Salient points of the press conference of BJP National Spokesperson Dr. Sambit Patra


द्वारा श्री संबित पात्रा -
03-09-2022
Press Release

 

 

भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता डॉ. संबित पात्रा की प्रेसवार्ता के मुख्य बिन्दु

 

भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता डॉ. संबित पात्रा ने आज केन्द्रीय कार्यालय में प्रेसवार्ता करके कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा पर तंज कसते हुए कहा कि जो भ्रष्टाचार नहीं छोड़ सकते, वो भारत क्या जोड़ेंगे? आजादी के बाद, पचास-साठ के दशक से ही नेहरू-गांधी परिवार भ्रष्टाचार में लिप्त रही. आज भी उसी परिवार के सोनिया गांधी और राहुल गांधी नेशनल हेराल्ड भ्रष्टाचार मामले में जमानत पर हैं।

 

पचास-साठ के दशक में उत्तर प्रदेश के चार बार मुख्यमंत्री रहे कांग्रेस नेता चन्द्रभानु गुप्ता की आत्मकथा के हवाले से डॉ. संबित पात्रा ने कहा कि सोनिया जी और राहुल जी को विरासत में ही भ्रष्टाचार मिली है। चन्द्रभानु गुप्ता जी ने अपनी जीवनी में नेशनल हेराल्ड मामले में व्याप्त भ्रष्टाचार को लेकर एक बहुत बड़ा खुलासा किया है। हालांकि चन्द्रभानु गुप्ता जी अब नहीं रहे, लेकिन पिछले वर्ष उनकी यह पुस्तक छपी है, जिसका नाम है “सफर कहीं रुका नहीं, कहीं झूका नहीं।“

 

उनके जीवनी से स्पष्ट होता है कि “डेजा-वू” यानी “नेशनल हेराल्ड मामले में, हूबहू आज वही दोहरायी जा रही है, जैसा पंडित नेहरू के समय हुआ था। स्व. गुप्ता जी ने लिखा है कि  नेशनल हेराल्ड का डायरेक्टर बनने के लिए पंडित जवाहर लाल नेहरू ने कांग्रेस के दिग्गज नेता पुरूषोत्तम दास टंडन, शिव प्रकाश गुप्त, आचार्य नरेन्द्र देव और उन पर (स्व. चन्द्रभानु  गुप्ता), दबाव डालकर उनके शेयर ख़रीदे। ऐनकेन प्रकारेण, पंडित नेहरू सौ शेयर हासिल कर नेशनल हेराल्ड पर कब्जा करना चाहते थे।

 

साठ के दशक में चन्द्रभानु गुप्ता ने लिखा था कि यदि कोई जांच एजेंसी नेशनल हेराल्ड की जांच करे, तो बहुत बड़ा खुलासा हो सकता है। कांग्रेस पार्टी की संस्कृति से उबने वाले गुलाम नबी आजाद जैसे नेता सिर्फ आज हीं नहीं, बल्कि उस समय भी कई थे, जिन्होंने सच्चाई को उजागर करते हुए नेहरू-गांधी परिवार द्वारा की जा रही गड़बड़ियों को सबके सामने रखा। उनकी जीवनी पढ़ने पर लगता है कि सिर्फ सोनिया जी एवं राहुल जी के काल में ही भ्रष्टाचार की शुरुआत नहीं हुई, बल्कि भ्रष्टाचार का सिलसिला नेहरु-गाँधी परिवार में, पचास-साठ के दशक से ही सतत जारी है।

 

स्व. चन्द्रभानु गुप्ता ने अपनी जीवनी में लिखा है कि नेशनल हेराल्ड की फंडिंग को लेकर बहुत सारे सवाल उठते रहे हैं। नेशनल हेराल्ड कोई कांग्रेस पार्टी की पत्रिका नहीं है और न ही स्वतंत्रता सेनानियों या भारत वर्ष की कहानी को प्रतिपादित करने के लिए ही यह कोई अखबार है। नेशनल हेराल्ड का इस्तेमाल सिर्फ पंडित नेहरू एवं इंदिरा गांधी को महिमा मंडित करने के लिए किया जाता रहा। इस अखबार में फंडिंग करने का तरीके भी अवैध रहे।

