Salient points of the press conference of senior BJP Leader Shri Ravi Shankar Prasad


द्वारा श्री रविशंकर प्रसाद -
07-12-2023
Press Release

 

भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता और पूर्व केन्द्रीय मंत्री श्री रवि शंकर प्रसाद की प्रेसवार्ता के मुख्य बिन्दु

 

कांग्रेस पार्टी और गांधी परिवार द्वारा भारत को विभाजित करने की अजीब योजनाएं चलायी जा रही हैं, जिसके तहत आजकल उत्तर और दक्षिण भारत को लेकर विभाजनकारी योजना भी शामिल हैं।

*******************

तेलंगाना के नए सीएम ए. रेवंत रेड्डी के बयान पर कांग्रेस नेत्री सोनिया गांधी, राहुल गांधी और कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे सहित जदयू सुप्रीमो एवं बिहार के सीएम नीतीश कुमार आखिर खामोश क्यों है?

*******************

कांग्रेस पार्टी राजनीतिक रूप से अपने को प्रासांगिक बनाए रखने के लिए आखिर कहां तक गिरेगी?

*******************

कांग्रेस पार्टी भारतीय सभ्यता, सांस्कृतिक, अध्यात्मिक, सामाजिक एवं राजनीतिक एकता को तोड़ने की कोशिश कर रही है, भारतीय जनता पार्टी इसकी कड़ी भर्त्सना करती है।

*******************

कांग्रेस पार्टी अपने क्षणिक लाभ के लिए भारत की सांस्कृतिक, अध्यात्मिक, सामाजिक एवं राजनीतिक एकता पर प्रहार न करे, जिसे बनाने के लिए हमारे संतों-सन्यासियों, विद्वानों ने अहम योगदान दिए हैं।

*******************

 

भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व केन्द्रीय मंत्री श्री रवि शंकर प्रसाद ने आज केंद्रीय कार्यालय में आयोजित प्रेसवार्ता में कांग्रेस नेता एवं तेलंगाना के नवनियुक्त मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी द्वारा विभाजनकारी बयान और बिहार का अपमान करने पर निशाना साधते हुए सवाल पूछे कि तेलंगाना के नए सीएम ए. रेवंत रेड्डी के बयान पर कांग्रेस नेत्री सोनिया गांधी, राहुल गांधी और कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे सहित जदयू सुप्रीमो एवं बिहार के सीएम नीतीश कुमार आखिर खामोश क्यों हैं? कांग्रेस पार्टी राजनीतिक रूप से अपने को प्रासंगिक बनाए रखने के लिए आखिर कहां तक गिरेगी?

 

कांग्रेस पार्टी भारतीय सभ्यता, सांस्कृतिक, अध्यात्मिक, सामाजिक एवं राजनीतिक एकता को तोड़ने की जो कोशिश कर रही है, भारतीय जनता पार्टी इसकी कड़ी भर्त्सना करती है। कांग्रेस पार्टी अपने क्षणिक लाभ के लिए भारत के सांस्कृतिक, अध्यात्मिक, सामाजिक एवं राजनीतिक एकता पर प्रहार न करे, जिसे बनाने के लिए हमारे संतों-सन्यासियों और मूर्धन्य विद्वानों ने अपने अहम योगदान दिए हैं।

 

श्री प्रसाद ने कहा कि कांग्रेस पार्टी और गांधी परिवार द्वारा भारत को विभाजित करने की अजीब योजनाएं चलायी जा रही हैं, जिसके तहत आजकल उत्तर और दक्षिण भारत को लेकर विभाजनकारी योजना भी शामिल हैं। उन्होंने कहा कि तेलंगाना के सीएम पद की शपथ लेने वाले रेवंत रेड्डी ने कहा है कि हमारा डीएनए बिहार यूपी से अच्छा है। तेलंगाना के पूर्व मुख्यमंत्री केसीआर के डीएनए में बिहार का अंश है, क्योंकि उनके पूर्वज बिहार के सीएम नीतीश कुमार की जाति के हैं, वे लोग बिहार से आए थे। 

 

भारतीय जनता पार्टी कांग्रेस पार्टी सहित सोनिया गांधी, राहुल गांधी और कांग्रेस अध्यक्ष खरगे जी से चंद सवालों का जवाब चाहती है।

 

·       रेवंत रेड्डी के सीएम पद के शपथ ग्रहण समारोह में माता जी (सोनिया गांधी), पुत्र जी (राहुल गांधी) और पुत्री जी (प्रियंका वाड्रा) गयी थीं। शपथ ग्रहण समारोह में गांधी परिवार के तीनो लोग गए थे, किन्तु ए. रेवंत रेड्डी से उनके बयान को वापस लेने के लिए किसी ने नहीं कहा, ऐसा क्यों?

