Salient points of press conference of BJP National Spokesperson Shri Gaurav Bhatia


द्वारा श्री गौरव भाटिया -
14-09-2022
Press Release

 

 

भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता श्री गौरव भाटिया की प्रेस वक्तव्य के मुख्यबिन्दु

 

भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता श्री गौरव भाटिया ने आज केन्द्रीय कार्यालय में मीडिया से बातचीत करते हुए पंजाब में आम आदमी पार्टी सरकार पर भ्रष्टाचार करने का आरोप लगाया और कहा कि आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल कालेधन के चक्कर में देश की सुरक्षा को भी नजर अंदाज कर रहे हैं।

 

दरअसल, यह “आप” नहीं “पाप” है, “जनता के लिए अभिशाप” है। बार-बार आम आदमी पार्टी का भ्रष्टाचारी चेहरा जनता के सामने आ रहा है। पंजाब में आम आदमी पार्टी की सरकार को एक ही दिन में दो झटके लगे है। उच्च न्यायालय ने आम आदमी पार्टी सरकार की दो योजनाओं पर रोक लगाते हुए पंजाब सरकार को फटकार भी लगायी है।

 

भारतीय राजनीति में अरविंद केजरीवाल सबसे ज्यादा भ्रष्ट नेता नजर आते हैं। उनकी एक ही मंशा है कि जनता को लूटो और अपनी तिजोरी भरो। अरविंद केजरीवाल का मॉडल ही भ्रष्टाचारी है। केजरीवाल जी और पंजाब सरकार से कुछ सवाल पूछना चाहती है-:

 

·        पहला सवाल - पंजाब की नयी खनन नीति और हर घर राशन की नीति को लेकर पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट के जो आदेश आए हैं, उसपर अरविंद केजरीवाल एवं भगवंत सिंह मान का क्या कहना है?

 

·        दूसरा सवाल - अरविंद केजरीवाल और भगवंत सिंह मान जवाब दें कि नई खनन नीति आखिर किस उद्देश्य से बनायी गयी?

 

·        तीसरा सवाल - इधर उधर की बात न करते हुए केजरीवाल जी और पंजाब सरकार बताए कि यह भ्रष्टाचार हुआ कैसे?

 

·        चौथा सवाल - छह महीने में आम आदमी पार्टी की सरकार ने पंजाब की जनता को क्या दिया है?

 

पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट ने आज आम आदमी पाटी सरकार की नयी खनन नीति पर रोक लगायी है, जबकि अरविंद केजरीवाल ने पंजाब से भ्रष्टाचार समाप्त करने का दावा कर रहे थे। सच्चई यह है कि केजरीवाल जी जहां जाते है, वहीँ भ्रष्टाचार शुरू हो जाता है। 

 

·        जनता के पैसे को आम आदमी पार्टी के तिजोरी में लाने के लिए पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान सरकार ने नयी खनन नीति लायी थी। इस खनन नीति में खुदाई की एक नयी परिभाषा दी गयी है कि पंजाब में नयी खनन नीति की परिभाषा में 3 फीट तक की खुदाई बगैर पर्यावरण क्लीयरेंस की जा सकती है।  

 

·        जनता द्वारा पंजाब सरकार के पास अवैध खनन की शिकायतें आ रही थीं, इसलिए नयी परिभाषा गढ़ दी गयी कि अवैध खनन को वैध बनाकर गोरखधंधा चलाया जा सके ताकि वे वाले लोग अरविंद केजरीवाल की तिजारी में चढ़ावा चढ़ा सकें।

 

·        भारतीय सेना ने उच्च न्यायालय में कहा है कि नयी खनन नीति से तीन फीट तक खुदाई होगी, तो इससे सीमावर्ती क्षेत्र में बने भारतीय सेना के बंकर पर असर पड़ेगा।

 

·        अरविंद केजरीवाल की भ्रष्टाचारी सोच देश की सुरक्षा के लिए खतरा है। पंजाब में नयी खनन नीति यह बताती है कि आम आदमी पार्टी को केवल भ्रष्टाचार और लूट-खसोट करना है, इन्हें देश की सुरक्षा से कोई लेना-देना नहीं। आम जनता के हित में काम करने से इनका कोई लेना-देना नहीं है।

 

इसी प्रकार से पंजाब में आम आदमी पार्टी की सरकार ने हर घर राशन पहुंचाने की नयी नीति लायी है। इनका मकसद हर घर राशन पहुँचाना नहीं, बल्कि जनता तक राशन पहुंचाने के नाम पर लूट-खसोट और भ्रष्टाचार करना है। बिना अध्ययन किए एक निजी कंपनी को लाभ पहुंचाने के लिए एक नयी नीति लाई गई, जिस पर हाईकोर्ट ने रोक लगा दी है।

 

·        पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट ने इस नीति पर सख्त टिप्पणी करते हुए आम आदमी पार्टी की सरकार से जवाब मांगा है कि नई नीति से निजी कंपनी को लाभ पहुंचाने का अंदेशा क्यों लग रहा है?

 

पंजाब में आम आदमी पार्टी सरकार के भ्रष्टाचार के तीनों विकेट गिर चुके हैं- 

 

·        पहला विकेट - पंजाब में आम आदमी पार्टी सरकार बनने के एक महीने के भीतर ही, वहां के स्वास्थ्य मंत्री विजय सिंगला को भ्रष्टाचार के आरोप में जेल जाना पड़ा। अरविंद केजरीवाल जी वक्तव्य दे रहे हैं कि पंजाब में भ्रष्टाचार समाप्त हो गया है।  

 

·        दूसरा विकेट - आम आदमी पार्टी सरकार की नयी खनन नीति से देश की सुरक्षा को खतरा है। इस पर उच्च न्यायालय ने रोक लगा दी है।

 

·        तीसरा विकेट - हर घर राशन पहुंचाने के नाम पर पंजाब के नागरिक को लूटने की आम आदमी पार्टी की मंशा पर भी उच्च न्यायालय ने रोक लगा दी है।

 

 

आम आदमी पार्टी एक बीमारी की तरह है। पहले दिल्ली में भ्रष्टाचार किया, शराब घोटाला, हवाला घोटाला, क्लास रूम घोटाला, डीटीसी बस घोटाला हुआ और अब यह बीमारी पंजाब में पहुंच चुकी है। लेकिन अरविंद केजरीवाल के दिखावे की राजनीति का धीरे धीरे अब अंत हो रहा है। भारतीय जनता पार्टी भ्रष्टाचार की इस बीमारी को रोकने के लिए पूरी तरह कटिबद्ध है।

 

To Write Comment Please लॉगिन