Press release by BJP National Media Incharge Shri Anil Baluni on 06.02.2021


06-02-2021
Press Release

 

भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी श्री अनिल बलूनी द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति

 

देश भर में भारतीय जनता पार्टी द्वारा आज बजट 2021-22 पर विशेष प्रेस वार्ता

**************

अगले कुछ दिनों में देश के जन-जन के प्रति समर्पित आम बजट पर भाजपा द्वारा कई और प्रेस वार्ताएं आयोजित की जायेगी

**************

 

माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के नेतृत्व में देश के जन-जन के विकास को समर्पित आम बजट 2021-22 की विशेषताओं को लोगों तक पहुंचाने के लिए देश भर में भारतीय जनता पार्टी की ओर से प्रेस कांफ्रेंस आयोजित किये गए। अगले कुछ और दिनों तक देश के विभिन्न भागों में पार्टी द्वारा इस तरह की प्रेस वार्ताएं आयोजित की जायेगी।

 

केंद्रीय विदेश मंत्री श्री एस. जयशंकर ने आंध्र प्रदेश के विजयवाड़ा में, वरिष्ठ भाजपा नेता एवं केंद्रीय मंत्री श्री मुख्तार अब्बास नकवी ने उत्तर प्रदेश के कानपुर में, केन्द्रीय राज्य मंत्री डॉ जितेंद्र सिंह ने जम्मू के त्रिकुटा नगर स्थित प्रदेश भाजपा कार्यालय में, केंद्रीय जल शक्ति मंत्री श्री गजेंद्र शेखावत ने लखनऊ (यूपी) में तथा केंद्रीय मत्स्य, पशुपालन और डेयरी मंत्री गिरिराज सिंह ने पणजी में प्रेस वार्ता को संबोधित किया। इसके अतिरिक्त पार्टी के कई राष्ट्रीय पदाधिकारियों ने देश भर में प्रेस वार्ताएं आयोजित कीं। कल वित्त मंत्री श्रीमती निर्मला सीतारमण जी मुंबई में और वरिष्ठ केंद्रीय मंत्री श्री प्रकाश जावड़ेकर जी पुणे में प्रेस वार्ताओं को संबोधित करेंगे।

 

आन्ध्र प्रदेश में प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए केंद्रीय विदेश मंत्री श्री एस. जयशंकर ने कहा कि कोरोना महामारी के बाद भारत पहले से बहुत अलग है। आज हमारे लिए स्वास्थ्य, भलाई महत्वपूर्ण हो गए हैं और यही वजह है कि बजट में सरकार ने स्वास्थ्य और भलाई क्षेत्र को इतनी बड़ी प्राथमिकता दी है। उन्होंने इसके विभिन्न पहलुओं पर विस्तार से चर्चा की कि यह बजट सर्वस्पर्शी और सर्व समावेशी है।

 

केन्द्रीय राज्य मंत्री डॉ जितेंद्र सिंह ने जम्मू के त्रिकुटा नगर स्थित प्रदेश कार्यालय में एक पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुए वित्तीय वर्ष 2021-22 के बजट को भारत के आम लोगों के लिए हितकारी करार देते हुए कहा है कि बजट में स्वास्थ्य, कृषि ढांचागत विकास पर मुख्य रूप ध्यान केंद्रित किया गया है जिससे आने वाले सालों में भारत मजबूत बनकर विश्व मूर्ति बनेगा। डॉ सिंह ने कहा कि मोदी सरकार ने एक बार फिर परंपरागत रास्ते से अलग जाकर एक ऐसा बजट दिया है जिससे देश में ढांचागत विकास होगा और लोगों को बेहतर सुविधाएं मिल सकेंगी।

 

वरिष्ठ भाजपा नेता एवं केंद्रीय मंत्री श्री मुख्तार अब्बास नकवी ने कानपुर में प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए कहा कि केंद्रीय बजट 2021-22, समाज के सभी तबकों का "सम्मान के साथ सशक्तिकरण" सुनिश्चित कर "आत्मनिर्भर भारत के सफल सफर का हमसफ़र" है। यह बजट समाज के सभी जरूरतमंदों के सामाजिक-आर्थिक-शैक्षिक सशक्तिकरण और सेहत-सलामती के संकल्प से भरपूर है प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार का यह बजट निवेशकों, उद्योग और बुनियादी ढांचे के क्षेत्र में भी सकारात्मक बदलाव लाएगा।

 

वहीँ, केंद्रीय मत्स्य, पशुपालन और डेयरी मंत्री गिरिराज सिंह ने पणजी में प्रेस वार्ता को संबोधित को संबोधित करते हुए कहा कि पिछले यूपीए के शासनकाल की तुलना में एनडीए के शासनकाल के दौरान कृषि क्षेत्र के लिए बजटीय आवंटन में जबरदस्त वृद्धि हुई है। 2009-2014 के यूपीए के शासनकाल में कृषि बजट लगभग 88,000 करोड़ रुपये था। 2014-2020 में बजटीय खर्च बढ़कर 4 लाख करोड़ रुपये हो गया। यह बजटीय खर्च में 400 प्रतिशत से अधिक की वृद्धि है। उन्होंने कहा कि कुछ लोग कृषि कानूनों को लेकर किसानों को गुमराह कर देश को कमजोर करने की कोशिश कर रहे हैं। इसमें खासतौर पर वामपंथी और टुकड़े-टुकड़े गैंग शामिल हैं।

 

महेंद्र पांडेय

(कार्यालय सचिव)

To Write Comment Please लॉगिन