 

·       कांग्रेस नेता के विभाजनकारी बयान को लेकर कांग्रेस पार्टी की क्या सोच है? क्या कांग्रेस पार्टी भारत की आजादी के इतिहास को समझती भी है? क्या कांग्रेस पार्टी भारत के अध्यात्मिक और सांस्कृतिक इतिहास को समझती है?

 

·       क्या राहुल गांधी भारतीय आजादी के इतिहास सहित भारतीय सांस्कृति एवं अध्यात्मिक इतिहास को समझते हैं?

 

·       राहुल गांधी की माता जी वर्तमान में रायबरेली से सांसद हैं, जो उत्तर प्रदेश में अवस्थित है। अमेठी लोकसभा चुनाव क्षेत्र में हार होने के डर से राहुल गांधी केरल के वायनाड से चुनाव लड़ने चले गए, क्योंकि वायनाड मुस्लिम बाहुल्य क्षेत्र है। क्या राहुल गांधी को भारत के बारे में बस यही समझ है?

 

·       क्या राहुल गांधी को मालूम है कि आदि शंकराचार्य जब केरल से चले थे, तब सुदूर उत्तर में जोशी मठ, सुदूर दक्षिण में श्रृंगेरी मठ, सुदूर पश्चिम में द्वारिका और सुदूर पूरब में पुरी मठ की स्थापना की थी?

 

·       क्या राहुल गांधी को मालूम है कि रामेश्वरम को बगैर प्रणाम किए प्रभु श्रीराम की कल्पना नहीं की जा सकती है? रामेश्वरम भारत के सुदूर दक्षिण में है।

 

·       तिरूपति बाला जी आज देश एवं दुनिया में रहने वाले हिन्दुओं के हृदय में बसा हुआ है, जो दक्षिण भारत में अवस्थित है। मदुरई में अवस्थित लक्ष्मी मंदिर, चिदाम्बरम मंदिर, तिरूवंतपुरम में भगवान विष्णु मंदिर हजारों साल पुराना है। क्या राहुल गांधी को यह सब मालूम है? 

 

·       क्या राहुल गांधी को मालूम है कि भारत की सांस्कृतिक एवं अध्यात्मिक एकता उत्तर और दक्षिण में समान रूप से है?

 

·       क्या गांधी परिवार को याद है कि सुदूर उत्तर भारत में अवस्थित माता वैष्णो देवी पर चढ़ने वाले नारियल दक्षिण भारत में उपजता है? 

 

·       कांग्रेस आखिर किसी साउथ और नार्थ इंडिया की बात कर रही है?

 

·       क्या कांग्रेस को मालूम है कि आजादी के आंदोलन में अग्रणी भूमिका निभाने वाले सी राजगोपालाचारी और के कामराज जी कहां के थे? ये लोग दक्षिण भारत के रहने वाले थे। पूर्व राष्ट्रपति और महान चिंतक सर्वपल्ली राधाकृष्णन कहां के रहने वाले थे? क्या कांग्रेस पार्टी अपना अतीत भी भूल गयी है?

 

·       क्या कांग्रेस पार्टी को मालूम है कि स्वामी विवेकानंद को महाज्ञान कन्याकुमारी में मिला था, जो सुदूर दक्षिण में है? हजारों साल पुराना महाबलीपुरम कहां है?

 

ऐसा महसूस किया जा रहा था कि कांग्रेस अध्यक्ष और गांधी परिवार के लोग उनसे माफी मंगवाने के बाद ही सीएम के शपथ ग्रहण समारोह में जाएंगे, क्योंकि रेवंत रेड्डी जी का वीडियो उनके शपथ लेने से पहले ही आ गया था, किन्तु ऐसा कुछ नहीं हुआ। कांग्रेस और उसके प्रथम परिवार के सदस्य कभी सेना पर अनाप-शनाप बोलते हैं, तो कभी उत्तर और दक्षिण में भेदभाव की राजनीति करते हैं।  

 

श्री प्रसाद ने कहा कि भारत की अध्यक्षता में दिल्ली में सम्पन्न हुई “जी-20” की बैठक में दो महत्वपूर्ण प्रतीक चिन्ह लगाए गए थे, उसमें एक था- कोणार्क सूर्य मंदिर का चक्र और दूसरा- बिहार में अवस्थित हजारों साल पुराने ज्ञान का मंदिर नालंदा विश्वविद्यालय का अवशेष। नालंदा विश्वविद्यालय उस काल में दुनिया में विशिष्ट विश्वविद्यालय के रूप में ख्यात था। आश्चर्य होता है कि उस बिहार के सीएम एवं जदयू सुप्रीमो नीतीश कुमार भी कांग्रेस नेता के विभाजनकारी बयान पर खामोश हैं।

