधी के हालिया वक्त्याव्यों ने पुष्टि की है कि वह न केवल विकास विरोधी हैं बल्कि वे एक विकसित और सशक्त भारत के विचार का भी मखौल उड़ा रहे हैं। उन्होंने स्पष्ट रूप से संकेत दिया है कि उनकी पार्टी विकास के ऊपर वोट बैंक की राजनीति को तरजीह देती है। जिस तरह से राहुल गांधी ने गुजरात के लोगों के सपने और आकांक्षाओं का मजाक उड़ाया है, वह दिसंबर 2017 में गुजरात में होने वाले विधानसभा चुनाव में कांग्रेस पार्टी की ऐतिहासिक हार का कारण सिद्ध होगा। उन्होंने आगे कहा कि 'विकास' का मजाक उड़ाने की बजाय इसका स्वागत किया जाना चाहिए। राहुल गांधी ऐसा करके गुजरात की 6.5 करोड़ जनता के सपने और आकांक्षाओं का अपमान कर रहे हैं।

स्मृति ईरानी ने कहा कि दशकों तक, कांग्रेस पार्टी और विशेषकर नेहरू-गांधी परिवार गुजरात विरोधी रहा है। सरदार पटेल और मोरारजी देसाई जैसे बड़े नेताओं को नेहरू-गांधी परिवार द्वारा बुरी तरह से अपमानित किया गया है और कांग्रेस पार्टी की यही प्रवृति पहले गुजरात के मुख्यमंत्री और अब देश के प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के साथ भी जारी है। सत्ता में रहते हुए, यूपीए सरकार ने नर्मदा बांध की ऊंचाई बढ़ाने में बाधा उत्पन्न किया और इस प्रकार गुजरात के लाखों किसानों को इससे मिलने वाले लाभ को भी अवरुद्ध किया।

स्मृती ईरानी ने कहा कि कांग्रेस पार्टी, जिसका शासन 'भ्रष्टाचार का सल्तनत' था, वह चुनावों से पहले गुजरात के लोगों को बदनाम करने वाली कहानियों को गढ़ रही है। गुजरात के लोग आने वाले विधान सभा चुनाव में कांग्रेस की इस साजिश का माकूल जवाब देंगे और इस 'भ्रष्टाचार के सल्तनत' को जितना संभव हो सके, अपने से दूर रखेंगे।

राजनीतिक कार्यकलापों में शामिल रहने के बजाय, राहुल गांधी को अपनी लोक सभा सीट अमेठी के लिए समय देना चाहिए, जिसे तत्काल ध्यान देने की जरूरत और अधिक विकास कार्यों की आवश्यकता है। अमेठी के लोग 'विकास' चाहते हैं, जबकि स्थानीय सांसद देश में घूम-घूम कर 'विकास' का मजाक उड़ा रहे हैं और भारत के गरीब लोगों का अपमान कर रहे हैं।

श्री जय शाह के खिलाफ कांग्रेस की हाल की आक्रामकता स्पष्ट रूप से सत्य से कोसों दूर है। श्री जय शाह का व्यवसाय पूरी तरह से वैध और कानूनी है। टीडीएस का भुगतान किया जाता है, ऋण चुकाया जाता है और नुकसान के बाद कंपनी बंद हो जाती है तो इसमें पक्षपात की बात कहाँ से आती है?

80 करोड़ के लेन-देन का जवाब मांगने के बजाय, जोकि पूर्ण रूप से क़ानून के दायरे में है, कांग्रेस के लिए उसके शासन में 80 घोटालों और भ्रष्टाचार एवं पद के लाभ का अनुचित दुरुपयोग करने के कारण देश को हुए 1,80,000 करोड़ के नुकसान पर जवाब देना ज्यादा विवेकपूर्ण होगा।

कितना हास्यास्पद है कि नेहरू-गांधी परिवार, जो एयरलाइन को घाटे से निकालने में विजय माल्या को कर्ज देने के लिए बैंकों पर दबाव डाल रहा था, वह अब दूसरों पर सवाल उठा रहा है!

कांग्रेस पार्टी पहले अपने घर को संभाले जो ताश के पत्तों की तरह बिखर रही है। बिहार में उन्होंने एक दलित नेता का अपमान किया और राज्य इकाई में तुच्छ झगड़े हो रहे हैं। हिमाचल प्रदेश, महाराष्ट्र, गुजरात और कई अन्य राज्यों में भी उसके प्रमुख नेता नाखुश हैं। एक पार्टी जो अपने ही घर को संभालने में विफल रही है, उससे देश को चलाने की उम्मीद रखना पूर्ण रूप से बेमानी है।

अतः, खुद के घोटाले और ग़लतियों से ध्यान हटाने की कांग्रेस की साजिश काम नहीं करेगी क्योंकि भारत के लोगों ने बार-बार उनको देखा है, परखा है और कांग्रेस के भ्रष्टाचार के सल्तनत को व्यापक रूप से खारिज किया है।

(महेंद्र पांडेय)

कार्यालय सचिव

To Write Comment Please लॉगिन