 

कांग्रेस पार्टी के तत्कालीन कद्दावर नेता चन्द्रभानु गुप्ता ने यह भी लिखा है कि नेशनल हेराल्ड की सिर्फ एक ही नीति थी कि नेहरू-गांधी परिवार को कैसे प्रमोट किया जाए। नेहरू-गांधी परिवार के विरोध में लिखने वाले प्रेस के खिलाफ मुहिम छेड़़ने के लिए इस अखबार का इस्तेमाल किया जाता रहा। उस समय भी गलत तरीके से कांग्रेस पार्टी ने नेशनल हेराल्ड को पैसे दिए थे, जो पैसा चंदे के रूप में कांग्रेस पार्टी को मिली थी।

 

आज भी असंवैधानिक एवं गलत तरीके से कांग्रेस पार्टी द्वारा नेशनल हेराल्ड को 90 करोड़ रुपए देने का मामला चल रहा है। आज भी भ्रष्टाचार के मामले हैं और उस समय भी भ्रष्टाचार के मामले थे,  अर्थात नेहरू-गांधी परिवार द्वारा भ्रष्टाचार बे-रोकटोक सतत चला आ रहा है।

 

वर्ष 2013 से नेशनल हेराल्ड मामले में आरोपी नम्बर एक सोनिया गांधी और आरोपी नम्बर दो राहुल गांधी, दोनो ही जमानत पर चल रहे हैं। इस मामले में जब ईडी इन दोनों से पूछताछ कर रही थी, तब कांग्रेस ने भ्रष्टाचारियों को बचाने के लिए देशभर में धरना-प्रदर्शन किया था। कांग्रेस ने एक तरफ सड़कों पर अपने कार्यकर्त्ताओं से दंगे एवं उपद्रव तो कराये ही साथ ही, संसद की कार्यवाही ठप करने में भी जुटे रहे। कांग्रेस का मुख्य उद्देश्य था कि किसी भी तरीके से पूछताछ करने वाली केन्द्रीय जांच एजेंसी ईडी पर दबाव डाल कर जाँच को रुकवाई जाए।

 

“भ्रष्टाचार एवं घोटाला” बनाम “विकास एवं स्वाभिमान” की लड़ाई

 

·        माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने भ्रष्टाचार के खिलाफ मुहिम छेड़ा है। भारतीय जनता पार्टी भ्रष्टाचार को लेकर जीरो टॉलेरेंस की नीति पर चलती है। भ्रष्टाचार के खिलाफ अभियान देश में चल रहा है। आज पूरे भारतवर्ष में “भ्रष्टाचार एवं घोटाला” बनाम “विकास एवं स्वाभिमान” की लड़ाई चल रही है।

 

·        कांग्रेस पार्टी कल से भारत जोड़ो (तोड़ो) आंदोलन शुरू कर रही है। दरअसल, कांग्रेस पार्टी को समझना चाहिए कि भारत केवल वही जोड़ सकता है, जो भ्रष्टाचार छोड़ सकता है। जो भ्रष्टाचार छोड़ नहीं सकता है, वह कैसे भारत जोड़ सकता है?

 

·        सच्चाई है कि कांग्रेस पार्टी भारत जोड़ो यात्रा नहीं कर रही है, बल्कि गांधी परिवार बचाओ यात्रा कर रही है। कांग्रेस महासचिव राहुल गांधी देश की जनता को बताएं कि आखिर भारत जोड़ो यात्रा की वास्तविकता क्या है?  

 

यूनाईटेड किंगडम से ऊपर उठा भारत

·        आजादी के अमृत महोत्सव में बहुत बड़ी खुशखबरी आयी है कि वैश्विक आर्थिक जगत में भारत ने ब्रिटेन को पीछे छोड़ते हुए दुनिया की पांचवीं सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था वाला देश बन गया है. इससे भारतीय स्वाभिमान और मजबूत हुआ है।

 

·        75 साल पूर्व भारत जिसके अधीन था, आज वह हिन्दुस्तान आर्थिक रूप से उनसे बड़ा हो गया है। माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के कुशल नेतृत्व में ही यह संभव हो पाया है. इसीलिए कहा जाता है, मोदी है तो मुमकीन है।

 

भारतीय नौसेना के झंडे से गुलामी का चिन्ह हटाने पर कांग्रेस में मातम क्यों?

