Salient points of the press conference of Hon'ble Union Minister Smt. Smriti Irani


द्वारा श्रीमती. स्मृति जुबिन ईरानी -
28-06-2023
Press Release

 

भारतीय जनता पार्टी की वरिष्ठ नेत्री एवं केंद्रीय मंत्री श्रीमती स्मृति ईरानी की प्रेसवार्ता के मुख्य बिन्दु

 

भारतीय जनता पार्टी की वरिष्ठ नेत्री और केंद्रीय मंत्री श्रीमती स्मृति ईरानी ने आज केन्द्रीय कार्यालय में आयोजित प्रेसवार्ता में देश  की लोकतांत्रिक व्यवस्था को उखाड़ फेंकने वाले संगठनों से जुड़े लोगों के साथ राहुल गांधी द्वारा बैठक करने पर सीधा निशाना साधाउन्होंने कहा कि सत्ता के मोह में राहुल गांधी इतने डूबे हुए हैं कि वे अमेरिका जाकर उनसे हाथ मिलाते, जिनका संबंध जमात-ए-इस्लामिक जैसे आतंकी संगठनों से है। राहुल गांधी उन लोगों के साथ भी बैठक करते हैं जिनका संबंध जॉर्ज सोरोस जैसे व्यक्ति से है, जो देश  की लोकतांत्रिक सरकार को उखाड़ फेंकने का खुलेआम ऐलान करता है।

 

भारतीय जनता पार्टी के आईटी प्रमुख श्री अमित मालवीय की ट्वीट को लेकर कांग्रेस पार्टी द्वारा एफआईआर दर्ज कराने के संदर्भ में श्रीमती स्मृति ईरानी ने कहा कि जून माह में एकबार फिर आपातकाल की याद ताजा कराते हुए गांधी खानदान ने पुन: प्रमाण दे दिया है कि कांग्रेस चाहे प्रदेश  की सत्ता में ही आ जाए, तब भी  कांग्रेस सत्य को दबाने के लिए किसी भी हद तक जा सकती है। एफआईआर के राजनीतिक स्वरूप को देश  की जनता समझ रही है। 

 

कांग्रेस नेता राहुल गांधी के साथ सुनीता विश्वनाथ की तस्वीर का हवाला देते हुए केन्द्रीय मंत्री ने राहुल गांधी से सवाल पूछा कि राहुल जी, आपका और जॉर्ज सोरोस का आखिर रिश्ता क्या है? राहुल गांधी अपने अमेरिकी दौरे में सुनीता विश्वनाथ के साथ बैठक करते हैं। ये वही सुनीता विश्वनाथ हैं जिन्हें जॉर्ज सोरोस द्वारा फंड दिया जाता है।

 

जो जॉर्ज सोरोस डंके की चोट पर कहता है कि वे हिन्दुस्तान के लोकतांत्रिक ढांचे के अभिन्न अंग और चुनी हुई सरकार को गिराना चाहते हैं, ऐसे संगठन और उससे सम्बद्ध लोगों के साथ गांधी खानदान अपने रिश्तों को आखिर क्यों मजबूत कर रहे है?

 

भारतीय जनता पार्टी ने यह सवाल पहले भी उठाया था कि किस प्रकार से जॉर्ज सोरोस भारत के लोकतंत्रिक रूप से चुनी हुई सरकार को उखाड़ फेंकना चाहता है। जब जार्ज सोरेस के इरादे के बारे में हर हिन्दुस्तानी को पता है तब भी ऐसी क्या मजबूरी थी कि राहुल गांधी ने जॉर्ज सोरेस के साथ काम करने वाले सुनीता विश्वनाथ के साथ बैठक की?

 

केन्द्रीय मंत्री श्रीमती ईरानी ने कहा कि जॉर्ज सोरोस द्वारा फंडेड संगठनों का राहुल गांधी से कोई नया नहीं, बल्कि बहुत पुराना संबंध रहा है। एक अन्य प्रकाशन से भी यह जानकारी सामने आई है और उसकी तस्वीरें इंटरनेट पर भी उपलब्ध है। ओपेन ग्लोबल सोसायटी के अध्यक्ष सलील शेट्टी ने राहुल गांधी के साथ भारत जोड़ो यात्रा की है जबकि सलिल शेट्टी का संबंध जॉर्ज सोरेस की संस्थान से है।

 

पब्लिक डोमेन में यह जानकारी भी उपलब्ध है कि 4 जुन को राहुल गांधी की न्यूयार्क कार्यक्रम के रजिट्रेशन के लिए एक व्यक्ति का नाम और नम्बर दिया गया। उस व्यक्ति का नाम तजीम असांरी है, जिसका संबंध इस्लामिक सर्किल ऑफ नार्थ अमेरिका और इंडियन अमेरिकन मुस्लिम काउंसिल से है।

 

इस्लामिक सर्किल ऑफ नार्थ अमेरिका के बारे में 28 फरवरी 2019 को यूएस कांग्रेस के हाउस ऑफ रिप्रजेंटेटीव में एक प्रस्ताव के दौरान कहा गया था कि इस्लामिक सर्किल ऑफ नार्थ अमेरिका का संबंध आतंकी संगठन जमात-ए-इस्लामिक से है। ये सारी जानकारी पब्लिक डोमेन में उपलब्ध है।

 

आखिर कांग्रेस को ऐसी कौन सी मजबूरी आन पड़ी कि राहुल गांधी के अमेरिकी दौरे में कार्यक्रम करने के लिए जमात-ए-इस्लामिक से संबंध रखने वाले संगठन से सहायता लेनी पड़ी?  

 

राजनीति नहीं, बल्कि राष्ट्र नीति की दृष्टि से सोचा जाए तो यह सवाल वाजिब भी है कि आखिर राहुल गांधी बाहरी ताकतों से मिलकर देश की जनता को क्या संदेश देना चाहते हैं? जो व्यक्ति कहता है कि भारत की लोकतांत्रिक सरकार को किसी भी कीमत पर उखाड़ फेंकेंगे, गांधी खानदान को वैसे लोगों से सहायता लेने की आवश्यकता क्यों पड़ रही है ?

 

*************

 

To Write Comment Please लॉगिन