Salient points of speech of Hon'ble PM Shri Narendra Modi ji while interacting with voters of Rampur, Budaun & Sambhal (U.P.) via Jan-Chaupal karyakram virtually


द्वारा श्री नरेंद्र मोदी -
08-02-2022
Press Release

 

 

आदरणीय प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी द्वारा जन-चौपाल कार्यक्रम के माध्यम से उत्तर प्रदेश के रामपुर, बदायूं और संभल के मतदाताओं के साथ किये गए संवाद के मुख्य बिंदु

 

माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी ने आज मंगलवार को जन-चौपाल कार्यक्रम के माध्यम से रामपुर, बदायूं और संभल की 15 विधानसभा क्षेत्रों के मतदाताओं के साथ संवाद किया और उत्तर प्रदेश की जनता से एक बार फिर भारी बहुमत से योगी आदित्यनाथ जी की सरकार बनाने का आह्वान किया। रैली का संचालन लखनऊ के वर्चुअल रैली स्टूडियो से किया गया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ गाजियाबाद से रैली में जुड़े।

 

संवाद के मुख्य बिंदु:

 

       उत्तर प्रदेश की जनता काफी समझदार है। यूपी परखता सबको है, लेकिन विश्वास उसी को देता है जो उम्मीदों पर खरा उतरता है। योगी जी सरकार से पहले के अनेक साल विकल्पों की तलाश में रहे, कभी एक को परखा, कभी दूसरे को लेकिन अब यूपी को स्थायित्व का, निरंतरता का विश्वास मिल चुका है। उत्तर प्रदेश का नौजवान प्रगति के लिए आकांक्षी है। यूपी की माताएं-बहनें, शांति के साथ विकास चाहतीं है।

 

       उत्तर प्रदेश की जनता ने देखा है कि जिन्हें पहले मौका दिया, उन्होंने कैसे विश्वासघात किया। किसी ने जातिवाद और भ्र्ष्टाचार को फैलाया, तो किसी ने परिवारवाद, माफियावाद, गुंडाराज और दंगा राज यूपी को दिया।

 

       आज उत्तर प्रदेश भाजपा ने यूपी की आकांक्षा को साकार करने के लिए अगले पांच वर्ष का संकल्प पत्र जारी किया है। गरीब, किसान, युवा को सशक्त करने वाले इस संकल्प पत्र के लिए मैं उत्तर प्रदेश भाजपा को और योगी जी को बधाई देता हूं। यह नए संकल्प बीते पांच सालों की स्थितियों से प्रेरित है। इसमें बीते पांच सालों की निरंतरता भी है। ये संकल्प पत्र उत्तर प्रदेश के लिए एक बड़ी कृषि अर्थव्यवस्था का रोड मैप है।

 

       कुछ लोग, जिन्हें दिन में सपने देखने की आदत है, वो सोच रहे हैं कि पश्चिमी यूपी के लोग बंट जाएंगे। लेकिन उन्हें पता नहीं कि जिन लोगों ने 2014 में उन्हें हराया, जिन लोगों ने 2017 में उन्हें हराया, जिन लोगों ने 2019 में उन्हें हराया, वो अब फिर उन्हें हराने जा रहे हैं।

 

       यूपी ने 2017 से पहले के अनेक साल भी देखे हैं जब वादों के नाम पर सिर्फ धोखा होता था। आज बिजली की बात करने वाले जब सत्ता में थे, तब बिजली के तार कपड़े सुखाने के काम आते थे। आज बदायूं सोलर एनर्जी हब बन रहा है। आज दातागंज का सोलर प्लांट बड़े क्षेत्र को रोशन कर रहा है।

 

       कृषि सिंचाई में जो उपलब्धियां हमने विगत 5 साल में हासिल की है, मुख्यमंत्री सिंचाई योजना उसको विस्तार देगी। सरदार वल्लभभाई पटेल एग्री इंफ्रास्ट्रक्चर मिशन यूपी में छटाई और ग्रेडिंग यूनिट, कोल्ड चैन चेम्बर्स, गोदाम और प्रोसेसिंग सेंटर के इंफ्रास्ट्रक्चर को आधुनिक बनाएगा।