 

कांग्रेस नेता और वर्तमान मे तेलंगाना के सीएम रेवंत रेड्डी ने अपने बयान से सीधे तौर पर नीतीश कुमार की जाति के डीएनए पर ही सवाल उठा दिया है, इसके बावजूद नीतीश कुमार चुप क्यों हैं? घमंडिया एलायंस के एक नए मुख्यमंत्री द्वारा बिहार के डीएनए पर सवाल उठाए गए और नीतीश बाबू कुछ नहीं बोल रहे हैं। नीतीश बाबू अपने राजनीतिक स्वार्थ के लिए आखिर कब तक खामोश रहेंगे?

 

हमें गर्व है अपने बिहार की मिट्टी पर. हमें बिहार पर इस बात का भी गर्व है कि भारत के प्रथम राष्ट्रपति डॉ राजेंद्र प्रसाद, महाकवि रामधारी सिंह ‘दिनकर’, महान साहित्यकार रामवृक्ष बेनीपुरी, लोकनायक जयप्रकाश नारायण और महान स्वतंत्रता सेनानी वीर कुंवर सिंह जी की भी जन्मभूमि है. 

 

नीतीश कुमार की चुप्पी पर निशाना साधते हुए श्री प्रसाद ने कहा कि तमिलनाडु के मुख्यमंत्री स्टालिन के पुत्र एवं प्रदेश के मंत्री द्वारा जब सनातन धर्म पर बहुत ही अपत्तिजनक बात कही गयी थी, तब भी घमंडिया गठबंधन के नेता नीतीश कुमार खामोश थे। उस वक्त कांग्रेस नेत्री सोनिया गांधी, राहुल गांधी, प्रियंका वाड्रा और कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे भी चुप्पी साधे रहे। वहीं कांग्रेस अध्यक्ष खरगे जी के पुत्र द्वारा उस विवादित बयान में आग में घी डालने का काम किया था। देश की एकता एवं अखंडता को तोड़ने की कोशिश की जा रही है, तब भी कांग्रेस सहित घमंडिया गठबंधन के नेता खामोश हैं। यह बहुत ही पीड़ादायक है।

 

तेलंगाना के आईएएस और आईपीएस कैडर में बहुत सारे अधिकारी बिहार मूल के हैं। मुख्यमंत्री बनने के बाद रेवंत रेड्डी को बिहार मूल के अधिकारियों की कार्य क्षमता के बारे में मालूम पड़ जाएगा।

“आर्म्स फ्लैग डे” को याद करते हुए श्री प्रसाद ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी ने आज आर्म्स फ्लैग डे पर सेना के अधिकारियों एवं जवानों की शहादत को याद कर नमन किया है। भारतीय जनता पार्टी भी देश की सेना के सम्मान में उन्हें नमन करती है। भारतीय जनता पार्टी देश के सैनिकों के त्याग और बलिदान को प्रणाम करती है और उनके सम्मान में हमेशा संकल्पित रहेगी।

 

कांग्रेस के शासन काल में बोफोर्स से लेकर सैन्य डील में घपले-घोटाले पर निशाना साधते हुए कहा कि एक समय में देश में डिफेंस डील में घोटाले और भ्रष्टाचार की खूब चर्चा होती थी। देश में जो पहला घोटाला हुआ था, वह डिफेंस जीप स्कैंडल था। कांग्रेस के शासन काल के दौरान हुए बोफर्स, सबमरीन डील, अगस्टा हेलीकाप्टर, आदि घोटाले के बारे में देश भर में चर्चा होती रही है। कांग्रेस के शासन काल में रक्षा खरीददारी में कमीशन और घोटाले होते थे, दूसरी ओर प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार में सैनिकों को बुलेट प्रूफ जैकेट, सैनिकों के लिए साजो-सामान और वन रैंक वन पेंशन दिए गए। पिछले नौ साल में किसी भी डिफेंस डील में भ्रष्टाचार नहीं हुआ है। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी जिस तेजस फाइटर प्लेन में उड़े, वह तेजस मेड इन इंडिया है। इससे दुनिया को संदेश गया कि भारत में स्वदेशी उपकरण बन रहे हैं, जिसमें तेजस हाई क्वालिटी फाइटर प्लेन भी है।

 

*******************

 

 

 

To Write Comment Please लॉगिन