Salient points of the press conference : BJP National Spokesperson Dr. Sambit Patra


द्वारा श्री संबित पात्रा -
26-10-2022
Press Release

 

भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता डॉ संबित पात्रा की प्रेस वार्ता के मुख्य बिंदु

 

भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता डॉ संबित पात्रा ने आज भाजपा के केंद्रीय कार्यालय में आज एक प्रेस वार्ता को संबोधित किया और अरविंद केजरीवाल की प्रेस वार्ता और सियासी राजनीतिक ड्रामे को लेकर आम आदमी पार्टी और अरविंद केजरीवाल पर जम कर हमला किया।

 

       अरविंद केजरीवाल यू-टर्न पॉलिटिक्स के लिए जाने जाते हैं। वे अपनी सरकार की खामियों और आम आदमी पार्टी की हिंदू-विरोधी मानसिकता से देश की जनता का ध्यान भटकाने के लिए राजनीतिक ड्रामा कर रहे हैं। अरविंद केजरीवाल की आज की प्रेस वार्ता भी उनकी यू-टर्न की पॉलिटिक्स का ही एक और एक्सटेंशन है।

 

       ये वही अरविंद केजरीवाल हैं जिन्होंने थोड़े दिन पहले प्रेस वार्ता करके दिवाली मनाने वालों को जेल में डालने की बात कही थी। पूरा देश देख रहा है कि दिवाली मनाने वालों पर जेल में डालने की धमकी देने वाला आज किस प्रकार का  यू-टर्न ले रहा है।

 

       ये वही अरविंद केजरीवाल हैं जिन्होंने कहा था कि जहां राम मंदिर बन रहा है, वहां राम मंदिर नहीं बनना चाहिए बल्कि वहां पर तो अस्पताल बनना चाहिए। जनता को वह वीडियो देखना चाहिए जिसमें अरविंद केजरीवाल कहते दिखाई दे रहे हैं की मैं किसी भी कीमत पर उस राम मंदिर में अराधना नहीं करने जाउंगा क्योंकि भगवान् राम उस पूजा को स्वीकार नहीं करेंगे। किस तरह अरविंद केजरीवाल ने अपनी नानी को उद्धृत करते हुए कहा था कि अयोध्या में राम मंदिर नहीं बनना चाहिए, यह भी पूरा देश जानता है।

 

       ये वही अरविंद केजरीवाल हैं जिसने पवित्र स्वस्तिक चिह्न का अपमान किया था। उन्होंने ट्वीट भी किया था जिसमें स्वस्तिक चिह्न को झाड़ू से मारते दिखाया गया है। हिंदू धर्म का विरोध करना तो उनकी आदत रही है लेकिन, आज वही अरविंद केजरीवाल भक्त बनने की कोशिश कर रहे हैं।

 

       ये वही अरविंद केजरीवाल हैं जिनके एक मंत्री राजेंद्र पाल गौतम ने कुछ ही दिन पहले खुलेआम माँ लक्ष्मी और प्रभु गणेश जी सहित सभी देवी-देवताओं का अपमान किया था। दिखावे को तो भले ही राजेंद्र पाल गौतम को मंत्री पद से इस्तीफा देने को कहा गया लेकिन आज भी वे आम आदमी पार्टी के विधायक हैं और पार्टी के एक बड़े नेता हैं। अरविंद केजरीवाल ने आज तक हिंदू देवी देवताओं का अपमान करने वाले, उनका उपहास करने वाले राजेंद्र पाल गौतम को पार्टी से बर्खास्त नहीं किया है।

 

       दिल्ली दंगे के दौरान जिस तरह ताहिर हुसैन जैसे अरविंद केजरीवाल की पार्टी के नेताओं ने हिंसा की, हिन्दुओं के ऊपर प्रहार किया, पेट्रोल बम फेंका, हिन्दुओं का नरसंहार करने की साजिश रची, वह सबके सामने है। सबको मालूम है कि ताहिर हुसैन अरविंद केजरीवाल के कितने करीबी रहे हैं।

 

       ये वही अरविंद केजरीवाल हैं जिन्होंने सदन के अंदर कश्मीरी पंडितों के नरसंहार पर बनी फिल्म का उपहास किया था और कहा था कि ऐसा कुछ हुआ ही नहीं है। ये वही अरविंद केजरीवाल हैं जिन्होंने दिल्ली में कश्मीरी लोगों को नौकरी देने से मना कर दिया था। कश्मीरी हिंदुओं के ऊपर हंसने वाले केजरीवाल आज अचानक हिंदू बनने की चेष्टा कर रहे हैं, यह यू-टर्न की पराकाष्ठा ही नहीं, बल्कि सत्ता की लालच ने इन्हें मुखौटा पहनने पर मजबूर कर दिया है।

 

       अरविंद केजरीवाल और मनीष सिसोदिया ने शराब घोटाले में मोटा माल कमाया है। शराब माफियाओं से मोटा माल कमाने वालों और गरीबों के पैसे को गबन करने वालों को माँ लक्ष्मी और प्रभु गणेश जी कभी भी माफ़ नहीं करेंगे।

 

       जहाँ तक देश की अर्थव्यवस्था की बात है, तो  इसमें कोई शक नहीं है कि हिंदुस्तान के ऊपर मां लक्ष्मी और प्रभु गणेश जी का आशीर्वाद बना हुआ है, तभी तो जो हिन्दुस्तान 2014 में वैश्विक अर्थव्यवस्था में 11वें नंबर पर था, आज वह 5वें स्थान पर गया है और जिस रफ़्तार से देश की अर्थव्यस्था चल रही है, उससे आने वाले चंद सालों में ही हिंदुस्तान को दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी आर्थिक महाशक्ति बनने से कोई रोक नहीं सकता।

 

       इतना ही नहीं, विश्व पटल भी कह रहा है कि भले ही पूरी दुनिया मंदी के दौर में चली जाय, इसके बावजूद भारत पर मंदी का प्रभाव नहीं के बराबर रहेगा क्योंकि भारत पर और हमारे प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी पर माँ लक्ष्मी और प्रभु गणेश जी की विशेष कृपा बनी हुई है। प्रभु के आशीर्वाद से और हमारे प्रधानमंत्री जी के अथक परिश्रम से आज भारतवर्ष निरंतर आगे बढ़ रहा है।

 

       जहां तक दिल्ली की अर्थव्यवस्था की बात है तो दुःख के साथ कहना पड़ रहा है कि अरविंद केजरीवाल की विज्ञापन नीति ने दिल्ली की अर्थव्यस्था पर काफी बुरा प्रभाव डाला है। केजरीवाल जी अपने संसाधनों को विज्ञापन में ज्यादा और विकास पर कम खर्च करते हैं। यह दिल्ली की जनता के साथ सरासर धोखा है।

 

       अरविंद केजरीवाल 8 लाख रुपये का सामान बनाते हैं और 24 करोड़ रुपये इसके विज्ञापन पर खर्च करते हैं। इसके बाद दिल्ली की खराब अर्थव्यस्था का ठीकरा माँ लक्ष्मी जी और प्रभु गणेश जी पर फोड़ते हैं।

 

       अरविंद केजरीवाल जी, हमारे देश पर मां लक्ष्मी और गणेश जी का आशीर्वाद था, है और रहेगा लेकिन पहले आप अपनी नीयत ठीक कीजिये। केजरीवाल जी, काम कम और दिखावा ज्यादा की नीति और विज्ञापन की राजनीति को ठीक करना होगा।

 

*********************

To Write Comment Please लॉगिन