 

       भामाशाह भाव स्थिरता कोष आलू, टमाटर, प्याज उगाने वाले किसानों, विशेष रूप से पश्चिम यूपी के किसानों को बेहतर दाम देने में मदद करेगा।

 

       नई चीनी मिलों के निर्माण, पुरानी मिलों के आधुनिकीकरण के लिए हजारों करोड़ रुपये का मिशन गन्ना किसानों की समृद्धि सुनिश्चित करेगी। पांच साल पहले की तुलना में, अब यूपी में इथेनॉल उत्पादन काफी ज्यादा हो रहा। इस दौरान लगभग 12 हजार करोड़ रुपये का इथेनॉल गन्ना किसानों से खरीदा गया है। आज यूपी के कोने-कोने में बायोफ्यूल बनाने वाली फैक्ट्रियां लगाई जा रही हैं।

 

       हमारा ट्रैक रिकॉर्ड कचरे से कंचन बनाने का है। उनका ट्रैक रिकॉर्ड कंचन को भी कचरा बनाने का है। यही प्राथमिकताओं का फर्क है। यही 2017 से पहले और आज का फर्क है।

 

       विपक्ष के जो कैंडिडेट हैं, वो या तो हिस्ट्रीशीटर हैं या फिर दंगावादी हैं। मैं सभी मतदाताओं से कहूंगा कि वोट डालने से पहले इनकी करतूतों को कभी भी मत भूलना। इनको गलती से भी मौका मिल गया तो, फिर खेत लहुलुहान होंगे, फिर दुकानें जलेंगी, फिर डर और खौफ का वो काल लौटेगा।

 

       इतने दशकों तक हमारी मुस्लिम बहनों को तीन तलाक जैसी कुरीति में जकड़ कर रखा गया था। अब मुस्लिम बहनों के विरुद्ध ऐसे कदम उठाने वाले सौ बार सोचते हैं। मुस्लिम बहनों को सुरक्षा का एहसास हुआ है।

 

       जिन नकली समाजवादियों ने दलितों की ज़मीन पर कब्ज़े किए उनको आज वोट के लिए बाबा साहेब आंबेडकर याद रहे हैं। लेकिन इन लोगों की सच्चाई ये है कि ये लोग भूमाफिया को टिकट दे रहे हैं। ये लोग बाबा साहेब का अपमान करने वालों को टिकट दे रहे हैं।

 

       यूपी में जब माफियावादी सरकार थी, तो हर खाली प्लॉट पर उनके कार्यकर्ता अपना झंडा गाड़ देते थे। यही नहीं, अगर गरीब, दलित, पिछड़े परिवार के लोग रोज़ी-रोटी के लिए दूसरे राज्य जाते थे, उनको यही चिंता रहती थी कहीं उनके घर पर कोई कब्ज़ा ना कर ले।

 

       केंद्र सरकार द्वारा पीएम स्वामित्व योजना से गांव के घरों, गांव की संपत्ति के कानूनी दस्तावेज़ दिए जा रहे हैं, घरौनी दी जा रही है। यूपी तो इसमें बहुत प्रशंसनीय काम कर रहा है। अब जब ये दस्तावेज़ आपके पास रहेगा तो कोई भी अवैध कब्ज़ा नहीं कर पाएगा।

 

       योगी जी के बुल्डोज़र से तो वैसे ही भू-माफिया बेचैन हैं। रामपुर वाले तो इस बेचैनी के साक्षी भी रहे हैं। जब तक योगी सरकार है, ये माफिया कभी यूपी के लोगों को परेशान नहीं कर सकते। हमारे गरीब, दलित, पिछड़ों की ये सरकार, माफिया से सुरक्षा का कवच है।

 

       याद रखिए, दबंगों और दंगाइयों से मुक्ति भाजपा का सबसे बड़ा कमिटमेंट है। हमें शांति, भाईचारा, एकता चाहिए, हमें हमारे बेटे-बेटियों का उज्जवल भविष्य चाहिए। आपका एक-एक वोट यूपी को दंगा मुक्त रखेगा।

 

महेंद्र कुमार

(कार्यालय सचिव)

 

To Write Comment Please लॉगिन