Press Release : Hon'ble BJP National President Shri J.P. Nadda paid last tributes to respected Madandas Devi ji in Pune


द्वारा श्री जगत प्रकाश नड्डा -
25-07-2023
Press Release

 

भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री जगत प्रकाश नड्डा ने पुणे में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के वरिष्ठ प्रचारक आदरणीय मदनदास देवी जी को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की

 

भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री जगत प्रकाश नड्डा ने आज मंगलवार को पुणे पहुंचकर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के वरिष्ठ प्रचारक एवं महान समाजसेवी आदरणीय श्री मदनदास देवी जी के पार्थिव शरीर पर भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित की। ज्ञात हो कि आदरणीय श्री मदनदास देवी जी का कल 24 जुलाई 2023 को बेंगलुरु में निधन हो गया था। उनका आज पुणे में अंतिम संस्कार किया गया।

 

आदरणीय मदनदास देवी जी छह दशकों तक संघ के प्रचारक रहे। इस दौरान उन्होंने कई महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभाईं। कठोर अनुशासन, समाज सेवा, संगठन के प्रति समर्पण और राष्ट्र के विकास के लिए लगातार चिंतन उनके व्यक्तित्व की खास पहचान थी। उन्होंने अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद् की आगे बढ़ाने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उन्होंने अपना पूरा जीवन राष्ट्रसेवा में समर्पित कर दिया।

 

माननीय राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि आदरणीय मदनदास देवी जी ने हमारी अनेक पीढ़ियों को राष्ट्रभक्ति और समाज सेवा के संस्कार से सिंचित किया है। 'श्री गुरुजी' के आदर्शों और सिद्धांतों को जन-जन में स्थापित कर माँ भारती की सेवा में संलग्न कोटिशः स्वयंसेवकों को उनसे निरंतर मार्गदर्शन प्राप्त होता रहा।

 

श्री नड्डा ने सोमवार को आदरणीय श्री मदनदास देवी जी के आकस्मिक निधन पर दुःख और गहरी पीड़ा व्यक्त करते हुए कहा था कि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के वरिष्ठ प्रचारक श्री मदन दास देवी जी के देवलोकगमन का समाचार अत्यंत दुःखद हैं। संघ के सह-सरकार्यवाह जैसे विभिन्न दायित्वों का कुशलतापूर्वक निर्वहन कर भारतीय संस्कृति को मजबूती प्रदान करने में आपका योगदान अविस्मरणीय है। उनका निधन समाज व राष्ट्र के लिए अपूरणीय क्षति है। ईश्वर पुण्यात्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान प्रदान करें।

 

Tweets:

 

      https://twitter.com/JPNadda/status/1683772491276374018

      https://twitter.com/JPNadda/status/1683326516388667392

****************

To Write Comment Please लॉगिन