·        दूसरी ओर, कांग्रेस पार्टी अपनी औपनिवेशिक मानसिकता छोड़ने के लिए अब भी तैयार नहीं है। अंग्रेजों ने भारतीय नौसेना के झंडे के साथ सेंट जार्ज का निशान लगा दिया था।

·        2001 और 2004 के बीच में, पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की सरकार ने अंग्रेजों के इस निशान को भारतीय नौसेना के झंडे से हटवा दिया था।

·        सोनिया गांधी के निर्देश पर मनमोहन सरकार ने 2004 में अंग्रेजों की निशानी सेंट जार्ज के प्रतीक चिन्ह को एक बार पुनः भारतीय नौसेना के झंडे के साथ जोड़ दिया था।

 

·        प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने एक बार फिर भारतीय नौसेना के झंडे के साथ अंग्रेजों की गुलामी के प्रतीक निशान को हटा दिया। देशवासी गर्व के साथ कह सकते हैं कि मोदी है तो मुमकीन है। छत्रपति शिवाजी के प्रतीक चिन्ह को भारतीय नौसेना के झंडे से लगाया गया है, जिसने भारत के स्वाभिमान को बढ़ाया है। इसके लिए प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी को साधुवाद!

 

इस संबंध में, भारतीय जनता पार्टी सोनिया जी, राहुल जी और पूरी कांग्रेस पार्टी से पूछना चाहती है कि अंग्रेजों के गुलामी के प्रतीक चिन्ह को भारतीय नौसेना के झंडे पर दोबार क्यों लगाया गया? जब कल एयरक्राफट कैरियर युद्धपोत आईएनएस विक्रांत देश को समर्पित किया गया और नौसेना के झंडे में बदलाव करके देश का स्वाभिमान बढ़ाया गया, तो गौरवान्वित होने वाले दिन पर कांग्रेस क्यों मातम मना रही थी?   

 

महिलाओं के सम्मान में ठेस पहुंचाने वाले बयान के लिए अशोक गहलोत माफी मांगे

 

कांग्रेस नेता एवं राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने महिलाओं के सशक्तिकरण एवं सम्मान पर जिस प्रकार से हमला किया है वह बेहद दुखद है।

·        एनसीआरबी आंकड़े के अनुसार, कांग्रेस शासित राज्य राजस्थान बलात्कार के मामले में, पूरे देश में प्रथम स्थान पर है । वर्ष 2021 में 6,340 बलात्कार के मामले राजस्थान में दर्ज किए गए हैं।

·        राजस्थान की कानून व्यवस्था को लेकर सवाल पूछने पर मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने बेहद असंवेदनशील  जवाब दिया है, जो भर्त्सनीय है।

·        अशोक गहलोत ने कहा है कि कोई विदेशी आकर राजस्थान में बलात्कार नहीं करता, बल्कि लड़की के रिश्तेदार और घरवाले ही बलात्कार करते हैं। बलात्कार के मामले में 56 प्रतिशत लड़कियां झूठे केस दर्ज कराती हैं, उनके साथ कोई बलात्कार की घटना नहीं होती है। उन लड़कियों पर केस दर्ज किया जाएगा।

 

भाजपा के सवाल  

·        जिस राज्य के मुख्यमंत्री ऐसा बयान देंगे, तो क्या उस राज्य की लड़कियां बलात्कार होने पर एफआईआर दर्ज कराने जाएंगी?

·        क्या राजस्थान में महिलाएं स्वयं को सशक्त महसूस करेंगी?

·        क्या महिलाएं कानून के सामने अपनी समस्याएं रख पाएंगी?

 

इस प्रकार के बयान से अशोक गहलोत ने कहीं न कहीं कांग्रेस की मानसिकता को ही प्रोजेक्ट किया है। भारतीय जनता पार्टी मांग करती है कि मुख्यमंत्री अशोक गहलोत इस बयान के लिए माफी मांगे।

[[[[[

To Write Comment Please लॉगिन