Press Release by BJP Kisan Morcha


25-04-2022
Press Release

 

भाजपा किसान मोर्चा राष्ट्रीय अध्यक्ष व सांसद श्री राजकुमार चाहर जी की प्रेस विज्ञप्ति

भाजपा किसान मोर्चा आजादी के अमृत महोत्सव की 75वीं वर्षगांठ के उपलक्ष्य पर यशस्वी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी द्वारा रसायन मुक्त, रोगमुक्त गौ आधारित प्राकृतिक खेती को अपनाने के लिए किए गए आह्वान को जन आंदोलन बनाने हेतु भाजपा किसान मोर्चा राष्ट्रीय अध्यक्ष व सांसद श्री राजकुमार चाहर जी के नेतृत्व में बिहार की राजधानी पटना के गंगा किनारे बसे बख्तियारपुर से 28 अप्रैल को पदयात्रा व किसान सम्मेलन कर कार्यक्रम का शुभारंभ करेगा।

 

भाजपा किसान मोर्चा राष्ट्रीय अध्यक्ष व सांसद श्री राजकुमार चाहर जी ने कहा की आदरणीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी की सर्वोच्च प्राथमिकता किसान कल्याण है, विगत 7 वर्षों से भाजपा कि केंद्र सरकार ने किसानों की समृद्धि, स्वावलंबन,आत्मनिर्भरता के लिए अनेकानेक किसान हितेषी कल्याणकारी योजनाएं चलाई है। माननीय प्रधानमंत्री जी की सोच है कि कैसे  किसानों को कर्ज युक्त,विष युक्त , रसायन युक्त, कैंसर युक्त खेती से निजात दिला करके किसान भाइयों को समृद्धि युक्त, कर्ज मुक्त, स्वास्थ्य वर्धक ,मृदा वर्धक, पोषण युक्त खेती करने के लिए प्रोत्साहित किया जाए।

किसानों के प्रति संवेदनशीलता का ही परिणाम है कि माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी ने सभी किसान भाइयों को गौ आधारित प्राकृतिक खेती अपनाने के लिए आह्वान किया कि किसानों को कम से कम अपने जमीन के छोटे से हिस्से में प्राकृतिक खेती को अपनाना चाहिए और महामहिम राज्यपाल आचार्य  देवव्रत जी के द्वारा कुरुक्षेत्र में प्रारंभ किए गए प्राकृतिक खेती के सफलतम प्रयोग सीखने चाहिए व अपने जीवन में अपनाना चाहिए।

 

 सांसद श्री राजकुमार चाहर जी ने कहा की मैं स्वयं माननीय प्रधानमंत्री जी के द्वारा आह्वान किए गए गौ आधारित प्राकृतिक खेती को अपनाउंगी और मैं संकल्प लेता हूं की मैं हमेशा अपने खेतों में गौ आधारित प्राकृतिक खेती ही करूंगा।  मैं सांगठनिक तौर पर और व्यक्तिगत स्तर पर देश भर में गौ आधारित प्राकृतिक खेती को जन आंदोलन बनाने के लिए अथक प्रयास करूंगा। चूँकि प्राकृतिक खेती जहर मुक्त ,कैंसर मुक्त ,रोगमुक्त ,कर्ज मुक्त खेती है और इसे न केवल हमारी मिट्टी की उर्वरता बढ़ेगी बल्कि जल संरक्षण, पर्यावरण संरक्षण भी होगा। जीरो बजट प्राकृतिक खेती से किसानों के जीवन में नए नए आयाम खुलेंगे जिससे समृद्ध किसान बनेगा और समृद्ध भारत का संकल्प पूर्ण होगा। श्री नरेंद्र मोदी जी की केंद्र सरकार ने अनेक पहल करते हुए परंपरागत खेती को बढ़ावा देने के लिए 2015-16 से 2019-20 तक 1632 करोड़ आवंटित किये है साथ ही साथ सरकार ने ऑर्गेनिक खेती को बढ़ावा देने के लिए परंपरागत कृषि विकास योजना भी चलाई है जिससे किसानों को प्राकृतिक खेती के लिए 50000 प्रति हेक्टेयर रुपए मिलते हैं इससे किसान जैविक खाद ,वर्मी कंपोस्ट,जैविक कीटनाशक खरीद सकते हैं।

 

भाजपा किसान मोर्चा राष्ट्रीय अध्यक्ष व सांसद श्री राजकुमार चाहर जी ने कहा भाजपा किसान मोर्चा बिहार कि राजधानी पटना के बख्तियारपुर में गयासपुर से बिधिपुर तक 5 किलोमीटर की गंगा किनारे पदयात्रा करेगा और बिधिपुर में गौ आधारित प्राकृतिक खेती पर किसान सम्मेलन कर किसान भाइयों को प्राकृतिक खेती के प्रति जागरूक व प्रोत्साहित कर इस आंदोलन को जनव्यापी आंदोलन बनाने का शुभारंभ करेगा। विदित है आदरणीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी ने गंगा किनारे दोनों तरफ  5-5 किलोमीटर तक, बसे सभी जिलों में प्राकृतिक खेती कोरिडोर बनाने का आह्वान किया था गंगा स्वच्छता अभियान में भी इससे मदद मिलेगी क्योंकि रसायन युक्त खेती से बहुत सारे विषैले रसायन बरसात में गंगा जी में मिल जाते हैं। प्राकृतिक खेती कोरिडोर के पहले चरण में उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश, बिहार ,झारखंड और पश्चिम बंगाल के गंगा किनारे लगे सभी जिले सम्मिलित है। पहले चरण में गंगा किनारे बसे सभी जिलों पर विशेष ध्यान रहेगा इसके बाद इसे देशव्यापी स्तर पर लागू किया जाएगा।

 

इस दिशा में भाजपा किसान मोर्चा ने कदम बढ़ाते हुए माननीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के  गौ आधारित प्राकृतिक खेती गंगा किनारे बसे जिलों में कोरिडोर बनाने के संकल्प को अमलीजामा पहनाने के लिए बिहार के पटना से शुभारंभ करने का निर्णय लिया है। भाजपा किसान मोर्चा आने वाले समय में देशभर के जिलों में किसान चौपाल, किसान सभाए करके गौ आधारित प्राकृतिक खेती को जन आंदोलन बनाने हेतु कार्यक्रम करेगा।

 

(मनोज यादव)

राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी

भाजपा किसान मोर्चा

To Write Comment Please लॉगिन