Press Release by BJP National Media Co-Head Dr. Sanjay Mayukh


25-11-2019
Press Release

 

 

भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय मीडिया सह-प्रमुख डॉ संजय मयूख की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति

 

भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री अमित शाह एवं भाजपा के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष श्री जगत प्रकाश नड्डा ने भारतीय राजनीति के संत, मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री एवं भाजपा के वरिष्ठ नेता श्री कैलाश चंद्र जोशी जी के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है। ज्ञात हो कि राजनीति को नई दिशा देने वाले, गरीबों कमजोर की आवाज़ और विनम्र एवं मृदुभाषी राजनेता, पूर्व मुख्यमंत्री कैलाश जोशी जी का कल देहावसान हो गया था।

 

आज प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के प्रतिनिधि के रूप में केंद्रीय मंत्री श्री महेन्द्र नाथ पाण्डेय ने भोपाल स्थित भाजपा के प्रदेश कार्यालय जाकर श्रद्धेय कैलाश जोशी जी को नमन करते हुए उनके पार्थिव शरीर पर श्रद्धा सुमन अर्पित किया। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री अमित शाह जी एवं राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष श्री जगत प्रकाश नड्डा जी के प्रतिनिधि के रूप में पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव श्री अरुण सिंह ने प्रदेश कार्यालय में स्वर्गीय श्री कैलाश जी जी को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।

 

प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी ने ट्वीट करते हुए कहा कि श्रद्धेय कैलाश जोशी जी एक ऐसे नेता थे जिन्होंने मध्य प्रदेश को विकसित करने में एक मजबूत योगदान दिया है। मध्य भारत और जन संघ में भाजपा को मजबूत करने के लिए उनका योगदान अतुलनीय रहा है। एक प्रभावी विधायक के रुप में उन्होंने अपनी अलग पहचान बनाई। उनके निधन से मुझे गहरा दुख हुआ है। दुःख की इस घड़ी में मैं उनके परिवार और समर्थकों के प्रति गहरी संवेदना प्रकट करता हूँ। शांति।

 

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री अमित शाह ने ट्वीट करते हुए कहा कि मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और भाजपा के वरिष्ठ नेता कैलाश जोशी जी के निधन का दुःखद समाचार प्राप्त हुआ। वे जमीन से जुड़े एक ऐसे नेता थे जो सदैव जनता के हितों के लिए प्रयासरत रहे। मध्य प्रदेश में संगठन विस्तार में उनकी अहम भूमिका रही। मैं उनके परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त करता हूँ।

 

भाजपा के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष श्री जगत प्रकाश नड्डा ने उनके निधन पर शोक प्रकट करते हुए कहा कि मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री एवं भाजपा के वरिष्ठ नेता श्री कैलाश चंद्र जोशी जी के निधन से मन अत्यंत दुखी है। उनका निधन संगठन के लिए एक अपूर्णीय क्षति है। मैं शोकाकुल परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त करता हूं और दिवंगत आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना करता हूँ। शांतिः।

 

 

Tweets:

 

 

(महेंद्र पांडेय)

कार्यालय सचिव

To Write Comment Please लॉगिन